: विवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
Wed, Dec 20, 2023
आगरा। आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात को विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार सैमरा निवासी अशोक पुत्र रामवीर की शादी छः महीने पूर्व आगरा के ताजगंज के कच्ची सराय से वीरेश सिंह की पुत्री रौनक चौहान (उम्र 22) के साथ हुई थी। मंगलवार की देर शाम विवाहिता ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घर पहुंचे पति अशोक ने विवाहिता के शव को खिड़की से झांक कर पंखे से लटका देख उसके होश उड़ गये। आनन-फानन में दरवाजा तोड़ कर विवाहिता को अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। महिला के आत्महत्या करने के पीछे क्या कारण है। इसका अभी पता नही चल सका है। विवाहिता की मौत की सूचना पर मृतका के परिजन मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। हत्या की सूचना पर थाना पुलिस के साथ सीओ सुकन्या शर्मा एवं फिंगरप्रिंट टीम मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतका रोनक चौहान का पति अशोक चौहान दो भाई है। बड़ा भाई संजय खेती का कार्य संभालता है। जब की अशोक चौहान पहलवान है। वह दंगल में कुश्ती करता है।
सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हत्या या आत्महत्या है, उसका पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही पता चल सकेगा। पीड़ित पक्ष अगर तहरीर देता है, तो तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।
प्रमोद कुशवाह की रिपोर्ट
: कमिश्नर ने किया शिल्पग्राम में नवीन टिकट वेंडिंग का शुभारंभ, ADA के विकास कार्यों का किया निरीक्षण
Thu, Dec 7, 2023
आगरा. 07 दिसम्बंर 2023। आज गुरुवार को मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने आगरा विकास प्राधिकरण की कार्य योजनाओं एवं शहर में कराए जाने वाले विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण में एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड, सचिव गरिमा सिंह एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सर्वप्रथम मंडलायुक्त ने शास्त्रीपुरम योजना के अंतर्गत ग्राम मुहम्मदपुर के खसरा नंबर - 215, 216 एवं 287 में 5500 वर्ग मी और 2500 वर्ग मी भूमि के व्यवसायिक भूखंड का निरीक्षण किया। मौके पर व्यवसायिक भूखंड पर अवैध कब्जे हो रखे थे। अवैध रूप से कई झोपड़ियां बना रखी थीं। वहीँ भूखंड के सामने रोड़ के बीच में बने ग्रीन वर्ज़ पर भैसों के अवैध तबेले बने हुए थे। यह देख मंडलायुक्त ने एडीए के अधिशासी अभियंता से नाराजगी जताई। दोनों जगह से 3 से 4 दिन में अवैध कब्जे हटाने और एडीए की सभी खाली भूमि पर बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। शास्त्रीपुरम से ग्राम मोहम्मदपुर जाने वाली अप्रोच रोड़ की हालत खराब थी। इसे भी संबंधित विभाग के संयोजन से जीर्णोद्धार कराने को कहा।
इसके बाद मां दुर्गा कॉलेज से लगे 4 एचआईजी प्लॉट्स, शास्त्रीपुरम हाइट्स के पीछे व्यावसायिक भूखंड, ग्राम लखनपुर के 4300 वर्ग मी व्यवसायिक भूखंड, 7 बीघा भूमि का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने इन खाली जमीनों को समतल बनाने, सफाई करवाने के साथ बॉउंड्रीवॉल और फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए।
तत्पश्चात मंडलायुक्त द्वारा शास्त्रीपुरम हाइट्स का निरीक्षण किया गया। 55 से लेकर 230 वर्ग मीटर में बने 1, 2, 3 और 4 बीएचके सैंपल फ्लैट्स को देखा। फ्लैट्स में व्याप्त गंदगी और बिल्डिंग की दुर्दशा पर नाराजगी जताई। संबंधित कांट्रेक्टर को सभी बिल्डिंग का प्रॉपर मेंटेनेंस करने, रंगाई-पुताई के साथ समुचित सफाई के निर्देश दिए। मैन गेट को भी अच्छे से मेंटेन कर फ्लैट्स की बिक्री हेतु दर सहित पूरी सूची का बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। ग्वालियर रोड़ पर ग्राम ककुआ और भांडई में आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित भूमि एवं ग्राम कुठावली में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने हेतु लगभग 100 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया। अजीत नगर गेट से अर्जुन नगर गेट तक फ़साड़ लाइट संबंधी कार्य का निरीक्षण किया। फतेहाबाद रोड़ पर स्थित मौजा बसई में खसरा - 1467, 1468, 1469, 1470 और 1471 की भूमि का निरीक्षण किया। मंडलायुक्त ने पूरी भूमि की सफाई कराने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत शिल्पग्राम परिसर में एडीए द्वारा पर्यटकों की सुविधा हेतु लगाई गई नवीन टिकट वेंडिंग मशीन का फीता काट कर शुभारंभ किया। एडीए द्वारा ऐसी अन्य 5 टिकट वेंडिंग और लगाई जाएंगी। वेंडिंग स्क्रीन से टिकट बुक कराकर देखा। संबंधित को इसका प्रचार प्रसार करने हेतु टिकट वेंडिंग का बोर्ड लगाने और उसमें ऑनलाइन टिकट बुक कराने की पूरी प्रक्रिया दर्शाने के साथ ही इसके नियमित संचालन हेतु 24 घंटे इंटरनेट की सुविधा और प्रत्येक टिकट वेंडिंग पर एक ऑपरेटर तैनात करने के निर्देश दिए। एडीए द्वारा संचालित गोल्फकार्ट के बारे में जानकारी ली। इसके बाद मंडलायुक्त ने ताजमहल के आस पास एडीए द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का गोल्फकार्ट से निरीक्षण किया। ताज पश्चिमी गेट पर पार्किंग स्थल पर एक टूरिस्ट गाइड फैसिलिटेशन सेंटर बनाया जा रहा है। पार्किंग पाथवे निर्माण कार्य की शुरुआत की गयी है। इसके अलावा अन्य स्वीकृत कार्य अभी तक शुरू नहीं हुए। जिसे लेकर मंडलायुक्त ने कहा कि अभी तक आपके विभाग के काम धरातल पर नहीं दिख रहे हैं। जल्द से जल्द सभी कामों को शुरू कराया जाए और निर्धारित समय पर पूरा करें।
अंत में राजकीय उद्यान चंद्रशेखर पार्क ताजगंज का निरीक्षण किया जहां स्काई डाइनिंग और कैफेटेरिया की योजना प्रस्तावित है। 7 दिन के अंदर यहाँ काम शुरू करने के निर्देश दिए और कहा कि पूरी सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखा जाए। पूरी जगह को अच्छे से मेंटेन करने के बाद ही इसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए खोला जाए।
: आगरा की सड़कों के नहीं बदले हालात, रविवार को तेज रफ्तार डंपर ने टेंपो को पीछे से मारी टक्कर
Mon, Dec 4, 2023
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में शनिवार को नेशनल हाइवे पर गुरुद्वारा गुरु का ताल के सामने हादसे में आटो चालक समेत छह की मौत हो गई। रात पुलिस ने अपनी खामियों को रफू करते हुए कुछ ही देर में 200 आटो से ड्राइवर के बगल लगी सीट उतरवाई और 100 से ज्यादा ऑटो के चालान और दस वाहन सीज किए। बता दें मंडी समिति से लेकर रूनकता तक रामबाग, सुल्तानगंज पुलिया, वाटरवर्क्स, खंदारी, भगवान टाकीज, गुरुद्वारा गुरु का ताल, सिकंदरा, आईएसबीटी, सब्जी मंडी समेत एक दर्जन से अधिक चौराहों पर पुलिस की तैनाती रहती है। इसके बावजूद हर चौराहे पर आटो और डग्गामार वाहन सड़क घेरकर सवारी भरते हैं और पुलिस की आंखों के सामने ओवरलोड होने के साथ जाम का कारण भी बनते हैं।
दिगनेर का रहने वाला इंटरमीडिएट का छात्र तरुण ठाकुर घर से रोहता के लिए जा रहा था। नहर के पास उसे कंटेनर चालक ने टक्कर मार दी। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए स्वजन ने रास्ता जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने समझा कर उन्हें शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वही हरिपर्वत चौराहा एमजी पर रेड लाइट होने के बाद भी ई-रिक्शा वाले ने रोड क्रॉस कर रहे पुलिस कर्मी को अपनी चपेट में ले लिया जबकि थाना हरीपर्वत सामने ही है और कई होमगाड खड़े नजर आएंगे लेकिन शायद उन्हें खड़े होने की सैलरी मिलती है।
हादसों के बाद जिम्मेदार किस तरह कागजी सबक लेते हैं। इसकी रवानगी रविवार को आगरा-दिल्ली हाइवे पर देखने को मिली। जिस मार्ग पर शनिवार को दो हादसों में सात लोगों ने जान गवां दी, वहां आटो, बैटरी रिक्शा और डग्गेमार वाहन मानक से दोगुनी सवारियां लेकर आवागमन करते नजर आए। रामबाग चौराहे पर ट्रक की टक्कर से लोडिंग टेंपो में बैठा युवक घायल हो गया और ताजगंज के दिगनेर में कैंटर की टक्कर से घायल छात्र की मृत्यु हो गई। आपको बता दें रामबाग पर लोडिंग टेंपो सवारियों को बैठा कर धड़ल्ले से गाड़ी दौड़ा रहा था। पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो में बैठा एक युवक घायल हो गया। डंपर चालक ने गाड़ी दौड़ाई और आगे एक कार को टक्कर मार दी। रामबाग पुल के पास पुलिस ने उसे पकड़ लिया। हालांकि इसके बाद भी डग्गामार वाहन पूर्ववत घूमते दिखाई दिए।
सड़क पर पैदल खड़ा हर व्यक्ति इन्हें सवारी नजर आता है। पीछे से आ रहे वाहनों को देखे बिना ही इनका हैंडल सवारी की ओर मुड़ जाता है अब पीछे वाला अगर खुद ब्रेक लगा ले तो ठीक वरना अगर हादसा हुआ तो कुछ ही देर में इनके साथी चालक इकट्ठा हो जाते हैं और उल्टा पीड़ित से ही वसूली की जाती है।