श्री प्रेमनिधि मंदिर : भात के कोट में दिखे गिरिराज महाराज, अन्नकूट के महाभोग से महका प्रेमनिधि मंदिर
Pragya News 24
Mon, Nov 9, 2026
भात के कोट से लेकर छप्पन भोग तक, अन्नकूट को दिया महायज्ञ का स्वरूप; नौ आरती और दुग्धधारा परिक्रमा से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर
आगरा। नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में सोमवार को गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुरूप श्री ठाकुरजी के सम्मुख विविध प्रकार के पकवानों और व्यंजनों से भव्य अन्नकूट सजाया गया। चावलों से तैयार भात के कोट के माध्यम से गोवर्धन पर्वत का प्रतीकात्मक स्वरूप साकार किया गया। पूरे आयोजन में पुष्टिमार्गीय सेवा, समर्पण और वात्सल्य भाव की अनुपम झलक देखने को मिली।
मुख्य सेवायत हरिमोहन गोस्वामी एवं सुनीत गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्गीय परंपरा में अन्नकूट केवल भगवान को भोग अर्पित करने का उत्सव नहीं, बल्कि इसे महायज्ञ का स्वरूप प्रदान किया गया है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों एवं गौवंश की रक्षा करने की दिव्य लीला का स्मरण कराता है। इसी भाव के साथ आयोजन में गौसेवा और गोधन पूजन को विशेष महत्व दिया गया। सर्वप्रथम गौमाता का पूजन कर उत्सव का शुभारंभ किया गया।
उन्होंने बताया कि अन्नकूट में श्री ठाकुरजी के सम्मुख मध्य भाग में चावलों से भात का कोट सजाया गया, जो गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बना। इसके चारों ओर सूखी घास का वृत्ताकार चक्र बनाकर प्रभु के मस्तक के प्रतीक स्वरूप सजावट की गई। अन्नकूट की संपूर्ण भोग सामग्री को पुष्टिमार्गीय सेवा पद्धति के अनुसार दूधघर, अनसखड़ी और सखड़ी तीन भागों में व्यवस्थित किया गया।
दूधघर की सामग्री में गुलाब जामुन, आलू की जलेबी, पेड़ा, काजू-अंजीर रोल, विभिन्न प्रकार की बर्फी, हलवा एवं मेवे के व्यंजन सजाए गए। अनसखड़ी में छोटी बूंदी, बूंदी के लड्डू, शक्करपारे, सेवइयां, उड़द के लड्डू, पूरी, मोहनथाल एवं नमकीन गांठिया शामिल रहीं। वहीं सखड़ी में दही भात, नींबू भात, मीठा भात सहित विभिन्न प्रकार के चावल, मूंग एवं तूर की दाल और कढ़ी का भोग अर्पित किया गया।
तीनों प्रकार की भोग सामग्री के चारों ओर हल्दी की मांड खींचकर प्रत्येक सामग्री का स्थान एवं उसकी मर्यादा निर्धारित की गई। इस दौरान नवग्रह के भाव से नौ आरती की गईं, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
मुख्य सेवायतों ने बताया कि पुष्टिमार्गीय मान्यता में अन्नकूट महोत्सव का मूल भाव प्रभु के प्रति अनन्य प्रेम, समर्पण और सेवा है। इसी भावना के साथ श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार अन्न और विभिन्न व्यंजन ठाकुरजी को अर्पित कर कृतज्ञता व्यक्त की। इसके साथ ही दुग्धधारा के साथ गोवर्धन की परिक्रमा भी लगाई गई।
आयोजन में दिनेश पचौरी, आशीष पचौरी, रानू पचौरी, राजेश धाकड़, सरदार सिंह धाकड़, यश शिवहरे, सोनू गुप्ता, श्यामजी शिवहरे, नरेश उपाध्याय, अजय गोयल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन