: मृदंग मंजीरों संग कीर्तन करते हुए निकाली आमंत्रण यात्रा
Mon, Jun 23, 2025
श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव 7 जुलाई को, 6 जुलाई को नयन उत्सव में 15 दिन बाद भक्तों को दर्शन देंगे श्रीहरि
आगरा। भक्तों पर बरसते पुष्प और वातावरण में बिखरती हरिनाम संकीर्तन की स्वरलहरियां। श्रीहरि की भक्ति में डूबे और मृदंग, मंजीरे और ढोलक के भक्तिमय संगीत पर नाचते झूमते श्रद्धालु। कुछ ऐसे ही भक्तिभाव के साथ आज इस्कॉन मंदिर आगरा द्वारा श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव में शहरवासियों को आमंत्रित करने के लिए बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से आमंत्रण यात्रा निकाली गई।
इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु के नेतृत्व में निकाली गई आमंत्रण यात्रा में सभी श्रद्धालुओं ने हरे राम, हरे राम राम हरे हरे… कीर्तन पर झूमते नाचते बल्केश्वर व कमला क्षेत्र का भ्रमण किया। सभी शहरवासियों को 26 जून को नयन उत्सव व 27 जून को श्रीजगन्नाथ रथयात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। श्रीजगन्नाथ भगवान की भक्ति में झूमते नाचते भक्तों का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कुछ लोग भक्ति के इस उत्सव में शामिल हो गए तो कुछ दूर खड़े हरे राम, हरे कृष्णा… का कीर्तन करने लगे तो कुछ अपने अपने प्रतिष्ठानों से शीश झुकाते नजर आ। इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, नवीन सिंघल, संजय कुकरैजा, प्रदीप यादव, रमेश यादव, विपिन अग्रवाल, गोपीभव प्रभुजी, अनिल गुप्ता, राजीव मल्होत्रा, प्रदीप बंसल, सूरज, शाश्वत नंदलाल आदि उपस्थित थे।
24 जून को नूरी दरवाजे से निकलेगी आमंत्रण यात्रा
आगरा। 24 जून को श्रीजगन्नाथ महोत्सव में भक्तों को आमंत्रित करने के लिए आमंत्रण यात्रा नूरी दरवाजे से प्रारम्भ होगी। एसएन अस्पताल का पीपल वाला गेट, किनारी बाजार, चौबे जी का फाटक, रावत पाड़ा, जौहरी बाजार, दरेसी, छत्ता बाजार क्षेत्र में भ्रमण करते हुए आमंत्रण यात्रा बेलनगंज में विश्राम लेगी। जगह-जगह श्रद्धालों का स्वागत किया जाएगा।
: अन्त्योदय, गाँव, किसान गरीब महिलाओं, युवाओं के उत्थान को समर्पित है जिला पंचायत
Mon, Jun 23, 2025
चिल्ड्रन पार्क और सभा स्थल होंगे महापुरुषों के नाम युवा पीढ़ी को मिलेगी प्रेरणा
फतेहाबाद नगर और विधानसभा का नाम बदलकर ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर सिंदूरपुरम रखने का प्रस्ताव
हमारा मूलमन्त्र है विकसित गाँव विकसित देश -डॉ मंजू भदोरिया
आगरा । जिला पंचायत अगरा की बोर्ड बैठक जिला पंचायत सभागार में संपन्न हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला पंचायत के आगामी विकास कार्यों एवं सेवा संकल्पों पर चर्चा की गई। बैठक में जानकारी देते हुए अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया ने बताया कि वर्ष 2025-26 में जिला पंचायत चिल्ड्रेन पार्कों का निर्माण कार्य विभिन्न स्थलों पर कर रही है। ये स्थल ग्रामीण क्षेत्र में कई जरूरतों को पूरा करेंगे। ये सभा स्थल के रूप में बच्चों के खेलकूद के लिये, तथा गाँवों में होने वाले उत्सवों के लिये स्थान की कमी की पूर्ति करेंगे। साथ ही इसके अन्दर वृक्षारोपण कर हरे-भरे लॉन बनाने का भी प्रस्ताव है। इन स्थलों के नाम महान विभूतियों के नाम से रखे जायेंगे। जिससे युवा पीढ़ी को अपनी विरासत को समझने व उससे प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा। इन महान विभूतियों में महारानी आहिल्याबाई, महर्षि परशुराम, राणा सांगा, छत्रपति महाराज, महाराजा सूरजमल, डा० भीम राव अम्बेडकर, चन्द्रगुप्त मौर्य, सम्राट अशोक मौर्य, पृथ्वीराज चौहान, महाराजा अग्रसेन, निषादराज गुहा, स्वामी विवेकानन्द, महाराज मिहिर भोज, कर्पूरी ठाकुर, झलकारी बाई, लक्खीशाह बंजारा, शहीद क्रीडा स्थल का नाम रखा जायेगा। कुछ स्थानों पर महापुरुषों की मूर्तियाँ लगाने का भी प्रस्ताव है। जिला पंचायत की बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चिंतन के उपरांत सर्वसम्मति से चर्चा की गई।
