: मदद के बहाने साइबर अपराधियों ने युवक को बनाया शिकार, खाते से उड़ाए 5.53 लाख
Thu, Oct 5, 2023
Agra. आगरा पुलिस साइबर अपराधियों पर ताबड़तोड़ कार्यवाही करने के साथ साथ आम जनमानस को जागरूक बना रही है लेकिन फिर भी ये अपराधी आम व्यक्ति को आसानी से अपना निशाना बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला ताजगंज थाना क्षेत्र के राजपुर चुंगी का है। राजपुर चुंगी स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में रुपये निकालने आए एक व्यक्ति को साइबर अपराधियों ने शिकार बनाया। एटीएम में गड़बड़ी कर डेबिट कार्ड फंसा दिया। पास खड़े युवक ने मदद के बहाने काॅल सेंटर के नाम पर अपने साथी से बात कराकर कार्ड की जानकारी ले ली और कुछ ही देर में खाते से 5.53 लाख रुपये उड़ा दिए। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है। पुलिस जांच में जुट गई है।
शहीद नगर निवासी विनीत शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह एक टोल कंपनी में काम करते हैंं। कंपनी का चालू खाता सिकंदरा-बोदला मार्ग स्थित आईसीआईसीआई बैंक की शाखा में है। वह अपने बहनोई हेमेंद्र वशिष्ठ को राजपुर चुंगी स्थित बैंक के एटीएम से कुछ धनराशि निकालने के लिए भेजा था। धनराशि निकलने के बाद मशीन में डेबिट कार्ड फंस गया। तभी एक युवक ग्राहक की तरह आ गया। वह कार्ड निकालने में मदद करने लगा। तभी उसने केबिन में नोटिस बोर्ड पर पेन से लिखे हेल्पलाइन नंबर को अपने फोन से मिलाकर बात करा दी।
बैंक से मैसेज आया तो उड़ गए होश
बात करने वाले ने खुद को बैंक का ग्राहक सेवा प्रतिनिधि बताया। इस पर उन्होंने विश्वास कर लिया। मशीन में लगे कुछ बटन दबाकर और ओटीपी पूछा। कुछ देर बाद कार्ड बाहर आ गया। वह घर चले गए। बैंक से मैसेज आने पर पता चला कि खाते से 34 बार में 5.53 लाख रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने साइबर सेल और थाना ताजगंज में शिकायत की
डिलीट का बटन, गुप्त कोड फिर एंटर
पुलिस का कहना है कि कार्ड पीड़ित के पास ही है। ऐसे में आशंका क्लोन डेबिट कार्ड बनाने की है। इसके लिए मशीन में स्कीमर भी लगाया गया हो सकता है। एटीएम केबिन में आए युवक ने अपने फोन से हेमेंद्र वशिष्ठ की बात कराई थी। बात करने वाला भी युवक का ही साथी था। उसने कहा था कि कार्ड लगाने वाली जगह के नीचे लगे बटन को दबाओ। दो बार डिलीट का बटन दबाने को कहा। पिन नंबर डालकर दो बार एंटर भी कराया। तब कार्ड बाहर आ गया।
युवकों ने की मशीन में गड़बड़ी
पुलिस के मुताबिक जो युवक एटीएम के पास खड़ा था उसी ने मशीन में गड़बड़ी की होगी। ये शातिर अपराधी देख लेते है कि इस समस्या से कौन व्यक्ति सबसे ज्यादा परेशान हो रहा है। पीड़ित भी अचानक से कार्ड फंस जाने से परेशान हुआ था और उसका फायदा शातिर ने उठा लिया। खाते से जो रकम निकली। उसमें ज्यादातर पेट्रोल पंप से कैश कराई गई। एटीएम से भी निकाली गई। पुलिस केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान के प्रयास में लगी है। वहीं पेट्रोल पंपों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
: कूलर के पानी छींटे दरवाजे पर पड़ी तो दबंग पड़ौसी ने जमकर की मारपीट
Thu, Oct 5, 2023
