: बदमाशों ने की 35 लाख की चोरी, पीछा करने पर की फायरिंग
Thu, Nov 9, 2023
Agra. बीती रात अज्ञात बदमाशों ने बजहेरा गांव में बदमाशों ने धावा बोल दिया। उन्होंने गांव के ही महेश पाल के घर को अपना निशाना बनाया। बेखौफ होकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया और नगदी के साथ साथ लगभग 30 तोले सोने चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गया। पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी जिसमें पीड़ित बाल बाल बच गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गयी और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।
छत के रास्ते घर में किया प्रवेश
पीड़ित महेशपाल ने बताया कि अज्ञात बदमाश पीछे बीके रास्ते सीढ़ी से छत पर चढ़े और जीने का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। बदमाशों ने बेखौफ होकर घर में रखे संदूक और गोदरेज की अलमारी को खंगाला। उसमें रखे सोने चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पीड़ित ने बताया कि उनके घर में पेट्रोल पम्प के लिए 5 लाख नगद रखे हुए थे और पत्नी के साथ साथ बेटी के भी सोने चांदी के आभूषण रखे हुए थे। बदमाश पूरा आभूषण ले उड़े। लगभग 35 लाख रुपये की चोरी हुई है। बदमाशों ने घर में कुछ भी नहीं छोड़ा। पीड़ित का कहना है कि उन्हें सबसे ज्यादा दु:ख बेटी के आभूषणों का है। अपने की पूर्ति तो कैसे भी कर लेते लेकिन अब बेटी को कैसे देंगे।
घर में मौजूद थे सभी
पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने भी इस वारदात को उस समय अंजाम दिया है जब घर पर सब थे। उन्होंने बताया कि बड़ा बेटा अपने परिवार के साथ ऊपर सो रहा था और नीचे वह सभी थे। बदमाश अलमारी और बक्शे खंगाल रहे थे लेकिन उन्हें भनक तक नही लगी। जब वो भाग रहे थे तो आवाज हुई। बेटा नीचे उतरकर आया और फिर बदमाशो का पीछा किया तो उन्होंने फायरिंग कर दी।
घर में वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्र पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पूरे घटनास्थल का उन्होंने निरीक्षण किया और पीड़ितों से पूछताछ जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस कई पहलुओं से इस घटना की जांच कर रही है। पुलिस ने अभी औपचारिक इस घटना पर कुछ नहीं बोला लेकिन पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान रही है। घर में इतनी बड़ी वारदात हो जाना और किसी को पता न चलना बड़ी बात है।
: वायु प्रदूषण ने बढ़ा दी नेत्र, स्किन और सांस के मरीजों की संख्या, चिकित्सक दे रहे ये परामर्श
Thu, Nov 9, 2023
Agra. ताजनगरी में प्रदूषण बढ़ने के कारण लोगों के चेहरे की रंगत उड़ने लगी है। सांस, अस्थमा और एलर्जी रोगियों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लोगों की आंखों में जलन और थकान की समस्याएं भी ज्यादा हो गई हैं। इसके अलावा स्किन के रोगी भी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुँच रहे है। लोगों की सेहत के लिए वायु प्रदूषण लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
आगरा जिला अस्पताल में इस समय नेत्र रोग स्किन रोग और टीबी विभाग की ओपीडी में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। नेत्र और स्किन की ओपीडी में प्रतिदिन 300 से 400 मरीज आ रहे है। उनमें से 30 से 35 प्रतिशत मरीज प्रदूषण की मार झेल रहे है। नेत्र रोग विशेषज्ञ का कहना है कि इस समय आंखों में जलन व खुजली की समस्या सामने आ रही है। ऐसे में मरीजों की संख्या बढ़ गयी है। यह समस्या वायु प्रदूषण के चलते आ रही है। मरीजों को बाहर निकलते वक्त चश्मा लगाने और आंखों को धोते रहने की सलाह दे रहे हैं।
