: लॉयंस क्लब आफ विशाल का 21वां आई कैंप संपन्न, मोतियाबिंद के हुए 100 सफल आपरेशन
Thu, Mar 14, 2024
नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ असीम अग्रवाल का लॉयंस क्लब आफ आगरा विशाल ने किया सम्मान
800 से अधिक मरीजों का किया निशुल्क इलाज, इस वर्ष रखा 125 से अधिक आपरेशन का लक्ष्य
डॉ असीम अग्रवाल बोले, 20 से 30 वर्ष की आयु में भी हो रही मोतियाबिंद की परेशानी
आगरा। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में लगातार मिसाल कायम करते जा रहे लॉयन्स क्लब आफ आगरा विशाल ने 21 वें निःशुल्क नेत्र रोग चिकित्सा शिविर का समापन किया। पूरे वर्ष के इस शिविर का लाभ 800 से अधिक मरीजों को मिला और मोतियाबिंद के 100 सफल आपरेशन किये गए।
गुरुवार को गांधी नगर स्थित उदपि रेस्टोरेंट में लॉयंस क्लब आफ आगरा विशाल ने नेत्र रोग चिकित्सा शिविर का समापन समारोह आयोजित किया। दीप प्रज्जवलन एवं गणेश वंदना के साथ समारोह आरंभ हुआ। पूरे वर्ष के शिविर में अतुलनीय सहयोग के लिए डॉ असीम अग्रवाल का सम्मान किया गया।
अध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल ने बताया कि क्लब द्वारा गरीबों और असहायों को निःशुल्क चिकित्सकीय सेवाएं मुहैया कराई जाती हैं। इसी क्रम में पूरे वर्ष क्लब के संपर्क में आने वाले जरूरतमंद नेत्र रोगियों का निःशुल्क इलाज डॉ असीम अग्रवाल द्वारा किया जाता है। वर्ष 2023− 24 में 800 से अधिक मरीजों को डॉ असीम अग्रवाल के पास भेजा गया था जिनमें से 100 मरीजों के मोतियाबिंद के सफल आपरेशन हुए।
सचिव एवं शिविर संयोजक राकेश अग्रवाल ने कहा कि शिविर हर वर्ष अधिक संख्या में मरीजों को लाभ दे रहा है। वर्ष 2024−25 के लिए 125 से अधिक मोतियाबिंद के आपरेशन करवाने का लक्ष्य रखा गया है। वरिष्ठ सदस्य अजय बंसल ने कहा कि वर्ष 2024−25 का सेवा प्रकल्प भी आरंभ हो चुका है। प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक संख्या में मरीजों तक चिकित्सकीय सेवाएं पहुंच सकें।
क्लब के अध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल, सचिव राकेश अग्रवाल, अजय बंसल, सुनील अग्रवाल, चंदर माहेश्वरी द्वारा डॉ असीम अग्रवाल को स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रमोद अग्रवाल, शिवकुमार अग्रवाल, विष्णु गोयल, कांता माहेश्वरी, अंजू अग्रवाल, सुशील कपूर आदि उपस्थित रहे।
भ्रम में न रहें, 20-30 वर्ष की आयु में भी हो रहा मोतियाबिंदः डॉ असीम अग्रवाल
सम्मान समारोह में डॉ असीम अग्रवाल ने बताया कि मोतियाबिंद की परेशानी को कुछ समय पहले तक बुजुर्गावस्था की परेशानी माना जाता था। किंतु अब उम्र के मानक बदल चुके हैं। वर्तमान में मोतियाबिंद की परेशानी 20 से 30 वर्ष तक की आयु में भी शिकार बना रही है। उन्होंने इसके पीछे बड़ा कारण डायबिटीज के साथ ही खराब दिनचर्या, कम्प्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल का अत्याधिक प्रयोग, प्रकृति से दूरी, प्रदूषण और तनाव बताया। उन्होंने ये भी बताया कि मोतियाबिंद के आपरेशन के बाद आवश्यक नहीं है कि चश्मा हट ही जाएगा। बहुत बार मोतियाबिंद के आपरेशन के बाद भी आंखों की रोशनी पूरी तरह से नहीं लौटती। आपरेशन के बाद चश्मा अवश्य ही लगाना चाहिए। वहीं कई बार कमजोर पर्दे और नसों के कारण रोशनी पूरी नहीं आती। इसलिए समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेते रहना चाहिए।
: 15 को श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा में बिखरेगा आस्था का रंग, देशभर से आएंगे कलाकार, पुणे का बैंड होगा आकर्षण
Wed, Mar 13, 2024
श्री खाटू श्याम जी मंदिर में चल रही श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा की जोर शोर से तैयारी
15 मार्च को श्रीमनः कामेश्वर मंदिर से आरंभ होगी शोभायात्रा, जीवनी मंडी पर होगा विश्राम
खाटू श्याम मंदिर परिसर में कोलकाता के कारीगर तैयार कर रहे बाबा का भव्य डोला
