: कुष्ठ आश्रम, ताजनगरी में हुआ दाल-बाटी सेवा का आयोजन
Wed, Aug 6, 2025
आगरा। ताजनगरी स्थित कुष्ठ आश्रम में आज एक अनूठा और प्रेरणादायक सेवा आयोजन संपन्न हुआ, जिसमें समाजसेवकों द्वारा दाल-बाटी का भंडारा रखा गया। इस सेवा कार्य का उद्देश्य उन लोगों के बीच खुशियाँ बाँटना था, जिन्हें समाज ने अक्सर उपेक्षित किया है।
समाजसेवियों ने संदेश दिया कि “अपने लिए तो हर कोई जीता है, पर जो दूसरों के लिए जिए वही असली जीवन है।” भोजन प्रसादी में गर्मागरम दाल-बाटी, चूरमा एवं मिठाई का वितरण किया गया, जिसे पाकर आश्रमवासी भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित कई समाजसेवियों ने भाग लिया और मानव सेवा को ही सबसे बड़ा धर्म बताया।
सेवा में आर के जेतली, बिजेंद्र सिंह बाबा, समाजसेवी श्याम भोजवानी, सुमन भारद्वाज, चांदनी भोजवानी, राजा केटर्स आदि ने सहयोग किया।
: विमल गुप्ता सर्राफ ने भरा राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का नामांकन, समाज के विभिन्न प्रांतों से मिला भरपूर समर्थन
Wed, Aug 6, 2025
आगामी अक्टूबर माह में प्रस्तावित है अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा का चुनाव
आगरा। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को पंचकुइया स्थित माथुर वैश्य महासभा भवन के कार्यालय में विमल गुप्ता सर्राफ ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, फिरोजाबाद मंडल, फतेहाबाद मंडल सहित कई प्रांतों से आए समाज के गणमान्य सदस्यों ने सहमति और समर्थन व्यक्त किया।
समाज के प्रमुख सदस्य विमल गुप्ता सर्राफ के नामांकन के समय विभिन्न शाखा सभाओं के सैकड़ों पदाधिकारी उनकी होंसला अफजायी कर रहे थे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कानपुर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, फिरोजाबाद मंडल, फतेहाबाद मंडल आदि स्थानों से आए लगभग 50 प्रस्तावकों ने उनके नाम का समर्थन किया। विशेष रूप से महिला शक्ति ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाते हुए अपनी सहमति प्रदान की।
महासभा के निर्वाचन आयोग अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि चुनाव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महिला अध्यक्ष के पद के लिए होना है। नामांकन की अंतिम तिथि 8 अगस्त है। अब तक कुल 6 नामांकन दोनों पदों के लिए हो चुके हैं।
यह चुनाव महासभा के त्रिवार्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत आगामी अक्टूबर माह में प्रस्तावित है। मतदान का अधिकार केवल विभिन्न अखिल भारतीय शाखा सभा से पांच लोगों को होता है, जिसमें तीन शाखा सभा और दो पदाधिकारी महिला मंडल के होते हैं।
नामांकन के दौरान श्री भगवान रैपुरिया, बाबू रोशन लाल, अचल गुप्ता, संदीप गुप्ता, राजीव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अशोक गुप्ता, मुकेश गुप्ता इलेक्ट्रिक, अशोक गुप्ता सर्राफ, नीरा दिनेश, उपमा गुप्ता, शशि गुप्ता, शालिनी गुप्ता आदि उपस्थित रहीं।
: कैटवॉक से लेकर केयर तक, वर्ल्ड कैट डे पर बिल्लियों के लिए खास दिन
Wed, Aug 6, 2025
• वर्ल्ड कैट डे पर बिल्लियों के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर और फैशन शो
• नेहरू मल्टीस्पेशलिटी डॉग एंड कैट हॉस्पिटल, बाईपास रोड पर होगा भव्य आयोजन
आगरा। 8 अगस्त को वर्ल्ड कैट डे के अवसर पर डॉ. नेहरू मल्टीस्पेशलिटी डॉग एंड कैट हॉस्पिटल, बाईपास रोड एक अनोखा आयोजन करने जा रहा है, जिसमें बिल्लियों के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा और स्टाइल का संगम होगा। इस मौके पर सुबह 9:00 बजे से रात 9:00 बजे तक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें केवल बिल्लियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही दवा वितरण, डीवार्मिंग (पेट के कीड़ों की दवा) और एंटी रेबीज इंजेक्शन भी नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
आयोजन का पोस्टर बुधवार को विमोचित किया गया। डॉ संजीव नेहरू ने बताया कि इस विशेष आयोजन में सिर्फ स्वास्थ्य देखभाल ही नहीं, बल्कि बिल्लियों के लिए मनोरंजन का भी इंतज़ाम है। दिनभर चलने वाले इस शिविर के साथ एक कैट फैशन शो का भी आयोजन होगा, जिसमें रैंप पर बिल्लियों की शानदार कैटवॉक होगी। फैशन शो में टॉप 3 स्थान पाने वाली बिल्लियों को विशेष गिफ्ट हैंपर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्ल्ड कैट डे पर यह कार्यक्रम न केवल पालतू प्रेमियों के लिए यादगार बनेगा, बल्कि बिल्लियों की देखभाल के प्रति एक सकारात्मक संदेश भी देगा।
प्रबंधक निशि नेहरू ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य पालतू बिल्लियों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच को प्रोत्साहित करना है। सह प्रबंधक सलोनी नेहरू ने बिल्ली प्रेमियों से आग्रह किया कि वे अपने पालतू को इस आयोजन में लेकर आएं और उन्हें स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ मनोरंजन का अवसर भी दिलाएं।