: देश भक्ति और ईश भक्ति के साथ दिया पर्यावरण स्वच्छता का संदेश
Sun, Mar 31, 2024
•
किडजी मानस नगर स्कूल के वार्षिकोत्सव में नन्हे मुन्नों ने बिखेरे खुशियों के रंग, विद्यार्थियों की प्रतिभा देख हर्षित हुए अभिभावक
आगरा। सरलता और मासूमियत से भरे नन्हे मुन्नों की प्रतिभा देख अभिभावकों के चेहरे पर बिखरी खुशी देखने लायक थी। लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित किडजी मानस नगर स्कूल के वार्षिकोत्सव में देश भक्ति के साथ श्रद्धा भाव भी नजर आया। एक ओर जहां विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों में राधा-कृष्ण का प्रेम और श्रीराम की मर्यादा और भक्त हनुमान की भक्ति थी तो वहीं विभिन्न प्रांतों की संस्कृति को समेटे भारत के सतरंगी रंग भी थे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ डॉक्टर चीनू अग्रवाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी अतिथियों का स्वागत स्कूल के निदेशक विनय सिंघल ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। गणेश वंदना के साथ प्रारम्भ हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम में नन्हें मुन्नों ने प्रेम से हमको जीने दो… प्रस्तुति के माध्यम से बड़ों को पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संदेश दिया। यहां हर कदम-कदम पर धरती बदले रंग… ने भारतवर्ष की सुन्दरता और अनेकता में एकता का संदेश था तो वहीं केसरिया मौसम…, मैं निकला गड्डी ले के…, लुक छिप न जाओ जी…, मधुबन में जो कन्हैया किसी गोपी से मिले…, कीजो केसरी के लाल… जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों ने अतिथियों व अभिभावकों की खूब तालियां बटोरी। संचालन जेशना कक्कड़ ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से विशिष्ट अतिथि डॉ. चीनू अग्रवाल, निदेशक विनय सिंघल, सेन्टर हेड अनुपम कक्कड़, उपनिदेशक लवी सिंघल, शिमी शिखा, मीनू कालरा, सुनील जैन आदि उपस्थित थे।
: यूपी माध्यमिक शिक्षा संघ ने किया बोर्ड उत्तर कॉपी मूल्यांकन का बहिष्कार
Sun, Mar 24, 2024
आगरा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडे गुट ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का शनिवार को बहिष्कार किया। प्रदेश भर के कॉपी जांचने में लगे शिक्षकों ने आज मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंच कर मूल्यांकन का संपूर्ण बहिष्कार किया। मृतक शिक्षक के परिवार की सहायता के लिए की गई मांगों पर निर्धारित समय में शासन की तरफ से कोई जवाब नहीं आया। जिसके विरोध में बहिष्कार किया गया।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडे गुट के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ भोज कुमार शर्मा का कहना है कि सरकार की उदासीनता दुर्भाग्यपूर्ण है। बीते शुक्रवार को संगठन की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जब तक शासन मांगें नहीं मानेगा तब तक बहिष्कार जारी रहेगा। आश्रित परिवार के लिए कई मांगें की गई थीं।
यह थी प्रमुख मांगे-
1- एक करोड़ रुपये की विशेष आर्थिक सहायता,
2- मृतक शिक्षक की पत्नी को पेंशन के रूप में शिक्षक की शेष सेवा का पूरा वेतन दिया जाए
3- राजकीय हाईस्कूल महगांव, वाराणसी का नाम मृतक शिक्षक के नाम पर किया जाए
4- उत्तर पुस्तिकाओं को लाने-ले जाने के कार्य से शिक्षकों को मुक्त किया जाए