Agra. चलते कूलर के पानी की छींटे दूसरे के दरवाजे के पास क्या गिरी, रिश्तेदार पड़ोसी आग बबूला हो गया। पड़ौसी घर पर गर्भवती महिला को जमकर पीटा। पति व अन्य परिवार के लोग बचाव में आए तो दबंग रिश्तेदार ने लाठी डंडों से सभी की पिटाई कर दी। झगड़े में विवाहिता का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। लगभग आधा दर्जन परिवार के लोग घायल हुए जो इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुँचे।
पूरा मामला शास्त्रीपुरम स्थित ईडव्लूएस A ब्लॉक का है। पीड़ित कल्याण सिंह अपने परिवार के साथ यहाँ रहता है। पीड़ित ने बताया कि वह मजदूर है। सुबह मजदूरी के लिए निकला था। पीछे से दबंग पड़ोसी जो रिश्तेदार भी लगता है अपने परिवार के साथ आया और कूलर के पानी की छींटे आने की कहकर पत्नी के साथ मारपीट कर दी जबकि पत्नी प्रेग्नेंट है। बच्चे ने घटना की जानकरी दी तो वह वापस लौट आया। जब मारपीट के बारे में उनसे कहा तो दिनेश राजेंद्र नरेश और तीन महिलाओं ने लाठी डंडों से हमला बोल दिया। दिनेश ने उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिससें घटना में वह, उसका भाई, माँ और कई लोग घायल हो गए।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी का घर उनके घर से काफी दूर है लेकिन रास्ता उनके कमरे के सामने से ही है। कूलर चलता है तो उनके घर के बाहर तक पानी की छींटे तक नहीं जाती है लेकिन फिर भी दबंगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत थाने में की है।
: दशहरा घाट का नजारा देख विदेशी पर्यटक ने कहा - 'इट्स लुक लाइक रबिश, आई एम वेरी सैड'
Thu, Oct 5, 2023
Agra. ताजमहल के पीछे दशहरा घाट का नजारा आजकल कुछ ठीक नहीं है। जिम्मेदारों की लापरवाही के चलते यमुना घाट पर कूड़े के ढेर लगे हुए है। सबसे बड़ी बात यह है कि यहाँ पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कुंड बनाया गया था जिसमें भगवान गणेश की प्रतिमाओं की दुर्दशा हो रही है। गंदगी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं की दुर्दशा देखकर यहाँ आने वाले विदेशी पर्यटकों के मन में आगरा और भारत की अलग छवि बन रही है। एक विदेशी पर्यटक ने तो यह कह दिया कि वह यह सब बकवास देखकर काफी दुःखी है।
ताजमहल निहारने के बाद कई विदेशी पर्यटक दशहरा घाट पर पहुँचे थे। यमुना और ताजमहल के साये में जमकर सेल्फी ले रहे थे। इस बीच यमुना के इस घाट पर गंदगी का अंबार देखकर एक पर्यटक व्यथित नजर आई। यह पर्यटक काफी देर तक यहाँ बैठी रही और फिर इस दृश्य को देख कर कहने लगीं इट्स लुकलाइक रबिश,आई एम वेरी सैड।
स्वच्छता अभियान की खुली पोल
देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती को केंद्र सरकार ने स्वच्छता अभियान से जोड़ा था। इस अभियान में सभी सरकारी विभाग और उसके कर्मचारी, थाना पुलिस और पुलिस के आलाधिकारी, सामाजिक संगठन, एनजीओ और भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने स्तर से स्वच्छता अभियान चलाकर एक क्षेत्र को साफ किया था। इस अभियान के अंतर्गत दशहरा घाट पर भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम, पर्यटन, पुरातत्व विभाग और ताज सुरक्षा पुलिस इस सफाई अभियान में शामिल हुई। सभी ने इस अभियान के दौरान सिर्फ खानापूर्ति की गई। इसी का परिणाम था कि यमुना के घाट पर कूड़े के ढेर लगे थे और बनाये गए कुंड में गणेश प्रतिमाओं की दुर्दशा हो रही थी। इसके चलते ही भारत और आगरा की छवि धूमिल कर हो रही है।