फतेहाबाद नगर और बादशाही बाग का नाम बदलने पर प्रस्ताव
सामूगढ में सन् 1658 में औरंगजेब ने अपने भाई दाराशिकोह पर जीत के बाद उस सामूगढ का नाम बदलकर फतेहाबाद रख दिया था। सदन प्रस्ताव करता है कि इस गुलामी के प्रतीक फतेहाबाद नगर व फतेहाबाद विधान सभा का नाम बदलकर भारत की जीत के प्रतीक ऑपरेशन सिन्दूर के नाम पर सिन्दूरपुरम् रख दिया जाए।
सामूगढ़ में ही औरंगजेब ने गुलामी का प्रतीक बादशाही बाग बनाया था। बादशाही बाग का नाम ब्रहमोस मिसाइल के नाम पर व जगत पिता ब्रहमा जी के आशीर्वाद से यह सदन प्रस्ताव करता है कि बादशाही बाग का नाम बदलकर श्री ब्रहमाबाग कर दिया जाए।
भवन निर्माण में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की अनिवार्यता- जिला पंचायत द्वारा भवनों के निर्माण (३०० मीटर से ज्यादा) या व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के मानचित्र की स्वीकृति के लिए वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाना अनिवार्य होगा। तथा इसकी लगातार मॉनीटिरिंग जिला पंचायत द्वारा की जायेगी।
जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत, ग्राम पंचायतें, धरती को हरा-भरा बनाने के लिये अभियान चलाकर स्कूलों, निजी भवनों, खेतों सरकारी इमारतों, पार्कों आदि में एक पेड़ माँ के नाम अभियान को जन-आन्दोलन बनाकर सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने का विशेष अभियान चलायेगी।
जिला पंचायत सदस्य खारे पानी से मुक्ति के लिये विभिन्न स्थानों पर जिला पंचायत द्वारा आर.ओ. प्लान्ट सिस्टम का अधिष्ठापन कार्य कराया जा रहा है।
स्वच्छ भारत मिशन को गति देने के लिये विभिन्न स्थानों पर स्वस्छ भारत मिशन को गति देने के लिए विभिन्न स्थानों पर स्नान घर, शौचालय पानी की व्यवस्था के सहित निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
इस समय नई सड़कें बन रही हैं। कई जगह पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। सी०सी० व इण्टरलॉकिंग के कार्य, नाली, नालों का निर्माण कार्य त्वरित गति से कराया जा रहा है।
ग्रामीण खेल प्रोत्साहन पर जोर
ग्रामीण क्षेत्रो में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिये व युवाओं की प्रतिभाओं को निखारने के लिए बडोबरा खुर्द का मिनिस्टेडियम बनकर एक माह के अन्दर पूर्ण हो रहा है। इसका लोकार्पण ग्रामीण क्रिकेट लीग की शुरुआत कर कराने का प्रस्ताव है। साथ ही 2025-26 में एत्मादपुर मिनिस्टेडियम के अन्दर इन्डोर गेम्स के लिये एक एक हॉल, जैतपुर कलां व मेवली कलां में भी मिनीस्टेडियम बनाना प्रस्तावित है।
जिला पंचायत भूजल स्तर को बढाने के लिये नये जलाशय बना रही है। तथा पुराने जलाशयों को गहरा करने का कार्य कर रही है। पर्यावरण की सुरक्षा हेतु उसके आस-पास के क्षेत्र का सौन्दर्यीकरण कर पेड़-पौधों से अच्छादित किया जायेगा। बैठने के लिये सीमेन्ट की बैचों की व्यवस्था की जायेगी। पट्टी शेखूपुर में ग्रामीण क्षेत्र की सुविधा के लिये महर्षि परशुराम विश्राम स्थल का निर्माण कार्य शुरु हो चुका है।
ताज महोत्सव की तर्ज पर होगा बटेश्वर मेला
जिला पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि इस वर्ष ताज महोत्सव की तर्ज पर प्रसिद्ध बटेश्वर मेले का आयोजन किया जायेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा सदस्यों से अपेक्षा की जाती है कि इस मेले को भव्य-दिव्य व आलौकिक बनाने के लिए अपने सुझाव व अपनी सम्मानित भागेदारी दें।
