: टीबी रोग मुक्त अभियान को पलीता, आठ दिन से नहीं मिली मासूम पेशेंट को दवा, दर-दर भटकता पिता
Thu, Oct 19, 2023
Agra. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत से टीबी रोग को खत्म करना चाहते हैं। इसके लिए भारत सरकार द्वारा कई जन जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, साथ ही टीबी के मरीजों को निशुल्क इलाज और दवाई भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं लेकिन उनके अभियान को अधीनस्थ अधिकारी ही पलीता लगा रहे हैं। पौने दो साल की मासूम को टीबी रोग है। उसका इलाज चल रहा है लेकिन दवा की कमी के चलते उसका इलाज नहीं हो पा रहा है। पीड़ित पिता अपनी बेटी के लिए दवाओं के लिए दर दर की ठोकरें खा रहा है लेकिन उसे अपनी बेटी के लिए दवा नहीं मिल पा रही है।
जिला अस्पताल से लौटा खाली हाथ
पीड़ित कोटली बगीची का निवासी है। उसके बच्ची पौने दो साल की है और तबियत बिगड़ने पर उसकी जांच कराई गई तो पता लगा कि उसे टीबी का रोग है। पिता ने उसका इलाज शुरू कराया। एक बार 8 दिनों की दवा मिल गयी लेकिन उसके बाद बच्ची को पूरी दवा आज़ तक नहीं मिली। जिला अस्पताल से उसे सेमरी स्थित ऑफिस भेज दिया लेकिन वहाँ भी बेटी की दवा नहीं मिली। अब उसे दवा के लिए उसे दर दर भटकना पड़ रहा है।
बेटी ने 8 दिन से नहीं खाई दवा
पीड़ित ने बताया कि बेटी ने पिछले 8 दिनों से पूरी दवा नहीं खाई है। एक दवा तो आठ दिनों से नहीं मिली है। उसकी इस दवा के लिए दर दर भटक रहा हूँ। पिछली बार जिला अस्पताल आने पर सीएमएस अनीता शर्मा ने डॉट्स सेंटर से दवा दिलवाई थी लेकिन इस बार मीटिंग होने के चलते उनसे मुलाकात नहीं हो पाई है।
कैसे होगा बेटी का इलाज
पीड़ित पिता का कहना था कि बेटी अभी दो साल की भी नही है। ऐसे में उसे टीबी रोग से ग्रसित होना बड़ा हमारे लिए झटका था। बेटी का इलाज कराना शुरू किया तो अब उसे दवाएं नहीं मिल पा रही है। दवा नहीं मिलेंगी तो बेटी का इलाज कैसे मिलेगा। यह सोचकर दिल बैठ जाता है।
: विदेशी महिला पर्यटक से हुई अभद्रता, पीड़िता ने लिखित में दी शिकायत
Thu, Oct 19, 2023
Agra. फतेहपुर सीकरी में एक अमेरिकी महिला पर्यटक के साथ सीएनजी बस कंडक्टर द्वारा अभद्रता किये जाने का मामला सामने आया है। महिला पर्यटक ने इस मामले की लिखित शिकायत की है। महिला पर्यटक का आरोप है कि सीएनजी बस जो कि पर्यटकों को लेकर पार्किंग से स्मारक तक आती है उसमें मौजूद कंडक्टर द्वारा उनके साथ मिसबिहेव किया गया। विदेशी महिला पर्यटक के साथ अभद्रता मामले से हड़कंप मचा हुआ है।
पूरा मामला फतेहपुर सीकरी स्मारक का है। विदेशी महिला पर्यटक ने लिखित शिकायत में कहा है कि वह अपनी दोस्त के साथ फतेहपुर सीकरी स्मारक घूमने आई थी। उनके साथ उनका टूर गाइड भी था। वह मुख्य द्वार से स्मारक के गेट तक ले जाने वाली सीएनजी बस में बैठी। बस में मौजूद कंडक्टर ने उनके साथ अभद्रता की। वह काफी नकारात्मक बातें कर रहा था। महिला पर्यटक के साथ मौजूद टूर गाइड का आरोप है कि कंडक्टर द्वारा खुले पैसे ना होने पर पर्यटक के साथ अभद्रता की गई है।
विदेशी महिला पर्यटक ने दीवाने आम पर मौजूद अधिकारियों से बस परिचालक की शिकायत की और लिखित में भी शिकायती पत्र दिया। युवक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की गई। महिला पर्यटक का लिखित शिकायती पत्र तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
: 'विधानसभा चुनाव में अखिलेश - जयंत करते रहे मेहनत और सीएम बन गए योगी'
Thu, Oct 19, 2023
Agra. केंद्रीय मंत्री व आरपीआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले आगरा में एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए। निजी कार्यक्रम में शिरकत करने के साथ ही वह पत्रकारों से भी रूबरू हुए। पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। इसी वजह से आने वाले चुनाव में भाजपा सरकार की फिर से पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी।
उत्तर प्रदेश की राजनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नवंबर में मैं लखनऊ जाऊंगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करूंगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भी आरपीआई का विस्तार हो रहा है। ऐसे में उत्तर प्रदेश चुनाव के चुनाव में भी भाजपा गठबंधन में आरपीआई को जगह मिलनी चाहिए जिससे हम दलित और माइनॉरिटी सीटों पर जीत सकते हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती का जनाधार खिसकता जा रहा है और उस वोट बैंक की जगह आरपीआई ले सकती है। मायावती का दलित वोट आप खिसक रहा है। हम चाहते हैं दलित वोट आरपीआई के माध्यम से ज्यादा से ज्यादा भाजपा को मिले। बहुत सारे बसपा के नेता आरपीआई में आने को तैयार है। इसको लेकर में भाजपा के बड़े नेताओं से मिलने वाला हूं।
उत्तर प्रदेश में हमारा संगठन काम कर रहा है। लखनऊ में हम अपना कार्यालय खोलने जा रहे हैं। उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति पर कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था एक मंत्री पद आरपीआई को मिलेगा , अब महाराष्ट्र सरकार का विस्तार होने जा रहा है तो हम चाहते है कि एक मंत्री पद आरपीआई के कोटे में होना चाहिए।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कहा कि अखिलेश यादव मेरे अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में जयंत चौधरी को साथ लेकर काफी मेहनत की थी। वह मेहनत करते रह गए लेकिन सीएम योगी ने फिर से बाजी मारी और मुख्यमंत्री बन गए ।