12 नवंबर को एमडी जैन मैदान में सजेगा भव्य श्याम दरबार, देशभर के प्रसिद्ध भजन गायक करेंगे बाबा श्याम का गुणगान
आगरा।
श्री श्याम आस्था परिवार आगरा खाटू धाम के 14वें वार्षिक उत्सव
श्री श्याम तीज महोत्सव
का शुभारंभ सोमवार को सेवा और समर्पण के भाव के साथ गौसेवा कर किया गया। आवास विकास कॉलोनी स्थित कालिका गौशाला में संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने बीमार और निराश्रित गोवंश के साथ-साथ श्वान एवं बंदरों की सेवा कर बाबा श्याम का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कालिका गौशाला में लगभग 110 गायों सहित अन्य निराश्रित जीवों के लिए सेवा कार्य किया गया। इस दौरान गाय माता को साड़ी ओढ़ाकर एवं विधिवत पूजन कर सेवा अभियान का शुभारंभ किया गया। संस्था ने अपने वार्षिक धार्मिक आयोजन की शुरुआत जीव सेवा, करुणा और सामाजिक समर्पण के संदेश के साथ की।
संस्थापक राहुल बंसल ने बताया कि श्री श्याम आस्था परिवार पिछले 14 वर्षों से निरंतर श्री श्याम तीज महोत्सव का आयोजन करता आ रहा है। संस्था का उद्देश्य बाबा श्याम की भक्ति को सामाजिक सेवा से जोड़ना है। इसी संकल्प के तहत इस वर्ष भी महोत्सव की शुरुआत निराश्रित जीवों की सेवा से की गई है।
अध्यक्ष दिव्य मेड़तवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह 10 बजे रावतपाड़ा स्थित श्री मनःकामेश्वर मंदिर से भव्य आमंत्रण एवं निशान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा रामबारात मार्ग से होते हुए जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। यात्रा के माध्यम से श्याम भक्तों को महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया जाएगा।
कोषाध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि 11 नवंबर, बुधवार को शाम 5 बजे से बोदला स्थित पार्क वैली अपार्टमेंट, बैनाारा फैक्ट्री के पास, श्री श्याम नाम की मेहंदी एवं अरदास-कीर्तन का आयोजन होगा। इसमें श्याम भक्त बाबा के नाम की मेहंदी लगाकर भक्ति के रंग में सराबोर होंगे।
महामंत्री आयुष जैन एवं महासचिव राजीव तिवारी ने बताया कि 12 नवंबर, गुरुवार को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में शाम 4 बजे से भव्य श्री श्याम अखाड़ा सजाया जाएगा। बाबा श्याम का अलौकिक दरबार, मधुर भजन संकीर्तन, इत्र वर्षा एवं पुष्प वर्षा महोत्सव के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
महोत्सव में वृंदावन की श्रीजी सखी, कोलकाता के भजन सम्राट सौरभ शर्मा एवं राज पारीक, हरियाणा के परविंदर पालक, वृंदावन के कुंज बिहारी दास सहित नरेश खत्री, अनूप गोयल, राजा सांवरिया, त्रिलोकी शर्मा, अतुल वार्ष्णेय, प्रखर लोहिया, अंकुश शर्मा, अंकित लावण्या एवं हर्ष जायसवाल अपनी मधुर प्रस्तुतियों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम की संगीत व्यवस्था अंकित म्यूजिशियन द्वारा संभाली जाएगी।
उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं नितेश अग्रवाल (मई वाले) ने बताया कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्याम भक्तों के पहुंचने की संभावना है। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए संस्था के सभी पदाधिकारी और सदस्य तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर संरक्षक वीरेंद्र मेड़तवाल, संस्थापक राहुल बंसल, अध्यक्ष दिव्या मेड़तवाल, कोषाध्यक्ष संजय मित्तल, महामंत्री आयुष जैन, महासचिव राजीव तिवारी, सचिव गोपाल सारस्वत, उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं नितेश अग्रवाल, मीडिया प्रभारी सुमित मित्तल, मंत्री विपिन मित्तल, नीरज अग्रवाल, जगदीश, सतीश, धर्म, अमित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।