: सीडीओ ने दस महिला टीबी मरीजों को लिया गोद
Wed, Oct 8, 2025
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में सभी विभागों के प्रतिनिधियों से टीबी मरीजों को गोद लेने के लिए दिए निर्देश
क्षय रोग उन्मूलन में निक्षय मित्र बनकर निभाएंगे अहम भूमिका युवा
टीबी मरीजों को गोद लेकर प्रेरित करेंगे युवा निक्षय मित्र
निक्षय मित्र टीबी मरीजों को देंगे भावनात्मक सहयोग
आगरा। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को विकास भवन में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित 11 विभागों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। सीडीओ ने इस दौरान सभी विभागों के प्रतिनिधियों से टीबी मरीजों को गोद लेने के निर्देश दिए और उन्होंने गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) से टीबी मरीजों को गोद लेने की अपील की। इस दौरान सीडीओ ने दस महिला क्षय रोगियों को गोद लिया और उन्हें पोषण पोटली प्रदान की।
युवा भी करेंगे सहयोग
बैठक में राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में युवाओं द्वारा सहयोग करने पर भी चर्चा हुई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि अब युवा भी राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम में सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के युवा कल्याण एवं खेल मंत्रालय ने टीबी मुक्त भारत अभियान को सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत कार्य करने वाले युवाओं व संस्थाओं को ‘निक्षय मित्र’ बनाने का फैसला किया है। निक्षय मित्र के तौर पर वे, टीबी रोगियों को गोद लेने, उनकी मनो-सामाजिक सहायता करने, उपचार के तहत सही तरीके से दवाएं लेने के लिए प्रेरित करेंगे।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुखेश गुप्ता ने बताया कि युवा निक्षय मित्र इंफोग्राफ़िक्स, उत्तरजीवी कहानियाँ और मिथक-तोड़ने वाले संदेशों के माध्यम से टीबी मरीजों व लोगों को जागरुक करेंगे। इसके साथ ही, एनएसएस दिवस, अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस और अन्य प्रमुख आयोजनों के दौरान ‘निक्षय शपथ’ समारोह आयोजित भी किए जाएंगे। सभी युवा निक्षय मित्र टीबी सेल के साथ समन्वय कर योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्य करेंगे।
डीटीओ ने बताया कि युवा वर्ग को ओरिएंटेशन के माध्यम से बताया जाएगा उन्हें टीबी उन्मूलन में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अभियान के तहत, युवा वर्ग को टीबी के बारे में जागरूक किया जाएगा और उन्हें टीबी उन्मूलन में सहयोग करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यदि किसी को दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, मुंह से खून आना, सीने में दर्द होना, सांस लेने में तकलीफ होना, वजन कम होना, भूख न लगना, थकान होना, गर्दन में गिल्टी/गांठे, बांझपन और कोई अन्य लक्षण हों तो वह नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या फिर निक्षय दिवस में आकर अपनी टीबी की जांच अवश्य कराएं। टीबी का उपचार संभव है, सरकार द्वारा इसकी जांच व उपचार मुफ्त होता है। इसके साथ ही टीबी मरीजों को स्वस्थ होने तक उनके बैंक खाते में निक्षय पोषण योजना के तहत एक हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं।
आगरा शहर की 13 वर्षीय निवासी खुशी गौतम (बदला हुआ नाम) ने बताया कि सीडीओ मैडम ने उन्हें पोषण किट प्रदान की और उनके उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी ली। सीडीओ मैडम ने उन्हें समय पर दवा सेवन करने की सलाह दी और बताया कि एक भी दिन दवा छोड़ने से उपचार में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा, उन्होंने उपचार के दौरान मास्क लगाने के महत्व पर जोर दिया ताकि किसी अन्य व्यक्ति को टीबी का संक्रमण न फैले। सीडीओ मैडम ने पौष्टिक आहार के सेवन की सलाह देते हुए कहा कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है और वह पूरी तरह से ठीक हो जाएंगी।
आयोजित कार्यक्रम में नेशनल ट्यूबरक्लोसिस एलिमिनेशन प्रोग्राम की टीम का विशेष सहयोग रहा इस मौके पर डिप्टी डीटीओ डॉ॰ एसके राहुल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, अधीक्षक सहित समस्त विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे l
