: किलकारी कॉल देगी जच्चा-बच्चा को फिट रखने के टिप्स
Thu, Jun 12, 2025
आगरा में किलकारी और मोबाइल एकेडमी कार्यक्रम पर उन्मुखीकरण का आयोजन
मोबाइल पर भेजे जाएंगे ऑडियो व व्हाट्सएप मैसेज
आगरा। मां और बच्चे की सेहत को संवारने के लिए अब व्हाट्सएप पर टिप्स भेजे जाएंगे। इसके लिए गुरुवार को आगरा में अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण डॉ. ज्योत्सना की अध्यक्षता में परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण मंत्रालय भारत सरकार द्वारा संचालित किलकारी एवं मोबाइल एकेडमी कार्यक्रम पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण का आयोजन किया गया। इसमें आगरा मंडल के सभी जनपदों के स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया
इस कार्यक्रम में बताया गया कि किलकारी सेवा गर्भवती और एक वर्ष तक के बच्चों के लिए है, जिसमें उन्हें गर्भावस्था और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाती है। किलकारी कॉल लाभार्थी के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर 0124451660 से आएगी और पूरा संदेश सुनने के बाद 1 का बटन दबाने पर किलकारी व्हाट्सएप सेवा उनके मोबाइल पर शुरू हो जाएगी।
अपर निदेशक ने बताया कि मोबाइल एकेडमी आशा कार्यकर्ताओं के क्षमता वर्धन के लिए एक प्रोग्राम है, जिसमें आशा कार्यकर्ताओं को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाती है। उन्होंने को कहा कि परिवार एवं स्वास्थ्य कल्याण मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संचालित किलकारी एवं मोबाइल एकेडमी कार्यक्रम बेहद उपयोगी और लाभदायक होगा।
उन्मुखीकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने आए जनपद मैनपुरी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि किलकारी सेवा सभी गर्भवती महिलाओं और एक वर्ष तक के बच्चों के लिए है। गर्भवती महिलाओं की जानकारी आरसीएच पोर्टल पर पंजीकरण के आधार पर उपलब्ध रहती हैं। प्रत्येक सप्ताह गर्भवती को आडियो मैसेज एवं व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से सेहत को संवारने के टिप्स घर बैठे प्राप्त होंगे, जिसमें गर्भावस्था के संदर्भित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की जाएंगी। गर्भवती को डिजिटल माध्यम से परामर्श देकर जच्चा-बच्चा की सेहत दुरुस्त करने की पहल काफी कारगर साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस पहल से गर्भवती महिलाओं को हर महीने स्वास्थ्य विभाग की ओर से रिकॉर्डेड कॉल के माध्यम से जच्चा-बच्चा की सेहत के लिए आवश्यक टिप्स और जानकारी दी जाएगी। चैट की भी सुविधा होगी।
डीपीएम कुलदीप भारद्वाज ने बताया कि किलकारी प्रोग्राम एक स्वास्थ्य कार्यक्रम है जो गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए चलाया जाता है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाएं प्रदान करना और नवजात शिशुओं की मृत्यु दर को कम करना है। इस कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और अन्य अधिकारी सहित मेहरोज़ तस्लीम डिवीजनल प्रोग्राम मैनेजर आर्मान फाउंडेशन उपस्थित थे।
किलकारी प्रोग्राम के मुख्य उद्देश्य
गर्भवती का सही समय पर पंजीकरण
गर्भवती या उसके परिवार के किसी भी सदस्य का सही मोबाइल नंबर
गर्भवती की सही एलएमपी डेट
नवजात शिशु की जन्म तिथि का समय पर समय पर अपडेशन
: सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज के बर्न यूनिट में मरीजों की हुई भर्ती शुरू
Thu, Jun 12, 2025
आगरा. सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज की नव स्थापित बर्न यूनिट की आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने के उपरांत यहाँ पर मरीजों की भर्ती शुरू हुई। प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि बर्न यूनिट में 26 बेड का एंटी बैक्टीरियल वार्ड और आईसीयू है।
बर्न यूनिट के सामान्य वार्ड में सेंट्रलाइज्ड एसी लगा हुआ है। महिला वार्ड 10 बेड का और पुरुष वार्ड 10 बेड का अलग-अलग बनाए गए हैं। बर्न यूनिट का आईसीयू 6 बेड का भी पूरी तरह सेंट्रलाइज्ड एसी है। एक माइनर एवं एक मेजर ऑपरेशन थिएटर (सेंट्रलाइज्ड एसी) बनाए गए हैं।
