श्री खाटू श्याम जी मंदिर : पुष्पों से सजा बाबा श्याम का अलौकिक दरबार, दीपदान कर भक्तों ने मांगी खुशहाली
Pragya News 24
Mon, Nov 9, 2026
अमावस्या पर भी उमड़े श्रद्धालु, लाल एवं सुगंधित पुष्पों से सजे बाबा श्याम के अलौकिक दरबार में भक्तों ने की सुख-समृद्धि की कामना
आगरा। जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में दीपावली का पर्व लगातार दूसरे दिन भी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। अमावस्या तिथि पर सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। सुबह से देर शाम तक भक्तों की आवाजाही बनी रही। शाम को श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर मंदिर परिसर के बाहर दीपदान किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष दीपोत्सव पांच के स्थान पर छह दिनों तक मनाया जा रहा है। रविवार को दीपावली के अवसर पर भी बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार, पूजन एवं दर्शन किए गए थे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने दीपदान किया और मंदिर परिसर के बाहर आकर्षक आतिशबाजी के साथ दीपोत्सव की खुशियां मनाईं। दीपोत्सव की इसी श्रृंखला में सोमवार को भी भक्तों का उत्साह देखते ही बना।
अमावस्या के अवसर पर बाबा श्याम का लाल एवं सुगंधित पुष्पों से भव्य और मनोहारी श्रृंगार किया गया। फूलों से सजे अलौकिक दरबार में बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर में भक्ति और उत्सव का विशेष माहौल बना रहा।
अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि सोमवार को बाबा के विशेष श्रृंगार एवं पोशाक की सेवा अवध अग्रवाल की ओर से की गई, जबकि प्रतिदिन की भांति आकर्षक विद्युत सजावट की सेवा विजय गुप्ता द्वारा की गई।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को मंदिर परिसर में गोवर्धन उत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गोवर्धन महाराज का विशेष स्वरूप सजाया जाएगा। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसादी वितरित की जाएगी।
इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन