: आगरा की सड़कों के नहीं बदले हालात, रविवार को तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो को पीछे से मारी टक्कर
Mon, Dec 4, 2023
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में शनिवार को नेशनल हाइवे पर गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने हादसे में आटो चालक समेत छह की मौत हो गई। रात पुलिस ने अपनी खामियों को रफू करते हुए कुछ ही देर में 200 आटो से ड्राइवर के बगल लगी सीट उतरवाई और 100 से ज्यादा ऑटो के चालान और दस वाहन सीज किए। बता दें मंडी समिति से लेकर रूनकता तक रामबाग, सुल्तानगंज पुलिया, वाटरवर्क्स, खंदारी, भगवान टाकीज, गुरुद्वारा गुरु का ताल, सिकंदरा, आईएसबीटी, सब्जी मंडी समेत एक दर्जन से अधिक चौराहों पर पुलिस की तैनाती रहती है। इसके बावजूद हर चौराहे पर आटो और डग्गामार वाहन सड़क घेरकर सवारी भरते हैं और पुलिस की आंखों के सामने ओवरलोड होने के साथ जाम का कारण भी बनते हैं।
दिगनेर का रहने वाला इंटरमीडिएट का छात्र तरुण ठाकुर घर से रोहता के लिए जा रहा था। नहर के पास उसे कंटेनर चालक ने टक्कर मार दी। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए स्वजन ने रास्ता जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने समझा कर उन्हें शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वही हरिपर्वत चौराहा एमजी पर रेड लाइट होने के बाद भी ई-रिक्शा वाले ने रोड क्रॉस कर रहे पुलिस कर्मी को अपनी चपेट में ले लिया जबकि थाना हरीपर्वत सामने ही है और कई होमगाड खड़े नजर आएंगे लेकिन शायद उन्हें खड़े होने की सैलरी मिलती है।
हादसों के बाद जिम्मेदार किस तरह कागजी सबक लेते हैं। इसकी रवानगी रविवार को आगरा-दिल्ली हाइवे पर देखने को मिली। जिस मार्ग पर शनिवार को दो हादसों में सात लोगों ने जान गवां दी, वहां आटो, बैटरी रिक्शा और डग्गेमार वाहन मानक से दोगुनी सवारियां लेकर आवागमन करते नजर आए। रामबाग चौराहे पर ट्रक की टक्कर से लोडिंग टेंपो में बैठा युवक घायल हो गया और ताजगंज के दिगनेर में कैंटर की टक्कर से घायल छात्र की मृत्यु हो गई। आपको बता दें रामबाग पर लोडिंग टेंपो सवारियों को बैठा कर धड़ल्ले से गाड़ी दौड़ा रहा था। पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में बैठा एक युवक घायल हो गया। डंपर चालक ने गाड़ी दौड़ाई और आगे एक कार को टक्कर मार दी। रामबाग पुल के पास पुलिस ने उसे पकड़ लिया। हालांकि इसके बाद भी डग्गामार वाहन पूर्ववत घूमते दिखाई दिए।
सड़क पर पैदल खड़ा हर व्यक्ति इन्हें सवारी नजर आता है। पीछे से आ रहे वाहनों को देखे बिना ही इनका हैंडल सवारी की ओर मुड़ जाता है अब पीछे वाला अगर खुद ब्रेक लगा ले तो ठीक वरना अगर हादसा हुआ तो कुछ ही देर में इनके साथी चालक इकट्ठा हो जाते हैं और उल्टा पीड़ित से ही वसूली की जाती है।
: आटो का सफर जानलेवा नहीं, इनके पीछे चलना भी खतरनाक!!!