सोलर लाइटें लगाने की योजना को अन्तिम रुप दिया जा रहा है। कोशिश होगी कि ज्यादा से ज्यादा गाँवों के मुख्य स्थानों पर लाइटें लगाकर अन्धकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाली योजना को मूर्त रुप दिया जा सके।
महिला सशक्तीकरण को बढावा देने के लिये स्वयं सहायता समूह आर्थिक रूप से कमजोर व एस.सी. एस.टी. महिलाओं को जिला पंचायत उचित स्थानों पर दुकानें बनाकर उनके सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।
बैठक के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया के साथ सभी सदस्यों ने जिला पंचायत सदस्या वार्ड नं. 35 गुलाब देवी के गोलौकवासी होने से शोक व्यक्त किया ।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ मंजू भदोरिया, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत उमेश चंद्र, अभियंता देवेंद्र कुमार सहित जिला पंचायत और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और सदस्य मौजूद रहे।
: आवास विकास में निकली आमंत्रण यात्रा, रथयात्रा का दिया बुलावा
Sun, Jun 22, 2025
श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव 27 जून को, 26 जून को नयन उत्सव में 15 दिन बाद भक्तों को दर्शन देंगे श्रीहरि
आगरा। हरे राम हरे कृष्णा… के संकीर्तन ने हर किसी को भक्ति की गंगा में डुबा दिया। मंजीरे और मृदंग के भक्तिमय सुरों पर झूमते नाचते श्रद्धालुओं ने आज आवास विकास से 27 जून को आयोजित होने जा रहे भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के लिए शहरवासियों को आमंत्रित करने के लिए आमंत्रण निकाली। होटल भावना क्लार्क से प्रारम्भ हुई आमंत्रण यात्रा ने आवास विकास कालोनी में भ्रमण करते हुए आर्केड शास्त्रीपुरम पर विश्राम लिया।
भक्तों का इंतजार समाप्त होने वाला है। 26 जून को कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में आयोजित नयन उत्सव में श्रीहरि 15 दिन बाद भक्तों को दर्शन देंगे। वहीं 27 जून को बल्केश्वर महालक्ष्मी मंदिर से भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न शहरों के हजारों भक्तजन भाग लेंगे। रशिया के भक्त भी लेने पहुंचेंगे। रथयात्रा महोत्सव के उपलक्ष्य में आज भक्तों को आमंत्रित करेने के लिए इस्कॉन आगरा अध्यक्ष अरविन्द प्रभु के नेतृत्व में आमंत्रण यात्रा का आयोजन किया गया। ढोलक,मृदंग, मंजीरों संग श्रीहरि के भक्त हरे राम, हरे राम, राम राम हरे हरे, हरे कृष्णा…कीर्तन करते हुए आवास विकास क्षेत्र का भ्रमण किया और भक्तों को रथयात्रा के लिए निमंत्रण दिया।
श्रीजगन्नाथ भगवान की भक्ति में झूमते नाचते भक्तों का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। कुछ लोग भक्ति के इस उत्सव में शामिल हो गए तो कुछ दूर खड़े हरे राम, हरे कृष्णा… का कीर्तन करने लगे। अरविन्द प्रभु ने बताया कि सभी भक्त भक्तिभाव के साथ रथयात्रा महोत्सव की तैयारियों में जुटे हैं। भक्तों के घर में छप्पन भोग के लिए पकवान बन रहे हैं तो कहीं श्रीहरि की पोशाक तैयार की जा रही है। इस अवसर पर मुख्य रूप से नितेश अग्रवाल, प्रदीप बंसल, राजीव मल्होत्रा, मुकेश अग्रवाल, रमेश यादव रीनकेश, शाश्वत नन्दलाल अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, सुशील अग्रवाल, नीलेश आदि उपस्थित थे।
23 जून को बल्केश्वर महालक्ष्मी मंदिर से निकलेगी आमंत्रण यात्रा
आगरा। 23 जून को श्रीजगन्नाथ महोत्सव में भक्तों को आमंत्रित करने के लिए आमंत्रण यात्रा बल्केश्वर व कमला नगर क्षेत्र में भ्रमण करेगी। मृदंग मंजीरों संग श्रीहरि के भक्तजन बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से आमंत्रण यात्रा का शुभारम्भ करेंगे। बल्केश्वर कमला नगर में भ्रमण करते हुए श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचकर आमंत्रण यात्रा विश्राम लेगी।