आगरा। नर्वदेश्वर महादेव मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा मंदिर परिसर ‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशी में झूम उठे।
वृंदावन से पधारे कथावाचक श्री भरत लाल शास्त्री जी महाराज ने श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं। उन्होंने कंस के अत्याचार, देवकी-वासुदेव की पीड़ा और भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण की महिमा का विस्तार से वर्णन किया।
कृष्ण जन्म होते ही गूंजा शंखनाद
जन्मोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों और मनोहारी झांकियों से सजाया गया था। कथा में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आते ही मंदिर में घंटा-घड़ियाल और शंखनाद गूंज उठा। इसके बाद बाल गोपाल का विधिवत अभिषेक एवं पूजन किया गया। जन्मोत्सव के उपरांत बाल गोपाल को सुंदर पालने में विराजमान कराया गया। उपस्थित महिलाओं और बच्चों ने बारी-बारी से पालना झुलाकर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
‘हाथी घोड़ा पालकी’ पर झूमे श्रद्धालु
जन्मोत्सव के दौरान महिलाओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ सहित विभिन्न भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमे और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए। मंदिर परिसर में आयोजित जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।
भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा मंदिर परिसर
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रीमद्भागवत कथा, कृष्ण जन्म की झांकियां, भजन-कीर्तन और सामूहिक जयकारों ने वातावरण को पूरी तरह कृष्णमय बना दिया।
इस अवसर पर आचार्य लक्ष्मीनारायण दास, कमल अग्रवाल, राकेश वर्मा, डॉ. सुरेश सिंह भगोर, नरेश गोगिया, नमन यादव, अंकुर चौधरी, अजय बंसल, राजू अग्रवाल, अरुण वर्मा, सनी शर्मा, अनिल चौरसिया, रामकुमार खंडेलवाल, राकेश त्यागी, हनी अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, अंशु शर्मा, नीतू सिंह, रेखा, बृजेश चौहान, आशु सिकरवार, प्रीति अग्रवाल, निशा अग्रवाल, निशू यादव, गुन्नु यादव, रुनझुन एवं पीहु सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।