प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता जी ने बताया कि आज यहाँ दो मरीजों की भर्ती हुई है। इस यूनिट समयानुसार अपग्रेड करते हुए बर्न के मरीजों को और बेहतर सुविधाएं देने के संबंध में सतत प्रयास किया जाएगा। प्लास्टिक सर्जन, डॉ प्रणय सिंह चकोटिया , प्लास्टिक सर्जन, डॉ पुनीत कुमार भारद्वाज, बर्न यूनिट की प्रभारी डॉ दीपशिखा की देखरेख में जले हुए मरीजों का इलाज किया जाएगा। बर्न यूनिट के शुरू होने से आगरा एवं आसपास के मरीजों को बहुत लाभ होगाl
: उद्यमी-समाजसेवी मुरारी प्रसाद अग्रवाल बने दूसरी बार जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष
Thu, Jun 12, 2025
राज्यसभा सांसद नवीन जैन और उत्तर प्रदेश लघु उद्योग विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने की अध्यक्ष की घोषणा, किया स्वागत।
माता जानकी की सेवा और प्रभु श्री राम काज के लिए मिली जिम्मेदारी मेरा परम सौभाग्य - मुरारी प्रसाद अग्रवाल
राजा जनक और महोत्सव समिति के अन्य पदाधिकारियों की शीघ्र होगी घोषणा
आगरा। 148 वर्षों से आगरा में निरंतर ऐतिहासिक रूप से आयोजित उत्तर भारत के सबसे बड़े सांस्कृतिक महोत्सव रामलीला के अंतर्गत सजाई जाने वाली जनकपुरी के लिए रामलीला कमेटी द्वारा इस बार कमला नगर को चुने जाने के बाद कमला नगर में उत्साह पूर्वक तैयारियाँ शुरू हो गई हैं। बुधवार रात सेलिब्रेशन रेस्टोरेंट में प्रभु श्री राम और माता जानकी के गगन भेदी नारों के बीच श्री जनकपुरी महोत्सव समिति के अध्यक्ष पद के लिए प्रमुख उद्यमी एवं समाजसेवी मुरारी प्रसाद अग्रवाल (एकता बिल्डर्स) को सर्वसम्मति से चुना गया।
मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद नवीन जैन, विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश गर्ग, महाराजा अग्रसेन सेवा सदन कमला नगर के अध्यक्ष उमेश कंसल, सरस्वती विद्या मंदिर कमला नगर के प्रबंधक राकेश मंगल और लोकहितम के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से मुरारी प्रसाद अग्रवाल के नाम की घोषणा करते हुए उनको माला पहनाकर बधाई और शुभकामना दी, उनका स्वागत किया।
सभी अतिथियों ने कमला नगर निवासियों को आश्वस्त किया कि मुरारी प्रसाद अग्रवाल की अध्यक्षता में जनकपुरी का आयोजन बेहद भव्य, दिव्य और यादगार रहेगा। इस बार की जनकपुरी अकल्पनीय, अविश्वनीय और अद्वितीय होगी। मुरारी प्रसाद अग्रवाल को जनकपुरी के आयोजन का अच्छा अनुभव रहा है। इससे पूर्व वे वर्ष 2023 में संजय प्लेस महोत्सव समिति के अध्यक्ष रहे हैं। कमला नगर में पूर्व में आयोजित जनकपुरी महोत्सव में एक बार स्वागत समिति के अध्यक्ष और एक बार सीता जी के डोले के संयोजक भी रहे हैं।
मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने सभी क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता जानकी की सेवा और प्रभु श्री राम के काज करने का अवसर मिलना मेरा परम सौभाग्य है। शीघ्र ही राजा जनक के साथ-साथ महोत्सव समिति के पदाधिकारियों का भी चयन कर लिया जाएगा। कमला नगर के हर ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। सबको साथ लेकर चलेंगे। प्रभु राम की अगवानी में हर ब्लॉक को सजाएंगे। माता सीता के त्याग-तप और प्रभु राम की मर्यादा को ध्यान में रखकर जनकपुरी महोत्सव के आयोजन में मिथिला नगरी के सब लोग जुटेंगे।
इस अवसर पर सीए गोविन्द प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल बाडी वाले, राजेश अग्रवाल रसोई रतन, मीरा अग्रवाल, चारू अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पार्षद पंकज अग्रवाल, पार्षद हरिओम बाबा, राम रतन मित्तल, अनिल अग्रवाल बैंक वाले, राकेश अग्रवाल (आकांक्षा जल सेवा), केके गुप्ता, रंगेश त्यागी, राजीव नागरानी, गुड्डू शर्मा, रामगोपाल अग्रवाल, महेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल हुंडी, मनोज पोली, विजय तार और नीरज अग्रवाल भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।