: लीडर्स आगरा ने किया "एक राष्ट्र एक चुनाव" पर मंथन
Sun, Apr 13, 2025
•
एक राष्ट्र एक चुनाव से बचेगा धन देश की होगी प्रगति
•
लोकतंत्र होगा और सशक्त, भारत जैसे बड़े देश के लिए बेहतर विकल्प
•
देश को 4.50 लाख करोड़ की होगी बचत, रुकेगी जनहानि
•
बहु चुनाव व्यवस्था से पैसे के साथ समय की भी हो रही बर्बादी
आगरा। लीडर्स आगरा सामाजिक संस्था द्वारा आवास विकास कॉलोनी स्थित सेल्फी रेस्टोरेंट में एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर संवाद परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने एक राष्ट्र एक चुनाव के साथ बहु चुनाव पद्धति के प्रभाव और दुष्प्रभाव पर मंथन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, ब्रिगेडियर विनोद दत्त समाजसेवी सुनील विकल के साथ संगठन के संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग, अध्यक्ष डॉ पार्थ सारथी शर्मा और महामंत्री सुनील जैन ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप जलाकर किया। विचार गोष्ठी की अध्यक्षता समाजसेवी सुरेश चंद गर्ग ने की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अपने विचार रखते हुए भारत की चुनाव पद्धति की दिशा और दशा पर चिंतन किया।
विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' से सरकारी संसाधनों की बर्बादी रुकेगी, सुरक्षा बलों पर दबाव कम होगा और नागरिक एक साथ मतदान कर पाएंगे, जिससे भागीदारी बढ़ेगी और लोकतंत्र और सशक्त बनेगा। यह भारत जैसे विशाल लोकतंत्र के लिए दीर्घकालिक समाधान हो सकता है।
ब्रिगेडियर विनोद दत्ता ने कहा भारत में हर साल किसी न किसी राज्य में चुनाव होते हैं। इससे न केवल सरकारी खर्च बढ़ता है, बल्कि सुरक्षा, प्रशासन और संसाधनों पर भी बोझ पड़ता है। एक साथ चुनाव कराने से चुनावी खर्च में भारी कटौती की जा सकती है और इन संसाधनों को देश के विकास में लगाया जा सकता है।
लीडर्स आगरा के अध्यक्ष डॉ पार्थ सारथी शर्मा ने बताया कि 2024 के लोकसभा का चुनावी खर्च करीब ₹1.35 लाख करोड़ था, जो कि 2019 के लोकसभा चुनावी खर्च ₹60,000 करोड़ से लगभग दोगुना है। आने वाले समय में बढ़ती जनसंख्या के साथ ये खर्च बढ़ता ही जाएगा।
रोहित गोयल ने कहा कि"एक राष्ट्र, एक चुनाव" वह समाधान है जो सरकारी संसाधनों के बेवजह होते खर्च पर लगाम लगाकर राष्ट्रहित में उनका प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करेगा।
एक राष्ट्र एक चुनाव पर अपनी राय देते हुए महामंत्री सुनील जैन ने कहा कि एक ही समय पर सभी चुनाव होने से करीब 4.5 लाख करोड़ रुपए की बचत होगी, जो कि देश की जीडीपी के 1.5% के बराबर है। स्पष्ट है कि एक राष्ट्र एक चुनाव से होने वाली बचत से देश में विकास के नए अध्याय लिखे जा सकते हैं। इससे जनहानि रुकेगी।
लीडर्स आगरा के संरक्षक सुरेशचंद्र गर्ग ने अपनी राय रखते हुए कहा एक राष्ट्र एक चुनाव का निर्णय व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एक परिवर्तनकारी कदम सिद्ध होगा। इससे होने वाली आर्थिक बचत आने वाली पीढ़ियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। एक राष्ट्र एक चुनाव सिर्फ चुनावी मैनेजमेंट से आगे बढ़कर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास को तेज गति देने का सशक्त माध्यम भी बनेगा।
इस मौके पर प्रमुख रूप से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, लीडर्स आगरा के अध्यक्ष डा पार्थ सारथी शर्मा, ब्रिगेडियर विनोद दत्ता, महामंत्री सुनील जैन, संरक्षक सुरेश चंद्र गर्ग, समाजसेवी सुनील विकल, पार्षद शरद चौहान, दीपक खरे, मनोज बघेल, अपूर्वा सिंह जादौन, नितिन जौहरी, राहुल जैन, वीरेंद्र अग्रवाल, अवधेश उपाध्याय, प्रो शुभदा पांडे, अंजलि गुप्ता, रॉबिन जैन, डॉ अशोक कुशवाह, सुनील बग्गा सहित लीडर्स आगरा से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे।