Mon, Dec 4, 2023
आगरा। गुरुद्वारा गुरु का ताल पर हुए हादसे के बाद पुलिस ने रात में अभियान चलाया, लेकिन सुबह फिर से सब कुछ पुराने ढर्रे पर चलता दिखाई दिया। आटो और डग्गामार वाहनों में मनमाने तरीके से सवारी ढोई जा रही हैं।
आज सुबह से ही पहले की तरह आटो वाले मानकों को दरकिनार कर सात-सात सवारी बिठाते हुए दिखाई दिये।
आपको बता दें आगरा में आटो चालकों की मनमानी से सभी वाकिफ हैं। आटो चालक एक बार में 7 से 8 सवारी लेकर चलते हैं। नियम में तो पीछे तीन सवारी बैठ सकती हैं लेकिन आगरा में आटो चालक पीछे चार सवारी और आगे आटो चालक के साथ तीन सवारियां और बैठती हैं। आगे बैठने वाली सवारियां अक्सर लटकी हुई होती हैं लेकिन आटो चालक इतने से कम सवारियां लेकर आगे बढ़ते नहीं है। रामबाग चौराहा हो या फिर टेढ़ी बगिया, भगवान टाकीज चौराहा हो या फिर सिकंदरा चौराहा, हर जगह आटो चालकों की यही स्थिति है। एमजी रोड पर आटो प्रतिबंधित हैं लेकिन यहां ई-रिक्शा चालकों की भी यही स्थिति है।
आगरा के अंदर आटो में सफर करना ही जानलेवा नहीं होता बल्कि इनके पीछे चलना भी खतरनाक होता है। हाइवे हो या फिर मुख्य मार्ग, आटो चालक जिस हिसाब से चलते हैं वह काफी जोखिमभरा होता है। सवारियों का हाथ मिलते ही आटो चालक बिना कुछ सोचे समझे अपने आटो को मोड़ देते हैं, ऐसे में इनके पीछे चलने वाला अन्य वाहन चालक, खासकर दोपहिया वाहन चालक अपना बैलेंस खो देते हैं। ऐसा नजारा आपको हर जगह हर रास्ते पर देखने को मिल जाएगा. चौराहे को क्रॉस करने में भी ये तेजी दिखाते हैं। इसके अलावा चौराहों पर कहीं पर भी आटो को खड़ा कर देते हैं। आगरा के कई चौराहे ऐसे हैं जहां आटो का जमघर आड़ा तिरछा लगा रहता है। खासकर रामबाग चौराहा, भगवान टाकीज चौराहा, सिकंदरा और रुनकता चौराहा, हाइवे के इन चौराहों पर आटो चालक बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं। इससे जाम की भी स्थिति पैदा होती है।
यातायात पुलिस द्वारा लगातार अभियान भी चलाया जाता है लेकिन कुछ दिनों बाद वही स्थिति हो जाती है। वहीं ई रिक्शा चालकों की भी अपनी अलग स्थिति है। न इंडीकेटर होता है और न ही स्पीड पर नियंत्रण। कहीं भी कभी भी सवारी मिलते ही ये भी रुक जाते हैं।
रिपोर्ट-प्रमोद कुशवाहा
: विद्यालय बना भैंसों का तबेला, तबेले को कब्जा मुक्त कराने के लिए सौंपे ज्ञापन
Sun, Dec 3, 2023
आगरा। आगरा जनपद के गाँव कराई में शहीद कौशल किशोर रावत जूनियर विद्यालय की बाउंड्री तोड़कर भैसों का तबेला बनाकर विद्यालय की जमीन पर अनैतिक रूप से कब्जा कर लिया गया है। भैंसों का तबेला बनने से गंदगी का अंबार लगा हुआ है। बच्चों में गंभीर बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है, जिसके कारण बच्चों के परिजन बच्चों को स्कूल भेजने से भी कतरा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि अगर यही आलम रहा तो यह विद्यालय बंद होने की कगार पर पहुंच जाएगा। जिसको लेकर बसपा नेता वीरेंद्र जौनवार ने तहसील दिवस पर सदर तहसील में जिलाधिकारी महोदय को सरकारी जूनियर स्कूल को कब्जा मुक्त कराने के लिए एक ज्ञापन सोपा है जिसमें बसपा नेता ने चेतावनी दी है अगर विद्यालय कब्जा मुक्त नहीं हुआ तो सरकारी विद्यालय के सामने एक सप्ताह बाद भूख हड़ताल पर बैठेंगें।
ज्ञापन को संज्ञान में लेते हुए तहसील दिवस पर एसडीएम ने बसपा नेता को आश्वस्त करते हुए कहा है कि विद्यालय को शीघ्र ही कब्जा मुक्त कराया जाएगा
रिपोर्ट-प्रमोद कुशवाहा