स्किन विभाग के चिकित्सकों का कहना है कि इस समय वायु प्रदूषण के चलते जिन लोगों की स्किन तैलीय (ऑयली) है उनकों मुंहासे, चेहरे पर धब्बे पड़ रहे हैं। जिनका ऑयली नहीं है, उनके चेहरे में रूखापन है। इसकी वजह है कि प्रदूषण, धूल के कण चेहरे के रोम छिद्र बंद कर देते हैं। त्वचा की नमी खत्म हो जाती है। ऐसे मरीजों को चेहरा ढक कर बाहर निकलने और चेहरे को फेसवॉश से धोने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल में सांस के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है जिन्हें टीबी की बीमारी है उनके लिए यह दिक्कत है और ज्यादा बढ़ गई है। जो दमा के मरीज है उनसे मास्क लगाकर घर से निकलने की सलाह दी गयी है, साथ ही अपनी दवाइयों को साथ लेकर चलने की सलाह दी जा रही है।
: संपत्ति के लिए बहु और बेटे ने बेरहमी के साथ की मारपीट, नातिन ने बचाया
Thu, Nov 9, 2023
Agra. संपत्ति व जमीन के लिए रिश्ते तार तार हो रहे है। कलियुगी बेटा संपत्ति व जमीन के लिए अपनी पत्नी के साथ बुजुर्ग माँ के साथ मारपीट कर रहा है। ऐसी ही दर्दभरी दास्तां नगला छयुआ की रहने वाली सरोज की है। सरोज के साथ बेटे और उसकी बहु ने बेरहमी के साथ मारपीट की। पुलिस इलाज और मेडिकल के लिए सरोज को जिला अस्पताल लेकर आई।
संपत्ति के लिए कई बार की मारपीट
घायल अवस्था में जिला अस्पताल आई सरोज देवी ने बताया कि उनके चार बेटे है। पति और एक बेटे की मौत हो गयी। दो बेटे उनके पास रहते हैं और एक बेटा अपने परिवार के साथ अलग रहता है। पीड़ित सरोज देवी ने बताया कि जीतू जो उनका लड़का है वह और उसकी बहु ने उनके साथ मारपीट की। उनका साथ देने के लिए दूसरी बहु भी आ गयी। दोनों बहुओं ने उन्हें जमीन पर गिरा लिया जिससे उनके सिर में चोट आ गयी तो वहीँ एक बहु उनके सीने पर बैठ गयी और पीटने लगी।
चींखने पर नातिन ने बचाई जान
पीड़ित सरोज ने बताया बहुएं उसके साथ मारपीट कर रही थी। उनकी चीख निकल रही थी। उनकी आवाज सुनकर नातिन आ गयी। उसने विरोध किया और पड़ोसियों को बताया तो उनकी जान बच सकी। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुँची पुलिस वृद्धा को इलाज और मेडिकल के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुँची। वृद्धा ने पुलिस से अपने बेटे और बहुओं की करतूत से अवगत कराया और कार्यवाही की मांग की है।
वृद्धा ने सुनाई आपबीती
वृद्धा ने बताया कि संपत्ति व जमीन के लिए उसका बेटा ही कपूत बन गया जिसे उसने 9 महीने पेट में पाला। शादी के बाद उसके तेवर ऐसे बदले कि कुछ कहा नहीं जा सकता। छोटी छोटी बातों पर बहु मारने पीटने पर उतारू हो जाती है। अब उसकी बातों में आकर बेटा अपनी माँ पर हाथ छोड़ने में भी पीछे नहीं है। बहु के कहने पर बेटे उसे घर से निकालने के लिए उत्पीड़न कर रहे हैं। बीतीरात बहुओं और बेटे ने उसके साथ मारपीट की। उसके पैर में चोट आई ऐसा लगता है कि फैक्चर है तो वहीँ उसके सिर व सीने में भी अंदरूनी चोट आई है। पीड़िता कहती है कि ऐसी औलाद से बेऔलाद होना ज्यादा अच्छा है।
दो मंजिला मकान में है लगभग 8 कमरे
पीड़िता ने बताया कि उसके पास लगभग 80 गज जमीन है और उसमें दो मंजिला मकान बना हुआ है। बहुएं उसे घर से निकालना चाहती है और निकालने से पहले उससे घर अपने नाम कराना चाहते हैं इसलिए उस पर यह जुल्म हो रहे है। आज माँ का दूध संपत्ति से बढ़कर हो गया है।