: फैशन का फिल्मी अंदाज: बॉलीवुड बिट्स फैशन शो का पोस्टर विमोचन, रीवा अरोड़ा होंगी मुख्य अतिथि
Thu, Jul 31, 2025
आगरा में 21 सितंबर को होगा भव्य आयोजन, दिल्ली-मुंबई से आएंगी मॉडल्स
आगरा। ताज नगरी में ग्लैमर और परंपरा का संगम देखने को मिलेगा जब बॉलीवुड और फैशन की दुनिया एक मंच पर आएंगे। होटल क्लार्क्स शिराज में आयोजित भव्य समारोह में "फैशन का फिल्मी अंदाज – बॉलीवुड बिट्स" सांस्कृतिक फैशन शो का पोस्टर गुरुवार को विमोचित किया गया। यह शो 21 सितंबर 2025 को आयोजित होगा, जिसकी मुख्य अतिथि होंगी प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोड़ा। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में अमित श्री यादव, गौरव वर्मा, एसके गोयल और अमित खत्री विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम संयोजक बॉलीवुड लेखक, निर्माता और निर्देशक अमित श्री यादव ने बताया कि यह शो सिर्फ एक फैशन इवेंट नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा और बॉलीवुड के ग्लैमर का अद्भुत संगम होगा। शो में पारंपरिक परिधानों की सुंदरता देखने को मिलेगी। उन्होंने बताया कि शो के बाद चयनित कुछ प्रतिभागियों को बॉलीवुड की फिल्म के साथ म्यूजिक एल्बम में भी अभिनय करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। यह फैशन शो सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि उभरती प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करने का माध्यम बनेगा।
गौरव वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। शो से पूर्व तीन चरणों में ऑडिशन होंगे, जिनमें देशभर की प्रतिभाएं भाग लेंगी।
एसके गोयल ने कहा कि दिल्ली, मुंबई, गुरुग्राम, चंडीगढ़ और आगरा सहित देश के विभिन्न शहरों से मॉडल्स इस शो में प्रतिभाग करेंगी। युवाओं को मंच देने का यह एक सराहनीय प्रयास होगा।
अमित खत्री ने जानकारी दी कि यह शो न केवल फैशन को बढ़ावा देगा, बल्कि सांस्कृतिक विविधता और भारतीय परिधान की गरिमा को भी दर्शाएगा।
पोस्टर विमोचन अवसर पर कार्यक्रम की सजावट, रंगमंचीय योजना और तकनीकी तैयारियों की भी झलक प्रस्तुत की गई, जिससे आगंतुकों को आने वाले आयोजन की भव्यता का अनुमान लग सका। इस अवसर पर शिखा जैन, कीर्ति शर्मा, अमरेश नाथ, इशिता शर्मा, उर्मिला, निशा सिद्दकी आदि उपस्थित रहीं।
: लायंस क्लब प्रयास का सेवा संकल्प, "एक पहल" में वितरित हुई 500 यूनिफॉर्म्स
Thu, Jul 31, 2025
आगरा। "हर बच्चे की आँखों में उजाला भर जाए, शिक्षा का दीप हर घर में जल जाए। लायंस प्रयास का संग हो जब सेवा का उत्सव, तो हर कदम समाज में बदलाव लाए।" इसी संकल्प पथ पर अग्रसित होते हुए लायंस क्लब प्रयास द्वारा दयालबाग स्थित एक पहल पाठशाला में सेवा कार्यआयोजित किया गया, जिसमें नर्सरी से 12वीं तक के 500 बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म्स प्रदान की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लॉयंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया। एक पहल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