: 12 अक्टूबर को मनेगा संस्कार भारती का दीपावली आनन्द मेला
Wed, Oct 8, 2025
जयपुर हाउस, श्रीराम पार्क में आयोजित होगा मेला
मेले में स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर नारीशक्ति को किया जाएगा प्रोत्साहित
9 अक्टूबर को होगी मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम संग विभिन्न प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन
शंख बजाने की प्रतियोगिता होगी मुख्य आकर्षण
आगरा। संस्कार भारती, पश्चिम प्रताप, आगरा महानगर, ब्रज प्रान्त द्वारा दीपावली के पावन अवसर पर ‘दीपावली आनन्द मेला’ श्री राम पार्क, जयपुर हाउस में रविवार 12 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा। जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए मनोरंजक व खास होगा। प्रताप नगर बुर्जी वाला मंदिर में करवा चौथ के पावन पर्व की पूर्व संध्या पर मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। यह जानकारी आज प्रताप नगर स्थित संस्कार केन्द्र में आयोजित आमंणत्र पत्र विमोचन कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने दी।
क्षेत्रीय संगठन मंत्री एवं वरिष्ठ प्रचारक विजय कुमार ने कहा कि तीज त्यौहार उत्सवों के आयोजनों द्वारा भारतीय संस्कृति और संस्कारों का स्वाभाविक रूप से अगली पीढ़ी को ज्ञान होता है। संस्कार भारती के द्वारा आयोजित चौबीसवां दीपावली आनन्द मेला इस दिशा में बड़ा कदम है। मेले में नीता गर्ग, मीना अग्रवाल और अनीता भार्गव के संयोजन में स्वर्णिम भारत की थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे जिनको कोरियोग्राफर पुरुषोत्तम मयूरा द्वारा तैयार करवाया जा रहा है।
डा. आभा गुप्ता (राज्य ललित कला अकादमी उत्तर प्रदेश सरकार की सदस्या) द्वारा तैयार किए चित्र में रंग भरो प्रतियोगिता, अमित अग्रवाल के निर्देशन में महाभारत पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, कलश सज्जा प्रतियोगिता, थाल सज्जा प्रतियोगिता, विविध वेश प्रतियोगिता सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। घर घर में शंख बजाने को प्रोत्साहित करने के लिए शंख बजाने की प्रस्तुतियां करवाई जाएंगी। सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर जयराम दास होतचंदानी, रमेश चन्द अग्रवाल नमक वाले, गौरव बंसल धूम पायल, गौरव जिंदल डायरेक्टर रामानुज इंटर कॉलेज, रामघनश्याम दास अग्रवाल, डॉ ऋषि महाजन, राकेश अग्रवाल आर के मार्केटिंग, सुरेश चन्द्र अग्रवाल जैगरा वाले, महेन्द्र खंडेलवाल, तपेश जैन, ब्रिजेश सूतेल, नवीन उपाध्याय, चौधरी राजन सिंह, रवि नारंग, होली लाइट पब्लिक स्कूल, सी ए संजय अग्रवाल, माही इंटरनेशनल, दिनेश अग्रवाल डेरी, डा विनोद माहेश्वरी, प्रांत प्रचारक प्रमुख प्रीतम जी, फतेहपुर सीकरी के जिला संपर्क प्रमुख, प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, महानगर अध्यक्ष आर्कीटेक्ट राजीव द्विवेदी, समिति के अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल सुपारी वाले, महानगर के महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग, महानगर के कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल (फर्नीचर), महोत्सव के सर्वव्यवस्था प्रमुख नीरज अग्रवाल, प्रभारी श्याम तिवारी, मेला संयोजक आशीष जैन, मेला सह संयोजक नीता गर्ग, शुभांशू गर्ग और राकेश पाठक, कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंघल प्रभु दत्त उपाध्याय, उपाध्यक्ष इंजीनियर सुरेश चन्द्र अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
: विश्वकर्मा जयंती और सृजन शक्ति सम्मान: आगरा के उद्यमियों का भव्य संगम
Wed, Oct 8, 2025
आगरा। लघु उद्योग भारती द्वारा विश्वकर्मा जयंती एवं सृजन शक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन स्थानीय होटल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। तत्पश्चात् लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों और परंपरा की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती केवल एक संगठन नहीं, बल्कि उन लाखों उद्यमियों का परिवार है जो अपने कर्म, निष्ठा और सृजनशीलता से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह संगठन पिछले एक दशक से यह परंपरा निभा रहा है कि उद्यमी अपने सहयोगियों को स्वयं सम्मानित करते हैं, जिससे कार्यस्थल पर प्रेरणा, आत्मीयता और समर्पण की भावना बढ़ती है।
