: सरकारी योजना का लालच देकर सैकड़ों महिलाओं के फर्जी तरीके से खुलवाए एकाउंट
Wed, Sep 27, 2023
Agra. मोदी सरकार की योजनाओं के नाम पर आम लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा रहा है। उनके फर्जी तरीके से अकाउंट खुलवाए जा रहे हैं और लाखों रुपए का लेनदेन उन खातों से किया जा रहा है। जिसकी जानकारी अकाउंट धारक को ही नहीं है। बड़ी बात यह है कि जिन लोगों के खाते खुलवाए जा रहे हैं उनको ना तो बैंक पास बुक मिली और ना ही एटीएम कार्ड। ऐसे ही लगभग 100 महिलाएं थाना सदर पहुंची जहां उन्होंने अपने साथ हुई धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित महिलाएं शहीद नगर और उसके आसपास के क्षेत्र की है। एकत्रित हुई महिलाओं ने बताया कि किसी के पास आशु कपिल और किसी के पास रेशमा और कमलेश नाम की महिलाएं पहुंची। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए एक योजना चलाई है। इस योजना के माध्यम से हर महीने ₹400 मिलेंगे। इसके लिए आपको एक अकाउंट खुलवाना होगा। ₹400 के लालच में महिलाओं ने अकाउंट खुलवा दिए। ठगी करने वालों को अपने आधार कार्ड और पैन कार्ड और फोटो उपलब्ध कराए। किसी को धोखाधड़ी का शक ना हो इसीलिए होने 400 ₹400 भी दिए गए जिससे महिलाएं संतुष्ट हो जाए लेकिन उसके बाद जो हुआ उसे जानकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
बैंक से पहुंचने लगे नोटिस
महिलाओं को अपने साथ हुई धोखाधड़ी की जानकारी एचडीएफसी बैंक से उनके पास पहुंचे नोटिस के बाद हुई। जिसमें लिखा था कि आपने आर्थिक स्थिति से अधिक लेनदेन किया है। एक व्यक्ति के पास तो 20 लाख का ट्रांजैक्शन होने का नोटिस पहुंचा। इससे महिलाओं में हड़कंप की स्थिति बन गई। सभी ने क्षेत्रीय पार्षद से इस मामले की शिकायत की। एक-एक करके जब शिकायतकर्ता पहुंचने लगे तो संख्या 100 से अधिक पहुंच गई।
थाने में शिकायत हुई दर्ज
अपने साथ धोखाधड़ी होने की शिकायत करने के साथ-साथ बैंक के नोटिस दिखाए जाने पर पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लिया और सभी से प्रार्थना पत्र लिखवा कर उस पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। पीड़ितों ने बताया कि उनसे तो कहा गया था कि मोदी सरकार की योजना के तहत उन्हें पैसे मिलेंगे। उनसे आधार कार्ड पैन कार्ड की फोटो कॉपी ली गई, अंगूठा लगवाया और उसे एचडीएफसी बैंक में अकाउंट खुलवा दिए गए। धोखेबाजों ने करोड़ों रुपए की लेनदेन कर दिया।
हाल ही में साइबर सेल ने ऐसे कई मामलों का खुलासा किया है जिनमें विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों के फर्जी तरीके से अकाउंट खुलवाए गए और उनके खातों से लाखों रुपए का लेनदेन किया गया।
: आँखों में लाल मिर्च झोंककर दुकानदार से लूटी सोने की चैन, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
Wed, Sep 27, 2023
Agra. मिर्ची गैंग के सदस्यों ने एक दुकानदार को अपना निशाना बनाया। दुकान पर पहुँचे मिर्ची गैंग के शातिर बदमाशों ने ख़रीददारी के बहाने दुकानदार की आँखो में लाल मिर्ची झोंकी और गले की सोने की जंजीर तोड़कर फरार हो गए। मिर्ची गैंग की यह करतूत सीसीटीवी में कैद हो गयी है। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी और शिकायत दर्ज कराई।
पूरी घटना थाना जगदीशपुर के सेक्टर 4 चौकी क्षेत्र की है। सेक्टर 7 में पीड़ित कालीचरण वर्मा की दुकान है। सुबह दुकान खोलने के दौरान बाइक पर कुछ लोग पहुँचे। दो युवक दुकान पर पहुँचे और सामान खरीदने के लिए कहने लगे। दुकानदार सामान सेट कर रहा था। इसी बीच एक युवक ने लाल मिर्च आंखों में फेंक कर मार दी तो दूसरे युवक ने दुकानदार के गले से सोने की जंजीर तोड़ी और फरार हो गए।
आँखों में लाल मिर्च गिरने के बाद भी दुकानदार ने मिर्ची गैंग के सदस्यों को पक्कड़ने का प्रयास किया। पकड़े जाने पर बदमाशों ने तमंचे की बट से कालीचरण के सिर पर प्रहार कर दिया जिससें वह घायल हो गया। पीड़ित ने थाना पुलिस से शिकायत की है और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए है। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से मिर्ची गैंग के सदस्यों को पकड़ने में जुट गई है।
: शिफ्टिंग करते समय महिला के ऊपर गिरा विद्युत पोल, हुई मौत
Wed, Sep 27, 2023
Agra. ठेका कंपनी के कर्मियों द्वारा विद्युत पोल लगाते समय एक बड़ा हादसा हो गया। नया पोल लगाते समय वह अचानक फिसलकर मुख्य सड़क की तरफ एक महिला के ऊपर गिर गया। जिससे महिला की मौत हो गयी। घटना से घबराए ठेका कंपनी के कर्मी वहां से भाग गए। आक्रोशित लोगों ने शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत किया।
मामला मलपुरा थाना क्षेत्र के जगनेर रोड स्थित नोमील का है। यहां बिजली विभाग द्वारा लाइन और पोल बदलने का काम चल रहा है। ठेका कंपनी के कर्मी पोल बदलने का काम कर रहे थे। विद्युत पोल को खड़ा करने के दौरान पोल फिसल गया और वहाँ से गुजर रही महिला पर जा गिरा। महिला की चीख सुनकर मौके से ठेका कंपनी के लोग फरार हो गए। मौके पर पहुँचे स्थानीय लोगों ने पोल को उठाया और महिला को बाहर निकाला। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और महिला लज्जा देवी की मौत हो चुकी थी। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने शव रखकर सड़क जाम कर दी। इससे गाड़ियों की कतार लग गई। करीब तीन घंटे तक लोग जाम से जूझते रहे।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस को भी लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। पुलिस ने मौजूद लोगों से बात करके घटना की जानकारी ली। लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी प्रकार शांत कराया। इसके बाद जाम खुलवाकर यातायात सुचारू कराया।
थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ अरुण कुमार ने कहा कि मोंटी कार्लो नाम की कंपनी पुराने खंभों को हटाकर नए खंभे लगा रही है। खंभा लगाने के दौरान हादसा हुआ है।