: आगरा बनेगा फूड प्रोसेसिंग का हब: चैंबर के विशेष सत्र में उठी आवाज़
Tue, Jun 10, 2025
फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में अनुदान और तकनीकी नवाचार पर हुआ मंथन
होटल होली डे इन में चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा आयोजित हुआ विशेष सत्र
आगरा। चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा होटल होली डे इन में "खाद्य प्रसंस्करण, सरकारी नीतियां एवं अनुदान" विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आगरा में फूड प्रोसेसिंग उद्योग की संभावनाओं, सरकारी योजनाओं और तकनीकी नवाचारों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन आगरा कोल्ड स्टोरेज ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भुवेश अग्रवाल, चैंबर ऑफ़ फ़ूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार भगत, महासचिव अनुज सिंघल, संरक्षक अजय अग्रवाल, सुभाष चंद्र गोयल, राजेश अग्रवाल, आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, लघु उद्योग भारती के राजीव बंसल, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान, उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अनिल शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
उपाध्यक्ष आशीष गर्ग ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से सरकार के समक्ष आगरा के फूड प्रोसेसिंग उद्योग की जरूरतों को रखती आ रही है। अब समय आ गया है कि उद्योग तकनीकी विशेषज्ञता और सरकारी योजनाओं को साथ लेकर एक नई उड़ान भरे।
अध्यक्ष राजकुमार भगत ने कहा कि आगरा से निर्यात होने वाले उत्पादों में फूड प्रोसेसिंग का बड़ा योगदान हो सकता है। हमें वैश्विक बाजार की मांग को समझते हुए गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने होंगे।
संरक्षक अजय अग्रवाल ने कहा कि यह विडंबना है की प्रतिभाएं शहर से पलायन करती हैं। हमारे आगरा में संभावनाओं की कमी नहीं है बस आवश्यकता है उचित सोच को आकार मिलने की। यदि युवा सोच अपने शहर में रहकर ही अवसर मिलने पर अपने कौशल को रूप देगी तो देश की आर्थिक उन्नति में भरपूर योगदान देगा।
होटल होलीडे इन में आयोजित चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ करते भुवेश अग्रवाल, राजकुमार भगत, अनुज सिंघल, विष्णु कुमार गोयल, अजय अग्रवाल, सुभाष चंद्र गोयल, राजेश अग्रवाल, दिनेश राठौड़, टीएन अग्रवाल, विजय गुप्ता, राजीव बंसल, राकेश चौहान, अनिल शर्मा, मनीष अग्रवाल।
सरकारी अनुदान योजनाओं पर विस्तृत जानकारी
अनुदान विशेषज्ञ सीए आरके जैन ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड चेन, वेयरहाउसिंग और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में कई योजनाएं लागू हैं। सौर ऊर्जा के लिए 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है, जो उद्योगों की ऊर्जा लागत को काफी कम कर सकता है। उन्होंने बताया कि मेगा फूड पार्क, फिश प्रोसेसिंग, ऑर्गेनिक फूड, रेडी टू ईट, और रेडी टू कुक उत्पादों के लिए भी विशेष अनुदान उपलब्ध हैं। एमएफपीएस मेगा फूड पार्क स्कीम) के अंतर्गत क्लस्टर आधारित विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।रेफ्रिजेरेशन वैन, हाईजीनिक पैकेजिंग मशीनें, फूड सेफ्टी ऑडिट, और एफएसएसएआई सर्टिफिकेशन जैसे कई मदों में सरकार द्वारा सब्सिडी या प्रतिपूर्ति सहायता दी जा रही है। उन्होंने आगरा की प्रमुख फसल जैसे आलू, दूध, तेल और मसालों के क्षेत्र में विशेष संभावनाओं की ओर भी ध्यान दिलाया।
लघु और कुटीर उद्योगों की भूमिका
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने कहा कि कम लागत में शुरू होने वाले पारंपरिक खाद्य व्यवसाय जैसे पापड़, चिप्स, मंगौड़ी आदि महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए आदर्श हैं। सही मार्केटिंग और ब्रांडिंग के जरिए यह क्षेत्र एक बड़ा आर्थिक आधार बन सकता है।
तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण की आवश्यकता
फूड साइंस एंड ट्रेनिंग सेंटर के प्रधानाचार्य प्रो. बलवीर सिंह ने कहा कि बदलती जीवनशैली और उपभोक्ता की सुविधा को देखते हुए रेडी टू ईट उत्पादों की मांग बढ़ रही है। राज्य सरकार द्वारा आगरा के पेठे को एक जिला एक उत्पाद योजना में शामिल करना एक सराहनीय पहल है, जिससे कारीगरों को प्रशिक्षण और मार्केटिंग दोनों में मदद मिल रही है।
राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षक लोकेश सेंगर ने कहा कि फूड इंडस्ट्री में उत्पादों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा बनाए रखने और वेस्टेज कम करने के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाना अनिवार्य है।
