घोड़े-ऊंट, बैंड-बाजे, आकर्षक झांकियों और इंद्र-इंद्राणियों की सजीव प्रस्तुतियों ने मोहा मन, मुनि श्री समत्व सागर जी ने दिया आध्यात्मिक संदेश
आगरा।
छीपीटोला स्थित पार्श्वधाम में आयोजित श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के चौथे दिन आगरा के इतिहास में पहली बार भव्य चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा निकाली गई। संत शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य भगवंत श्री 108 विशुद्ध सागर जी महामुनिराज के परम प्रभावक शिष्य मुनि श्री 108 समत्व सागर जी, मुनि श्री 108 शील सागर जी एवं मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर जी ससंघ के सानिध्य में आयोजित इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ पार्श्वधाम से हुआ। यात्रा आईजी कार्यालय, बालूगंज पेट्रोल पंप, बालूगंज चौराहा, बैकुंठी देवी कॉलेज और ओलिया रोड होते हुए छीपीटोला पहुंची तथा पुनः पार्श्वधाम पर इसका समापन हुआ। शोभायात्रा में सबसे आगे ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच घोड़ों और ऊंटों पर सवार श्रद्धालु जैन ध्वजा लेकर चल रहे थे। उज्जैन का महाकाल नृत्य और मनमोहक मयूर नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे।
शोभायात्रा में सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, माहेंद्र इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत इंद्र, ब्रह्म इंद्र एवं द्रव्य परिवार सहित इंद्र-इंद्राणियां आकर्षक बग्गियों में सवार होकर शामिल हुए। सौधर्म इंद्र श्वेत आकर्षक रथ पर विराजमान थे। इसके साथ दो भव्य झांकियां और चार बैंड चल रहे थे। बैंड की मधुर धुनों पर 'तुमसे लगी लगन' भजन की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। महिलाएं भक्ति संगीत पर झूमती नजर आईं।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद ब्रह्मचारी तरुण भैया एवं पंडित विकर्ष शास्त्री ने मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर मुनि श्री 108 समत्व सागर जी महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी में कहा कि संसार के लोग चक्रवर्ती और कुबेर के वैभव से प्रभावित होते हैं, लेकिन जो व्यक्ति जिनेंद्र भगवान के चरणों और उनके गुणों से प्रभावित होता है, वह उनके सानिध्य में पहुंचकर महाअर्चना करता है। उन्होंने कहा कि मनुष्य के हाथों में वही उपलब्धि आती है, जिसकी उसके जीवन में ललक होती है। यदि संसार के वैभव की चाह होगी तो व्यक्ति उसी की ओर आकर्षित होगा, लेकिन यदि तीनों लोकों के वैभव अर्थात आध्यात्मिक उत्थान की अभिलाषा है तो त्रैलोक्यनाथ जिनेंद्र भगवान से प्रभावित होकर उनके मार्ग पर चलना होगा।
मुनि श्री ने कहा,
"ललक है तो झलक है।"
व्यक्ति के जीवन में जिस लक्ष्य के प्रति सच्ची लगन होती है, उसके व्यक्तित्व और आचरण में उसी की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यदि मनुष्य सुखी जीवन की अभिलाषा रखता है तो उसे जिनेंद्र भगवान की देशना से जुड़कर अपने जीवन को संवारना चाहिए।
कार्यक्रम में श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के डॉ. अभय जैन, मनोज जैन, प्रवीन जैन पद्मावती, आनंद जैन, शैलेश जैन (लालाजी), मुकेश जैन (लले), विवेक जैन, चक्रेश जैन, दीपक जैन, रुपेश जैन, आशु जैन (वी.के.), सचिन जैन, आशु (बाबा), रोहित जैन, राजीव जैन, विन्नू जैन, प्रवीण जैन, मुन्नालाल जैन, मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित समस्त मंडल एवं सकल जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।