: श्वास रोगी डॉक्टर की सलाह पर सही से लें इन्हेलर
Thu, Oct 24, 2024
एसएन मेडिकल कॉलेज में रेस्पिरेटरी मेडिसिन के पीजी छात्रों के लिए आयोजित हुई प्रतियोगिता
प्रदेश के सरकारी व प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों को छात्रों ने किया प्रतिभाग
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज में नई सर्जीकल बिल्डिग के प्रथम तल पर स्थित एमआरयू ऑडिटोरियम में बुधवार को रेस्पिरेटरी मेडिसिन के विद्यार्थियों के लिये एक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 सरकारी एवं प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों के कुल 37 पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ एसएन मेडिकज के प्रधानाचार्य डा. प्रशांत गुप्ता द्वारा किय गया। अपने प्रोत्साहन भाषण में प्रतिभागियों को सम्बोधित करते हुये, उन्होंने क्षय एवं श्वास रोगों के मरीजों के उपचार के लिये आधुनिक तरीकों के साथ पारम्परिक चिकित्सा विज्ञान के मूल मंत्रों को उपयोग करने हेतु छात्रों को प्रेरित किया। यह प्रतियोगिता नेशनल कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजिसियन्स (इण्डिया) के द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की पल्मोनरी मेडिसिन की प्रतियोगिता है जो इस वर्ष नवम्बर, 2024 में कोयम्बटूर में आयोजित होनी है, की स्क्रीनिंग के लिये थी।
रेस्पिरेटरी मेडिसिन के विभागाध्यक्ष एवं नेशनल कॉलेज ऑफ चेस्ट फिजिसियन्स (इण्डिया) के गवर्निंग काउंसिल के सदस्य डा. गजेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता के बाद प्रथम दो विजेताओं को राष्टीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का मौका मिलता है। डा. सिंह ने बताया कि इस वर्ष एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा को यह प्रतियोगिता आयोजित करने का पहली बार मौका मिला है, जिसमें प्रदेश में अब तक आयोजित प्रतियोगितायों में सार्वाधिक 37 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
आचार्य डा. सन्तोष कुमार द्वारा इस अवसर पर श्वास रोगियों द्वारा सही से इनहेलर लेने पर प्रकाश डाला गया। सह-आचार्य डा. वीएन सिंह द्वारा अस्थमा के बारे में वैज्ञानिक तथ्य प्रस्तुत किये गये। इस प्रतियोगिता में किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के छात्र डा. अभिषेक शुक्ला तथा एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा के रेस्पिरेटरी मेडिसिन की डा. दिव्या त्यागी ने क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता के सफल संचालन में विभाग के सीनियर रेजीडेंट डा. अरविन्द एवं डा. अर्पित ने विशेष योगदान दिया।
: यूपी वेडिंग का दीपावली उत्सव 26 को, होगा राम बारात- जनकपुरी में बैंड और सजावट के सहयोगियों का सम्मान
Mon, Oct 21, 2024
यूपी वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन करेगी अनूठी पहल, दीपावली उत्सव में होगी डेस्टिनेशन वेडिंग पर चर्चा
दीपावली उत्सव के पोस्टर विमोचन संग आने वाले सहालग को लेकर वैवाहिक उद्यमियों ने कसी कमर
आतिथ्य सत्कार में नहीं छोड़ेंगे कसर, वैवाहिक आयोजन की स्मृतियों को बनाएंगे विशेष यादगार
आगरा। भौगोलिक एवं एतिहासिक नजरिये से आगरा आज डेस्टिनेशन वेडिंग का सबसे उपयुक्त स्थल बन चुका है। अब इस स्थल को आतिथ्य सत्कार की दृष्टि से भी अविस्मरणीय बनाना है। आने वाले सहालग के सीजन को देखते हुए यूपी वेडिंग इंडस्ट्री एसोसएिशन ने कमर कस ली है। इस विचार पर काम करते हुए सोमवार को फतेहबाद रोड स्थित होटल ग्रांड मर्क्योर में यूपी वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की कार्यकारिणी बैठक एवं दीपावली उत्सव का पोस्टर विमोचन समारोह आयोजित किया गया।