कार्यक्रम संचालन और उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल 'रावी' ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन महासचिव अनुज सिंघल ने दिया। इस अवसर पर शैलेश अग्रवाल, विकास चतुर्वेदी, सिद्धार्थ अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, अपर्राक शर्मा, दिलीप कुमार, अशोक लालवानी, संदीप रस्तोगी, जय अग्रवाल, अमित सिंह आदि उपस्थित रहे।
: भारत विकास परिषद 'अमृतम' ने दिया पर्यावरण सरंक्षण का संदेश, 500 कपड़े के थैले वितरित
Wed, Jun 4, 2025
आगरा। एक थैला बदल सकता है कल, पॉलिथीन नहीं, कपड़े का थैला अपनाएं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद 'अमृतम' द्वारा “पॉलिथीन हटाओ, पर्यावरण बचाओ” अभियान की शुरुआत करते हुए ताज नगरी को स्वच्छ और हरित बनाने का संकल्प लिया गया। बुधवार को ताज नगरी स्थित पार्श्वनाथ पंचवटी अपार्टमेंट से पर्यावरण बचाने की ये संकल्प यात्रा शुरू हुई। कार्यक्रम में स्थानीय निवासियों के बीच 500 कपड़े के थैलों का वितरण किया गया। अपार्टमेंट में निवास कर रहे करीब 400 परिवारों को पर्यावरण की रक्षा का संकल्प दिलाया गया और यह संदेश दिया गया कि खरीदारी के समय पॉलिथीन की जगह कपड़े के थैले का उपयोग करें।
संस्था के अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता (राम भाई) ने बताया कि यह जागरूकता अभियान पूरे वर्ष विभिन्न स्थानों पर चलाया जाएगा। प्रत्येक स्थान पर 500 कपड़े के थैले वितरित किए जाएंगे ताकि पर्यावरण के प्रति जनमानस में चेतना जागे।
संस्थापक संरक्षक उमेश बाबू अग्रवाल ने कहा कि पॉलिथीन न केवल भूमि को प्रदूषित करती है, बल्कि वायुमंडल में जहर घोलती है। जलवायु परिवर्तन का एक बड़ा कारण प्लास्टिक और पॉलिथीन का अत्यधिक उपयोग है। हमें छोटे स्तर से ही सही, पर इसके बहिष्कार की पहल करनी होगी।
संस्था के सचिव राजीव गोयल ने जानकारी दी कि इस अभियान के अगले चरण में गुरुवार को फुव्वारा चौक पर ठंडे दूध व शरबत की प्याऊ के साथ-साथ पौधों एवं कपड़े के थैले का वितरण भी किया जाएगा, जिससे गर्मी में राहत के साथ हरियाली को भी बढ़ावा मिले।
इस अभियान में प्रमुख रूप से कोषाध्यक्ष मयंक जैन, महिला प्रभारी उपाध्यक्ष रेखा अग्रवाल, पर्यावरण उपाध्यक्ष विकास गोयल, संस्थापक/ संरक्षक उमेश बाबू अग्रवाल, विजय अग्रवाल, आर एस गुप्ता, गौरव बिंदल, मनीष अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, सत्यप्रकाश जैन, दीपक भार्गव,भावना भार्गव, सीए पीयूष गोयल ,विकास वर्मा , पारसनाथ पंचवटी अपार्टमेंट के सचिव हरीश आहूजा, गौरव बिंदल आदि उपस्थित रहे।
: पूरन डावर की नई जिम्मेदारी पर इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन ने किया अभिनन्दन
Sat, May 31, 2025
आगरा। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पूरन डावर को फुटवियर एवं चमड़ा उद्योग विकास परिषद (Development Council for Footwear and Leather Industry) का चेयरमैन नियुक्त किए जाने के उपलक्ष्य में इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन द्वारा एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। शनिवार को डावर फुटवियर पर आयोजित सम्मान समारोह में फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन और प्रकाश डीजल्स के एमडी राजेश गर्ग, प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के चेयरमैन डॉ. सुशील गुप्ता, सेंट एंड्रयूज स्कूल के एमडी डॉ. गिरधर शर्मा, मनोरम बजाज के चेयरमैन राममोहन कपूर, मोशन एकेडमी के निदेशक डॉ. अरुण शर्मा, एकता बिल्डर्स के चेयरमैन मुरारी पसाद अग्रवाल, एसकेएम ग्रुप के एमडी कुलदीप ठाकुर, एजुकेशन मंत्रालय भारत सरकार के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. मुकेश शर्मा, पूर्व जिला उद्योग अधिकारी बृजेश सूतेल, आइफा के निदेशक सचिन सारस्वत, कवि पवन आगरी, फिल्म निर्माता रंजीत सामा, दिवाकर शर्मा, मोहित जैन, डॉ. महेश धाकड़, डॉ. आर. एन. शर्मा, डॉ. राजकुमार शर्मा, रंजीत चौधरी एवं इनक्रेडिबल इंडिया फाउंडेशन के महासचिव अजय शर्मा, कन्वीनर बृजेश शर्मा और उपाध्यक्ष सहित फाउंडेशन के सभी पदाधिकरियों एवं सदस्यों ने संयुक्त रूप से पूरन डावर को सम्म्मान पत्र और बुकें भेट कर सम्मान किया।
इस मौके पर पूरन डावर ने अपने संबोधन में कहा कि वे देशभर के जूता एवं चमड़ा उद्योग की समस्याओं को दूर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इस क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। राजेश गर्ग, डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. गिरधर शर्मा ने कहा कि श्री डावर की नियुक्ति से आगरा के उद्योग को नई पहचान मिलेगी और यह ब्रज क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।