: 20 से 28 सितंबर तक कोठी मीना बाजार (चित्रकूट धाम) में बहेगी राम रसधार
Mon, Sep 18, 2023
आगरा। श्री कामतानाथ सेवा समिति के बैनर तले 20 से 28 सितंबर तक चित्रकूट धाम कोठी मीना बाजार में 9 दिवसीय श्री राम कथा का आयोजन किया जाएगा। श्री कामदगिरि पीठाधीश्वर जगतगुरु रामनंदाचार्य स्वामी रामस्वरूपाचार्य महाराज के मुखारविंद से श्रीराम कथा का वाचन होगा। नौ दिवसीय कथा में व्यास पीठ से भगवान श्री राम कथा के अंतर्गत मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन चरित्र का वर्णन किया जाएगा।
यह जानकारी लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष राम सेवक शर्मा, महामंत्री धर्मन्द्र कुमार त्यागी व रामवीर सिंह चाहर ने दी।
3100 कलशों के साथ निकलेगी कलश यात्रा
श्री राम कथा के लिए कलश यात्रा 19 सितंबर को प्रातः 8 बजे चिंता हरण मंदिर जयपुर हाउस से 3100 कलशों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर शहर वासियों को कथा अमृत पान के लिए प्रेरित करेगी। समिति के अध्यक्ष रामसेवक शर्मा जय भोले ने बताया कि श्री राम कथा में हर रोज दैनिक यजमान के साथ विशिष्ट अतिथि और मंदिरों के महंत, पीठाधीश्वर और संतों को आमंत्रित किया गया है।उन्होंने बताया कि प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक श्रीराम कथा का आयोजन होगा। 19 सितम्बर को कलश यात्रा, प्रतिदिन प्रातः 9 से 11 बजे तक हवन यज्ञ पूजन, विश्वविश्यात गायक अजय याग्निक द्वारा 25 सितम्बर को शाम 5 बजे से सुन्दरकाण्ड का पाठ, 26 सितम्बर को मानस कवि सम्मेलन में अन्तर्राष्ट्रीय कवियों द्वारा शाम 5 बजे कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।आज व्यासपीठ जगतगुरु स्वामी श्री रामस्वरूपाचार्य जी महाराज के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा संगीतमय सुन्दर काण्ड पाठ का आयोजन भी किया गया। बैठक आयोजित कर सभी कथा के लिए समिति के सदस्यों को कार्यभार सौंपा।इस अवसर पर मुख्य रूप से जयप्रकाश त्यागी, हाकिम सिंह त्यागी, शैलेन्द्र उपाध्याय, आलौकिक उपाध्याय वात्सल्य उपाध्याय, हरेन्द्र शर्मा, श्रीकांत त्यागी, गजेन्द्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।
: दरोगा को खंबे से बांधा, पीट पीटकर किया अर्धनग्न, वीडियो वायरल
Mon, Sep 18, 2023
Agra. खाकी का एक ऐसा चेहरा सामने आया है जिसने खाकी को दागदार बना दिया है। दारू के नशे में एक दरोगा दीवार फांदकर एक घर में घुस गया। कमरे में सो रही लड़की से जबरदस्ती करने लगा। लड़की ने शोर मचाया तो परिजन जाग गए। परिजनों ने आपत्तिजनक अवस्था में दरोगा को पकड़ लिया। तब तक शोर शराबा सुनकर ग्रामीण भी इक्ट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने दरोगा को आपत्तिजनक स्थिति में देखा तो आक्रोशित हो गए। दरोगा को खंभे से बांध कर जमकर पीटा गया। इसके बाद पुलिस बुला ली। आधी रात जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दरोगा खंभे में अर्द्धनग्न अवस्था में बंधा था। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो अब वायरल हो रहा है। फिलहाल, दरोगा को सस्पेंड कर दिया गया है।
बेटी के चीखने पर जागे परिजन
घटना बरहन इलाके के गांव तिहेया की है। गांव वालों ने बताया कि रविवार रात 11 बजे दरोगा घर की दीवार को फांदकर अंदर घुस गया। नशे की हालत में दरोगा ने घर में मौजूद लड़की से छेड़खानी की। उसके कपड़े फाड़ दिए। लड़की के शोर मचाने पर परिजन जाग गए। दरोगा की करतूत देखकर परिजनों ने उसे पकड़ लिया। शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। सामने आया कि घर में घुसने वाला शख्स बरहन थाना पर तैनात दरोगा संदीप कुमार है। इसके बाद लोग और ज्यादा भड़क गए। कहा कि जिन पर हमारी सुरक्षा की जिम्मेदारी है। वहीं हमारी बहू-बेटियों पर गंदी नजर डाल रहे हैं।
मुक़दमा हुआ दर्ज़
पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने बताया कि, ''आरोपी दरोगा संदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। विभागीय कार्रवाई के लिए भी आदेश कर दिए गए हैं।
: अपर निदेशक और सीएमओ ने आगरा जिला अस्पताल का किया निरीक्षण
Mon, Sep 18, 2023
Agra. आगरा के जिला अस्पताल की चिकित्सीय व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सीएमओ और अपर निदेशक जिला अस्पताल पहुँचे। यहां पर उन्होंने जिला अस्पताल की ओपीडी पर्चा काउंटर से लेकर एक्स-रे, ब्लड कलेक्शन और पैथोलॉजी का निरीक्षण किया।ओपीडी से लेकर पर्चा काउंटर, एक्स-रे, ब्लड कलेक्शन और पैथोलॉजी में मरीजों की भीड़ को देखकर वह भी दंग रह गए। पर्चा काउंटर पर अत्यधिक भीड़ के चलते धक्का मुक्की हो रही थी तो वहीँ मरीज भी परेशान हो रहे थे। ओपीडी में लगी लंबी लाइन का भी यही हाल था। उन्होंने ओपीडी में टोकन सिस्टम के साथ-साथ पर्चा काउंटर और रजिस्ट्रेशन काउंटर बढ़ाये जाने की बात कही।आपको बताते चलें कि पिछले दिनों जिला अस्पताल की पर्चा काउंटर पर अत्यधिक भीड़ के कारण मरीजों के जमीन पर बैठने व अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर सोशल मीडिया पर शिकायतें की गई थी जिसका प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य मंत्री ने संज्ञान लिया। मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले इसीलिए आगरा के स्वास्थ्य अधिकारियों को जिला अस्पताल के साथ-साथ लेडी लॉयल और सीएचसी पर बेहतर व्यस्था करने की निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में आज सीएमओ आगरा और अपर निदेशक मंडल दोनों ही दलबल के साथ जिला अस्पताल पहुंचे थे और यहां की चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।सीएमओ आगरा अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि मरीज को कैसे बेहतर सुविधा मिले, इसको लेकर आज निरीक्षण किया गया है। पर्चा काउंटर पर अत्यधिक भीड़ थी इसीलिए पर्चा काउंटर बढ़ाये जाने, ओपीडी में टोकन सिस्टम और मरीजों के बैठने की उचित व्यवस्था के लिए रिपोर्ट तैयार की जाएगी। साथ ही पैथोलॉजी और ब्लड कलेक्शन में भी इसी तरह की व्यवस्थाएं हो इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजा जाएगी।