: श्रीबालाजी धाम आश्रम में मनाया गया श्रीहनुमंत जन्मोत्सव का मंगल उत्सव
Sat, Apr 12, 2025
आगरा। दयालबाग स्थित श्रीबालाजी धाम आश्रम में दो दिवसीय श्रीहनुमंत जन्मोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। आश्रम के संस्थापक अरविंद जी महाराज ने बताया कि कलयुग में चिरंजीवी श्रीहनुमान जी को परम गुरु के रूप में पूजा जाता है। जिनके जीवन में कोई गुरु नहीं है, वे श्रीहनुमान जी को अपना गुरु मानकर आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर हो सकते हैं।
दयालबाग स्थित श्रीबालाजी धाम आश्रम में श्रीहनुमंत जन्मोत्सव का मंगल उत्सव—संस्थापक अरविंद जी महाराज एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में
अभिषेक महाराज ने जानकारी दी कि शुक्रवार से श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ प्रारंभ किया गया था। शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर इस पाठ का समापन हवन एवं पूजन के साथ किया गया। तत्पश्चात श्रीबालाजी महाराज का जन्मोत्सव मंगल गीतों और बधाइयों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। श्री बालाजी के चरणों में चांदी का छत्र और 11000 राम नाम अर्पित किए। कार्यक्रम का समापन प्रसादी वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर एएन रायजादा, किशोर अग्रवाल, अनीता, चित्रा सक्सेना, अनूप अग्रवाल, नेहा, रेखा, अलका, राजकुमार, अशोक, अवधेश, ललिता आदि उपस्थित रहे।
: विकास खण्ड सैंया के कर्मचारियों की मनमानी, घूस के चक्कर में लगा दी गलत रिपोर्ट
Wed, Apr 9, 2025
आगरा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन जैसे महत्वाकांक्षी योजनाओं के बावजूद, आगरा के विकास खण्ड सैंया में ग्राम प्रधान और ब्लॉक कर्मचारियों की मनमानी के आरोप लग रहे हैं। ताजा मामला ग्राम पंचायत भिड़ावली का है, जिसने योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित का आरोप: कागजों पर बना शौचालय, हकीकत में नहीं
ग्राम पंचायत भिड़ावली के निवासी दिवाकर कुशवाहा ने ग्रामीण शौचालय योजना के तहत अपने घर पर शौचालय बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। लेकिन जब उन्होंने अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन जांची, तो वे यह देखकर हैरान रह गए कि सरकारी कर्मचारियों द्वारा उनके घर पर पहले से ही शौचालय बना हुआ दिखाया गया है, जिसके कारण उनका आवेदन निरस्त कर दिया गया। जबकि वास्तविकता यह है कि दिवाकर कुशवाहा के पास कोई शौचालय नहीं है।
अधिकारियों से नहीं मिली सुनवाई, मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत
पीड़ित दिवाकर कुशवाहा ने इस मामले में खण्ड विकास अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें वहां से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के उनके प्रयास भी विफल रहे। अंततः निराश होकर दिवाकर कुशवाहा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि उच्च अधिकारी इस लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार पर क्या कार्रवाई करते हैं।
सूत्रों का दावा: अपात्रों को लाभ, पात्र वंचित
विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो विकास खण्ड सैंया में अपात्र लोगों को पात्र और पात्र लोगों को अपात्र दिखाने का खेल खुलेआम चल रहा है। इस तरह की अनियमितताओं से स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों पर पानी फिरता नजर आ रहा है।