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ .भोज कुमार शर्मा ने बताया कि आगरा में यूपी बोर्ड की कॉपियों का मूल्यांकन कर रहे शिक्षकों ने मूल्याकंन बहिष्कार किया। पांचों मूल्यांकन केंद्रों पर एक भी कॉपी का मूल्यांकन नहीं किया गया। शिक्षक संघ वाराणसी के धमेंद्र कुमार की हत्या के बाद सरकार के वायदे पूरे ना करने पर विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगे नहीं मानी जाएंगीं, तब तक मूल्यांकन नहीं होगा। सरकार ने आश्वासन दिया था कि छह दिन में भुगतान कर दिया जाएगा दुर्भाग्य से अब तक सरकार ने कोई भी मांग पूरी नहीं की है। डॉ. भोज कुमार शर्मा ने मांग की है कि जब तक भुगतान नहीं होगा और नौकरी नहीं दी जाएगी तब तक मूल्यांकन कार्य नहीं होगा।
आगरा के 5 केंद्रों पर साढ़े सात लाख कॉपियों का मूल्यांकन होना है। इसके लिए राजकीय इंटर कॉलेज, शाहगंज, आरबीएस, एनसी वैदिक, नगर निगम हाई स्कूल और एमडी जैन इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। मूल्यांकन के लिए 2671 शिक्षकों की ड्यूटी है। राजकीय इंटर कॉलेज पर 9537 हाईस्कूल और 93437 इंटर, एमडी जैन में 103886 इंटर, आरबीएस में 101408 इंटर, एनसी वैदिक में 192652 हाईस्कूल और नगर निगम हाई स्कूल में 176846 हाईस्कूल की कॉपियों का मूल्यांकन होना है।
माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद आगरा की जिला अध्यक्ष लक्ष्मी रानी शर्मा ने कहा कि सभी शिक्षकों ने अनुशासित रहकर किसी भी केंद्र पर मूल्यांकन नहीं किया। बहिष्कार में प्रदेश कार्य समिति के सदस्य दिनेश चंद्र गुप्ता जिला मंत्री डॉ भीष्म पाल सिंह, लक्ष्मीकांत त्यागी, योगेश कुमार गुप्ता, धीरज सिंह, चूड़ामणि सिंह, राजेश गुप्ता, मनमोहन सिंह चाहर, सुरेश चाहर, प्रमोद चाहर, चंचल बंसल, सल्तनत फिरोज, मकसूद अली आदि मौजूद रहे।
: किन्नू, संतरे और नींबू के पौधे लगाए, होली के रंग भी बरसाए
Thu, Mar 21, 2024
कृष्ण सेवा नारी कल्याण संस्था द्वारा आरबीएस डिग्री कालेज में आयोजित किया गया होली मिलन समारोह, हवन, योगा कर औषधीय व फलदार पौधे लगाए
आगरा। कृष्ण सेवा नारी कल्याण संस्था द्वारा कुछ अनूठे अंदाज में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। आरबीएस डिग्री कालेज में आयोजित कार्यक्रम में प्रातः विद्यार्थियों को योगा कराकर उसका महत्व समझाया। विश्व कल्याण के लिए विधि विधान के साथ यज्ञ का आयोजन किया। इस अवसर पर गुलाब, नींबू, आम, किन्नू, गुड़हल, संतरे, इंसुलिन के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम का शुभारम्भ भगवताचार्य योगेन्द्र सिंह परिहार, आरबीएस कालेज के प्राचार्य विजय श्रीवास्तव ने यज्ञ एवं आरती कर किया। कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है। सनातन संस्कृति व अपने संस्कारों से जुड़े रहने के लिए इस तरह के कार्यक्रमों का शिक्षण संस्थानों में होना आवश्यक है। कृष्ण सेवा नारी कल्याण के अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वस्थ रहने के लिए स्वस्थ शरीर और स्वच्छ पर्यावरण होना चाहिए। इसी उद्देश्य के साथ विद्यार्थियों को योग कराने के साथ औषधीय और फलदार वृक्ष लगवाए गए हैं। सभी अतिथियों व विद्यार्थियों ने वैदिक मंत्रोच्चरण के साथ हवन में आहूति दी। एक दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। भंडारे में सभी ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गायत्री परिवार से सुरेश चंद सक्सेना, शैलेन्द्र गुप्ता, संदीप सिंह धामा, हर्षिता, डॉ. भूपेन्द्र कौर, सुरेन्द्र कौर, आद्या सिंह, कल्पिता आदि उपस्थित थीं।