: भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा मनाया गया हरियाली तीज महोत्सव
Sat, Jul 26, 2025
आगरा। सावन की रिमझिम फुहारों और मल्हारों के बीच भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा फतेहाबाद रोड स्थित वेदांतम में हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शिव-पार्वती के स्वरूप को झूला झुलाकर की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिभाव और पारंपरिक उल्लास से सराबोर हो गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सावन के मल्हारों, बंदरवार और हरियाली तीज क्वीन प्रतियोगिता ने सभी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने गीत-संगीत व नृत्य के माध्यम से पारंपरिक पर्व को जीवंत कर दिया। इस अवसर पर सीमा अग्रवाल, मीना गुप्ता, अनिता अग्रवाल, आशी अग्रवाल, अलका गुप्ता, प्रीति गोयल, साक्षी जैन, रेखा अग्रवाल, ज्योति मित्तल, संचिता बिंदल, पारुल जिंदल, सपना बंसल, सपना गोयल, जूली बंसल, कुसुम अग्रवाल, आशा गोयन, डॉ. रुचि सिंघल, अंजू अग्रवाल, गुंजन अग्रवाल, अर्चना जैन, नीलिमा मित्तल, नीरू अग्रवाल, मनीषा बंसल, याशिका गर्ग, सीए साक्षी जैन, निधि मंगल, सोनाली, दीप्ति, ऋचा, ज्योति अग्रवाल, कविता, पूजा, मधु, निपुर आदि उपस्थित रहीं।
संरक्षक उमेश बाबू अग्रवाल, आरएस गुप्ता, विजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, श्रीनाथ गुप्ता, लवकुश मिश्रा
अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई), सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मंयक जैन, उपाध्यक्ष महिला प्रभारी: रेखा राज अग्रवाल आदि ने व्यवस्था संभाली।
: फीलिंग माइंड्स ने किया देश में पहली बार भावनात्मक शिक्षा पर राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला का आयोजन
Sat, Jul 26, 2025
शिक्षा में भावनात्मक बुद्धिमत्ता, जीवन मूल्य और मानसिक स्वास्थ्य को जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक पहल
“फील सील” ओरिएंटेशन एवं हेमा फाउंडेशन सम्मान समारोह का हुआ भव्य आयोजन
आगरा। विमल विहार, सिकंदरा बोदला रोड स्थित फीलिंग माइंड्स संस्था के कार्यालय पर देश की पहली राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य शिक्षा प्रणाली में भावनात्मक शिक्षा को स्थायी रूप से स्थापित करना है। दो दिवसीय “फील सील ओरिएंटेशन कार्यक्रम” और हेमा फाउंडेशन सम्मान समारोह ने न केवल अभिभावकों, शिक्षकों और छात्रों को जोड़ा, बल्कि एक नई शिक्षण क्रांति की नींव रखी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. कुलभूषण शर्मा, अध्यक्ष – नेशनल इंडिपेंडेंट स्कूल्स एलायंस द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। साथ ही डॉ. सुशील गुप्ता, अध्यक्ष, एसोसिएशन ऑफ प्रोग्रेसिव स्कूल्स ऑफ आगरा, बिन्नी शर्मा एवं रूबी शर्मा ने भी सहभागिता कर आयोजन को गरिमा प्रदान की।
डॉ. चीनू अग्रवाल, संस्थापक फीलिंग माइंड्स, ट्रस्टी एवं शोध प्रमुख, हेमा फाउंडेशन, ने बताया कि फील सील कार्यक्रम की शुरुआत वर्ष 2016 में भावनात्मक शिक्षा के रूप में हुई थी। कोविड-19 के दौरान यह अल्पविराम में चला गया था, लेकिन अब इसे सशक्त रूप में पुनः आरंभ किया गया है। यह कार्यक्रम भारत का पहला ऐसा प्रयास है जिसमें शिक्षा के साथ-साथ मानसिक बीमारियों की रोकथाम और उपचार, दोनों ही लक्ष्यों को साथ लेकर कार्य किया जा रहा है। यह कार्यक्रम कुवैत हेल्थ डेवलपमेंट अथॉरिटी, दुबई से मान्यता प्राप्त है और देशभर के विद्यालयों में इमोशनल एजुकेशन लैब की स्थापना का लक्ष्य रखता है। डॉ. चीनू ने बताया कि यह कार्यशाला देश की पहली भावनात्मक शिक्षा पर केंद्रित राष्ट्रीय कार्यशाला है, जिसमें महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, हरियाणा, एनसीआर, दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश से प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं। आगामी छह माह तक यह प्रशिक्षण ऑनलाइन मोड में भी चलेगा, जिसमें शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी सभी को प्रशिक्षित किया जाएगा।
