: सरदार भगत सिंह शहीद स्मारक समिति ने किया शहीदों को नमन
Sun, Apr 13, 2025
आगरा। आगरा के संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर जलियाँवाले बाग मे 1919 को आज ही के दिन हुये सैकड़ों शहीदों को श्रद्धांजलि दी गयी। ठा0 राम सिंह वाचनालय में शहीदों की वेदी पर पुष्पाँजलि अर्पित की गयी और विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष डॉ यू सी गर्ग ने की। डॉ शशि तिवारी, डॉ पी एस कुशवाह, किसान नेता भारत सिंह, लाल तोमर, महिलानेत्री किरन सिंह, सिविल सोसाइटी के अनिल शर्मा आदि ने अपने विचार व्यक्त किये। डॉ निखिल चतुर्वेदी, शरद गुप्त, विशाल रियाज सहित नगर के अनेक गण्यमान्य नागरिकों एवं युवाओं ने उपस्थिति दर्ज की।
वक्ताओं ने बताया कि आज हम भारत के संविधान और गंगा जमुनी संस्कृति को ताक पर रख यदि हिन्दू मुस्लिम या जाति पन्ति की राजनीति करते हैं तो यह शहीदों के बलिदान को भुला देने और उनका अपमान करने जैसा अपराध होगा। सभा का संचालन समिति के सचिव राम नाथ द्वारा किया गया।
: ताज लिटरेचर क्लब ने किया साहित्यिक समारोह का आयोजन
Sun, Apr 13, 2025
आगरा। कला, साहित्य और संस्कृति को समर्पित संस्था ताज लिटरेचर क्लब (रजिस्टर्ड ) द्वारा आगरा पब्लिक स्कूल सभागार, विजय नगर कालोनी आगरा पर एक भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें आगरा के साहित्यिक जगत के सुप्रसिद्ध साहित्यकार, लेखक और कवियों ने भाग लिया। वर्ष 2025 की यह ताज लिटरेचर क्लब द्वारा आयोजित चौथी काव्य संध्या है। इस साहित्यिक समारोह में बढ़-चढ़कर साहित्यकारों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद आगरा प्रो. एस पी सिंह बघेल, विशिष्ट अतिथि श्रुति सिंघल, डॉक्टर अशोक विज, आर के सचदेवा, डॉक्टर राजेंद्र मिलन, महेश चंद्र शर्मा, राजकुमार शर्मा द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। तदुपरात कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ कवि राम वर्मा श्याम द्वारा सरस्वती वदना से किया गया।
संस्थापिका भावना वरदान शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्वागत भाषण में कहा ताज लिटरेचर क्लब पिछले 10 वर्षों से साहित्यिक समारोह का आयोजन करता रहा है, जिसमें आगरा के हीं नहीं देश भर के सुप्रसिद्ध लेखक और कवि भाग लेते हैं। यह संस्था की अप्रैल बैठक है जिसमें साहित्यिक परिचर्चा और काव्य संध्या का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम का संचालन अनुपम दीक्षित भारद्वाज ने किया।
साहित्य समारोह दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में हिंदी साहित्य पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। जिसकी मुख्य वक्ता राष्ट्र सेविका समिति की महानगर कार्यवाहिका श्रुति सिंघल, सुप्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ एवं कवि डॉ अशोक विज, नम्रता पानेकर, आर के सचदेवा थे। परिचर्चा का विषय था वर्तमान परिदृश्य में साहित्य की स्थिति और भविष्य। साथ ही साहित्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। श्रुति सिंघल ने कहा हिंदी हमारी मातृभाषा है जन-जन की वाणी है। हमें इसे बोलने में हिचकिचाना नहीं चाहिए और इस पर गर्व करना चाहिए। हिंदी साहित्य को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। नवोदय रचना कारों को चाहिए अधिक से अधिक हिंदी में रचनाएं लिखें और सुप्रसिद्ध कवियों को भी पढ़ें।
परिचर्चा के बाद दूसरे चरण का कार्यक्रम था - काव्य संध्या। जिसमें डॉ राजेंद्र मिलन, डॉ शशी गुप्ता, डॉ बृज बिहारी बिरजू, डॉ शेशपाल सिंह, डॉ यशोयश, राज फौजदार, प्रभु दत्त उपाध्याय, जितेंद्र जिद्दी, रामेंद्र शर्मा, यशोधरा, कामेश मिश्रा सनसनी, डॉ आनन्द राय ने काव्य पाठ किया। कवयित्री गायत्री शर्मा जो देहरादून से पधारी थी उन्होंने अपनी भगवान राम और विष्णु पर आधारित कविताओं से श्रोताओं को मंत्र मुक्त कर दिया।
क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वालों का भी सम्मान किया गया जिसमें अर्चना शर्मा, रोहित चौहान, रीता गुप्ता, राजकुमार भारती, टोनी फास्टर, नेहा तोमर, डॉली कपूर, अरूण भारद्वाज उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी ब्रजेश अग्रवाल, सुरेश शर्मा, राकेश लवानिया आदि उपस्थित रहे।
: मातारानी के जयकारों से गूंजा चामुण्डा देवी का मंदिर, भक्ति भाव से हुआ देवी जागरण व 84 भोग का आयोजन
Sun, Apr 13, 2025
आगरा। हर तरफ माता रानी के जयकारे गुंजायमान थे। दर्शन के लिए दूर दराज के क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों की लम्बी कतार थी। फूलों और जगमग रोशनी से मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया। प्राचीन चामुण्डा देवी मंदिर (राजामण्डी स्टेशन स्थित) में आज भक्ति भाव के साथ वार्षिक मेले का आयोजन किया गया। आज मातारानी का विशेष श्रंगार किया गया, जिनके दर्शन को हर भक्त ललाचित था। सुबह 84 भोग और शाम को देवी जागरण का आयोजन किया गया।
प्राचीन मंदिर मां चामुण्डा देवी प्रबंध एवं सेवा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक मेले में आज लाखों श्रृद्धालु मां चामुण्डा के दर्शन को पहुंचे। माता की ज्योत की। भक्ति भाव के साथ पूजन कर आरती की और मनोकामना मांगी। प्रातः मंदिर में 84 भोग व फूल बंगला का आयोजन किया। दिन भर मंदिर परिसर में माता की भेंटे गूंजती रही। देवी जागरण में मुम्बई व दिल्ली के कलाकारों द्वारा गाई गई माता की भेटों पर हर भक्त भक्ति में आनन्दित नजर आया। माता की भेटों का श्रद्धालों ने देर रात तक आनन्द लिया और खूब नृत्य भी किया।
अध्यक्ष चौधरी दरब सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से देर रात तक भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से सचिव विपिन चौधरी, कोषाध्यक्ष विजय दत्त शर्मा, पार्षद विक्रांत सिंह कुशवाह, वीरेन्द्रानन्द ब्रह्मचारी, पुजारी सुरेन्द्र गिरि संजय, लाला, सोनू अशोक, सुशील, दिलीप कुमार, श्यामू, विजय वर्मा, माथुरी, सीमा, पिंकी, पायल, बरखा आदि उपस्थित थे।