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने बताया कि आगामी 26 अक्टूबर को फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रांड मर्क्योर के कंवेंशन सेंटर पर वेडिंग डेस्टिनेशन को प्रदेश में बढ़ावा देने हेतु विचारशाला, दीपावली उत्सव संग सम्मान समारोह आयोजित होगा। आयोजन के प्रथम सत्र में प्रदेश में बढ़ रही वेडिंग डेस्टिनेशन की संभावनाओं को और अधिक रफ्तार देने हेतु विचार रखे जाएंगे। दूसरे सत्र में उत्तर भारत की सबसे भव्य राम बरात एवं जनकपुरी आयोजन में प्रमुख भूमिका निभाने वाले 11 से अधिक बैंड, सजावट, साउंड आदि उद्यमियों का सम्मान किया जाएगा।
महासचिव संदीप उपाध्याय ने बताया कि आगरा में स्थानीय वैवाहिक समारोह के साथ डेस्टिनेशन वैवाहिक समारोह भी तेजी से बढ़ रहे हैं। आतिथ्य सत्कार की दृष्टि से वैवाहिक उद्योग से जुड़े उद्यमी और अधिक क्या कर सकते हैं इसकी संभावनाएं विचारशाला में तलाशी जाएंगी। दीपावली उत्सव के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। आयोजन में आगरा समेत आसपास के जनपदों के वैवाहिक उद्योग से जुड़े उद्यमियों की बड़ी संख्या में सहभागित रहेगी।
पोस्टर विमोचन समारोह के बाद वैवाहिक उद्योग से जुड़े उद्यमियों ने नवंबर, दिसंबर, जनवरी एवं फरवरी के सहालग सीजन के लिए कमर कसी। सभी ने विचार किया कि इस सीजन को अतिथियों के लिए इतना अधिक अविस्मरणीय बनाया जाए कि लोग अन्य प्रदेशों के स्थान पर उत्तर प्रदेश और विशेषकर आगरा को ही अपने जीवन की अमूल्य यादों की लिए चुनें।
अतिथि देवो भवः की पंक्ति के प्रति संकल्पित होते हुए पोस्टर विमोचन समारोह में होटल के जनरल मैनेजर विवेक महाजन, बनी सिंह, आशीष बंसल, मनोज शर्मा, अमन कपूर, भूपेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, यश भगत, हिना चावला, आशीष बंसल, मुकेश शुक्ला, अभिषेक कुमार, मनीष अग्रवाल, विमल गोयल, शिखा जैन, सी पी. शर्मा, रोहित राजपूत, विनोद चैधरी, मनीष सिंघल, प्रशांत चतुर्वेदी, जतिन बाधवा, गप्पू शर्मा, आशीष दुबे आदि उपस्थित रहे।
: श्रीकृष्ण लीला महिला उत्थान समिति ने किया 75 और बेटियों को आत्मनिर्भर
Mon, Oct 21, 2024
विगत नौ वर्षाें से चल रहा सिलाई, कढ़ाई एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण शिविर कार्यक्रम
2015 में आरंभ हुआ था प्रशिक्षण केंद्र, जल्द आरंभ होंगे स्वावलंबन के नये कोर्स
आगरा। कमला नगर स्थित श्रीकृष्ण लीला समिति द्वारा संचालित श्रीकृष्ण लीला महिला उत्थान समिति सिलाई, कढ़ाई एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण केंद्र पर 75 बेटियों को प्रमाण पत्र वितरित किये गए।
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष श्रीकृष्ण लीला समिति को शताब्दी वर्ष पूरा हो रहा है। 1924 से लगातार श्रीकृष्ण लीला का मंचन गौशाला, बल्केश्वर में किया जा रहा है। इसके इसके अंतर्गत श्रीकृष्ण लीला महिला उत्थान समिति का गठन 2013 में किया गया था। 2015 में 40 दानदाताओं के सहयोग से कमला नगर स्थित भवन में महिला एवं बालिकाओं के लिए निःशुल्क स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की गयी। अब तक हजारों बेटियों केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त की आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हर महिला के हाथ में हुनर होता है, बस आवश्यकता उसे निखार कर आत्मविश्वास के साथ आत्मनिर्भर बनने के प्रोत्साहन की होती है। श्रीकृष्ण लीला महिला उत्थान समिति यही कार्य कर रही है।
महामंत्री विजय रोहतगी ने बताया कि विगत नौ वर्षों से अब तक हजारों बेटियों को रोजगार का लाभ शिविर के माध्यम से मिल चुका है। छह माह के सिलाई, कढ़ाई एवं कम्प्यूटर कोर्स के बाद प्रमाण पत्र वितरित किये जाते हैं। प्रमाणपत्रों के आधार पर कहीं भी रोजगार या व्यवसाय आरंभ करने में प्राथमिकता मिलती है। आने वाले समय में और नये कार्स आरंभ किये जाएंगे ताकि महिलाएं सशक्त हो सकें।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष अशोक गोयल, संयोजक शेखर गोयल, आदर्श नंदन गुप्त, मुन्ना लाल गुप्ता, विष्णुअग्रवाल राधे राधे, बृजेश अग्रवाल, अनूप गोयल, शिक्षिका सीमा सिंह और खुशबू विरला आदि उपस्थित रहे।