समारोह में 11 विशिष्ट विभूतियों को ‘सृजन शक्ति सम्मान’ से अलंकृत किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में समाज और राष्ट्र उत्थान में अनुकरणीय योगदान दिया। साथ ही 42 से अधिक सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी लगन, सृजनशीलता और निष्ठा के बल पर अपने उद्यम को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि, शैलेंद्र कुमार सिंह, कमिश्नर, आगरा मंडल ने कहा कि जब उद्यमी अपने ही सहयोगियों के योगदान को सम्मानित करते हैं, तो यह सम्मान केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि परिश्रम और समर्पण की भावना का होता है। उन्होंने आगरा के उद्योग जगत की संभावनाओं पर बल देते हुए कहा कि लघु उद्योग क्षेत्र क्षेत्रीय विकास और रोजगार सृजन की दिशा में नई क्रांति ला सकता है।
अध्यक्षता उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने की। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती केवल उद्यमिता को सशक्त नहीं कर रही, बल्कि यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की वास्तविक धुरी बन चुकी है। आगरा की धरती सदियों से सृजन और परिश्रम की प्रतीक रही है, और यह आयोजन उसी भावना का सजीव उदाहरण है। उन्होंने संगठन की कार्यशैली और उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे अन्य जिलों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का भी सम्मान किया गया जिन्हें हाल ही में राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर पर नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। राकेश गर्ग को राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री, दीपक अग्रवाल राष्ट्रीय सचिव और मनीष अग्रवाल प्रदेश सचिव को पुनः पद प्राप्त होने के लिए सम्मानित किया गया।
स्वागत अध्यक्ष रामसिया विकास गुप्ता और संयोजन एवं संचालन सीए नितेश गुप्ता तथा राजीव बंसल ने कार्यक्रम का संचालन किया। उद्यमियों ने भी अपने प्रेरक विचार साझा किए और संगठन के प्रति समर्पण व्यक्त किया।
धन्यवाद ज्ञापन दिनेश गुप्ता ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में संजीव जैन, अंकुर अग्रवाल, सौरभ गुप्ता, समक्ष जैन, सिविल जैन, पंकज अग्रवाल, नवदीप अग्रवाल, ऋषि नंद, प्रभात गुप्ता आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
सृजन शक्ति सम्मान – विशिष्ट सम्मानित विभूतियाँ
इंजीनियर उमेश शर्मा –
पूर्व सदस्य, स्टेट एनवायरमेंटल कमेटी (SEA); औद्योगिक विकास और पर्यावरणीय संतुलन में उल्लेखनीय योगदान।
इंजीनियर अजीत फौजदार –
आगरा के औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर के संवर्धन में सक्रिय भूमिका।
डॉ. एस. सी. अग्रवाल –
वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी; दो अस्पतालों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में विशिष्ट योगदान।
डॉ. पुनीत गुप्ता (MCh) –
युवा कार्डियक सर्जन; दो वर्षों में 300 से अधिक सफल हृदय शल्यक्रियाएँ।
डॉ. अमृत गोयल –
प्रोफेसर, एस.एन. मेडिकल कॉलेज; चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान में योगदान।
आर्किटेक्ट नितिन गुप्ता –
औद्योगिक एवं शहरी वास्तुकला में आधुनिक दृष्टिकोण के प्रवर्तक।
आर्किटेक्ट सौरभ सक्सेना –
औद्योगिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक परियोजनाओं में नवाचार के अग्रदूत।
CA मनोज कुमार खुराना –
35 वर्षों के अनुभवयुक्त वित्तीय सलाहकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता।
CA नवनी भारतीया –
शिक्षिका एवं प्रशिक्षक चार्टर्ड अकाउंटेंट; ज्ञान एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में योगदान।
अरविंद शुक्ला –
समर्पित उद्यमी; भारतीय रेल हेतु उत्पादन सेवाओं में नवाचार का उदाहरण।
शैलेश अग्रवाल –
नवाचारशील उद्यमी; रेल उत्पादन क्षेत्र में गुणवत्ता और समयबद्धता के प्रतीक।