उज्जैन का शिव गर्जना बैंड देगा शोभायात्रा में विशेष प्रस्तुति, रंगों की होगी आतिशबाजी भी
आगरा। रंग और उमंग का माह फाग आ चुका है और इसी के साथ अवसर आ गया है श्याम प्रेमियों के लिए श्रीश्याम बाबा की भक्ति से परिपूर्ण होने का। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी दस दिवसीय श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा की तैयारियां अपनी पूर्णता की ओर है। 15 मार्च को दोपहर 12 बजे श्रीमनः कामेश्वर मंदिर से श्रीखाटू श्याम बाबा की दिव्य और भव्य शोभायात्रा नव्य उत्साह के साथ आरंभ होगी। यात्रा का विश्राम जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पर होगा। कोलकाता से आये कारीगर शोभायात्रा में निकाले जाने वाले बाबा के डोले को आकर्षक रूप प्रदान कर रहे हैं।
श्रीखाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी परिसर में श्रीश्याम फाल्गुन शाेभायात्रा में शामिल होने वाले बाबा के डोले काे अंतिम रूप देते कोलकाता के कारीगर।
शोभायात्रा संयोजक अजय गर्ग “अवागढ़” ने बताया कि श्री खाटू श्याम बाबा के आशीर्वाद और प्रेरणा से सभी श्याम प्रेमी अपने-अपने स्तर से शोभायात्रा को सुशोभित करने का प्रयास कर रहे हैं। शोभायात्रा में हजारों निशान और कलश जहां सनातन धर्म की पताका को लहराएंगे तो वहीं पुणे का बैंड, उज्जैन और जापान में अपनी प्रस्तुति दे चुका शिव गर्जना बैंड, विश्व विख्यात श्याम बैंड वाद्य यंत्रों से अपनी प्रस्तुतियां देगा।
आगरा का सुधीर बैंड 100 से अधिक कलाकारों के साथ विशेष प्रस्तुति देगा तो 12 अन्य बैंड भी शोभायात्रा को अपनी मधुर धुन से भक्तिमय वातावरण प्रदान करेंगे। मंदिर में बाबा का विशेष मेवा श्रंगार कोलकाता के कलाकारों द्वारा किया जाएगा। मेला संयोजक अजय अवागढ़ ने बताया कि शोभायात्रा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 व्यवस्था प्रमुख बनाए गए हैं, जिनके साथ 21− 21 लोगों का दल रहेगा।
काली का अखाड़ा और विशाल नंदी होंगे आकर्षण
श्रीखाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने जानकारी दी कि शोभायात्रा में काली का अखाड़ा, बाहुबली हनुमान जी के साथ वानर सेना, करीब 8 बाइ 14 फुट के विशाल नंदी शिव बारात में जब चलेंगे तो हर कोई हतप्रभ हो देखता रह जाएगा। शिव बारात में 11 अघोरी भी सम्मलित होंगे। श्रीमनः कामेश्वर मंदिर, बिहारी जी, श्रीगिर्राज जी, भैरव नाथ, कैलादेवी आदि की विशेष झांकियां शोभायात्रा में होंगी।
मार्ग में होगी इत्र और हर्बल गुलाल की वर्षा
सचिव संजय अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा का सम्पूर्ण मार्ग में भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसके लिए विशेष तैयारियां अभी से चल रही हैं। सामाजिक और व्यापारिक संगठन शोभायात्रा में सम्मलित होते हुए विभिन्न स्थानों पर स्वागत एवं आरती करेंगे। जीवनी मंडी चैराहा पर मातंगी ग्रुप द्वारा भव्य स्वागत होगा, जिसमें गुलाल की आतिशबाजी, कलाकारों की प्रस्तुति भी होगी। पूरे मार्ग में इत्र और हर्बल गुलाल की वर्षा की जाएगी। साथ ही प्रसाद का वितरण होगा। ढोल नगाड़े और ताशे के साथ उंट, घोड़े बग्घी भी शोभायात्रा में चलेगी।
हजारों निशान चलेंगे साथ
कोषाध्यक्ष विकास गोयल ने जानकारी दी कि शोभायात्रा में हजारों निशान लेकर श्याम प्रेम चलेंगे। बेलनगंज से विशाल कलश यात्रा में पीत परिधानों को धारण कर हजारों महिलाएं सम्मलित होंगी। शोभायात्रा विश्राम पर शंखनाद के साथ महाआरती होगी। श्रीश्याम सेवक परिवार द्वारा सेवा का डोला भी निकाला जाएगा।
दिया जा रहा द्वार-द्वार जाकर निमंत्रण
श्रीश्याम फाल्गुन शोभायात्रा का निमंत्रण सोशल मीडिया के दौर में भी व्यक्तिगत रूप से दिया जा रहा है। जहां पहुंचना संभव नहीं है वहां आत्मीयता से परिपूर्ण निमंत्रण को सोशल मीडिया के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है।