क्लब अध्यक्ष रितेश मांगलिक ने जानकारी दी कि लायंस क्लब की ओर से संस्था को 1,66,000 रुपए का चेक प्रदान किया गया, जिससे विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म्स तैयार कराई गईं। यह योगदान शिक्षा को सशक्त बनाने और विद्यार्थियों को गरिमामयी जीवन की ओर प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने बताया कि सेवा कार्य के अंतर्गत फूड फॉर लाइफ प्रकल्प के तहत बच्चों को प्रसादी (भोजन) भी वितरित की गई, जिससे यह आयोजन और भी भावनात्मक और प्रेरणास्पद बन गया। मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर द्वितीय अजय भार्गव की उपस्थिति ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए लायंस क्लब की सेवाभावी परंपरा की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन इभा गर्ग द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन छात्रा गौरी ने दिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं एक पहल पाठशाला के संस्थापक मनीष राय, अंकित खंडेलवाल और बरखा राय द्वारा संभाली गईं। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग, तनुजा मांगलिक, रीना गर्ग, मयूरी मित्तल, रेनू भगत, दिव्या गोयल, आशीष अग्रवाल, शिवांगी अग्रवाल, दीप सिंघल, दीपक अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, रचना अग्रवाल, मनीष बंसल आदि उपस्थित रहे ।
: आगरा व्यापार मंडल की पहल को जय झूलेलाल सेवा संगठन का साथ
Thu, Jul 31, 2025
कमला नगर स्थित सिंधु भवन में हुई बैठक, आगरा व्यापार मंडल की अभिनव पहल को सराहा
आगरा। जब सेवा भाव, सुरक्षा की चेतना और सामाजिक सहयोग एक मंच पर आ जाएं, तो एक अनोखी मिसाल बनती है। आगरा व्यापार मंडल की ऐसी ही अभिनव पहल, तृतीय विशाल रक्तदान शिविर, अब न केवल जीवनदायिनी रक्त की बूंदों का संकलन करेगा, बल्कि हर रक्तदाता को ब्रांडेड हेलमेट भेंट कर सुरक्षा का संदेश भी देगा। इस जनकल्याणकारी मुहिम में अब जय झूलेलाल सेवा संगठन ने भी कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग देने का संकल्प लिया है। गुरुवार को कमला नगर स्थित सिंधु भवन में आगरा व्यापार मंडल के साथ हुई बैठक में जय झूलेलाल सेवा संगठन ने इस अभियान में पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की।
बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने बताया कि आगामी 31 अगस्त को रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज, दरेसी नं. 1 पर सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक तृतीय विशाल रक्तदान शिविर आयोजित होगा। इस शिविर में प्रत्येक रक्तदाता को ब्रांडेड हेलमेट भेंट किया जाएगा, जो उनके मानवता पूर्ण योगदान का सम्मान होगा और साथ ही यातायात सुरक्षा को लेकर एक सशक्त सामाजिक संदेश भी देगा।
जय झूलेलाल सेवा संगठन, जो वर्षों से समाज सेवा में सक्रिय है, ने इस प्रेरणादायक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की सहमति दी। अध्यक्ष परमानंद अतवानी ने कहा कि वे अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान हेतु प्रेरित करेंगे और शिविर को सफल बनाने के लिए प्रचार-प्रसार, पंजीकरण और स्वयंसेवी सहयोग भी देंगे। उन्होंने कहा कि संस्था के लोग वालंटियर के रूप में शिविर में व्यवस्थाएं भी संभालने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
शिविर संयोजक योगेश रखवानी ने बताया कि रक्तदान शिविर में सहभागिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा भी प्रारंभ कर दी गई है, जिससे इच्छुक लोग पहले से स्लॉट बुक कर सकें।
इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक मंगवानी, कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, संगठन महामंत्री राकेश बंसल, संयोजक योगेश रखवानी, राजीव गुप्ता, संदीप गुप्ता, राजेश अग्रवाल, बृजमोहन रेपुरिया, उपाध्यक्ष रमेश कल्याणी, मेघराज, दर्शन थावानी, लक्ष्मण रामत्री, जय किशन बुधरानी, गुरमुख वयानी, मनोज केसवानी , तरुण लालवानी, दीपक अतवानी, सुनील मखीजा, लकी सावलानी, पुरुषोत्तम हरवानी ,प्रकाश पहलाजानी,मोहन जापरा, राजकुमार जापरा,महेश नारायनी आदि उपस्थित रहे।