डॉ. कुलभूषण शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का यह मंच हमें भावनात्मक शिक्षा के माध्यम से बच्चों के सम्पूर्ण व्यक्तित्व विकास की दिशा में अग्रसर होने का अवसर देता है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भावनात्मक शिक्षा बच्चों के मनोबल और आत्मविश्वास को नए आयाम देती है, यह पहल उनके समग्र विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम है।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में हेमा फाउंडेशन द्वारा हेम सीड्स सोशल, इमोशनल एंड एथिकल डेवलपमेंट प्रोग्राम के अंतर्गत योगदान देने वाले स्कूलों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिसमें हेम श्री सम्मान से जे. सिलास, प्राचार्या क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज और गंधार लाल जैन, प्राचार्य एमडी जैन इंटर कॉलेज को सम्मानित किया गया। हेम स्टार सम्मान एमडी जैन इंटर कॉलेज के छात्र देव कुशवाहा और प्रीलूड पब्लिक स्कूल की छात्रा विहानी धानिक को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शैलेश अग्रवाल ने किया और समस्त व्यवस्थाएं डॉ. रविंद्र अग्रवाल द्वारा संभाली गईं।
: पीएनबी, आगरा द्वारा मेगा एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन
Fri, Jul 25, 2025
स्थानीय उद्यमियों को दी गई व्यापारिक ऋण योजनाओं की जानकारी
स्टॉल्स के माध्यम से दिखी नवाचार की झलक
आगरा। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को बढ़ावा देने और ग्राहकों को आकर्षक ब्याज दर पर ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक, आगरा द्वारा शुक्रवार को संजय प्लेस स्थित रोज़विला में मेगा एमएसएमई आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आगरा एवं आस-पास के क्षेत्रों के सैकड़ों उद्यमियों, व्यापारियों और सेवा प्रदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर अनुज कुमार, जॉइंट कमिश्नर, इंडस्ट्रीज विभाग, उत्तर प्रदेश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पंजाब नेशनल बैंक से चित्तरंजन प्रूसती, महाप्रबंधक, प्रधान कार्यालय; देबार्चन साहू, अंचल प्रबंधक; एवं पी.आर. अरुण, मंडल प्रमुख, आगरा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में बैंक द्वारा जीएसटी एक्सप्रेस ग्रोथ प्लस, एमएसएमई प्राइम प्लस सहित कई आकर्षक व्यापारिक ऋण योजनाओं की जानकारी दी गई। इन योजनाओं के माध्यम से एमएसएमई उद्यमियों को त्वरित और सरल प्रक्रिया में ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न एमएसएमई क्षेत्र से जुड़े उत्पादकों, व्यापारियों एवं सेवा प्रदाताओं ने अपने स्टॉल्स लगाकर ग्राहकों को अपने व्यवसाय और सेवाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में बिज़नेस काउंसलिंग, लोन एप्लिकेशन सहायता, और फाइनेंसियल लिटरेसी सेशन का भी आयोजन किया गया।
पंजाब नेशनल बैंक द्वारा इस पहल को भविष्य में भी निरंतर आयोजित करने की बात कही गई ताकि एमएसएमई सेक्टर को मजबूती मिले और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति दी जा सके।