: सत्तू शेक और बायोब्रीज के साथ दलाल स्ट्रीट में खूब हुई खरीद फरोख्त
Thu, Oct 10, 2024
सेंट पीटर्स कालेज में आयोजित किया गया बी-वर्ल्ड फेस्ट (10 एडीशन)
बी-वर्ल्ड फेस्ट में विभिन्न शहरों के 25 स्कूलों के लगभग 600 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग, सीखीं व्यापारिक वारीकियां
आगरा। प्रोडक्ट लॉन्च करने से लेकर उसकी मार्केटिंग, पैकेजिंग, सेलिंग पब्लिसिटी तक की प्रतिस्पर्धा के साथ निर्णायक मण्डल के सवालों के तीर भी थे। जिसे भावी व्यापारियों ने बखूबी निभाया। वहीं दलाल स्ट्रीट में पहुंचे तो कई व्यापारी, लेकिन कुछ ने सब कुछ गंवा दिया तो कुछ ने पांच लाख के करोड़ों बना दिए। यह दलाल स्ट्रीट थी सेंट पीटर्स कालेज में आयोजित बी वर्ल्ड कॉमर्स फेस्ट की एक प्रतियोगिता और व्यापारी थे फेस्ट में भाग लेने आए विद्यार्थी। प्रत्येक विद्यार्थी को वर्च्युअल पांच-पांच लाख रुए दिए गए। जिन्हें स्टॉक मार्केट में लगाना था। पल-पल बदलते कम्पनियों के भाव और नफा नुकसान की जद्दोजहद ने भावी व्यापारियों को बहुत कुछ सिखाया।
चमचमाते सोने के सिक्कों, यूरो और डॉलर से सजे परिसर में मानों देश के भावी व्यापारियों का मेला लगा था। जिसका शुभारम्भ कालेज के पूर्व छात्र व बिजनेस वेबसाइट के फाउंडर सिद्धार्थ विज ने नोटो और सिक्को से सजे ग्लोब का स्विच ऑन कर किया।
इस अवसर पर कालेज के प्राचार्य फादर डॉ. आलवेन पिंटो, उपप्रधानाचार्य लुइस केस, कॉमर्स विभाग के विभागाध्यक्ष मनीष मगन भी मौजूद थे। बी टैंक प्रतियोगिता में जहां विद्यार्थियों ने सत्तू शेक जैसे स्वादिष्ट और पौष्टिक प्रोडक्ट के साथ बिजली को बचाने वाली बायोब्रीज (फ्रिज) लॉन्च किए, वहीं मोक पार्लियामेंट में पक्ष विपक्ष में सत्ता और व्यापारिक मुद्दों पर खूब बहस हुई। क्रिट बिट में भावी व्यापारियों ने बोली लगने पर प्लेयर्स को खरीदकर अपनी टीम तैयार की। अंत में रॉक बैंड प्रतियोगिता को सबी ने खूब इंजाय किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अथर्व मित्तल, नकुल मनचंदा, मोरीन मिरेन्डा, एंथनी, सिस्टर थैरिसलिट, शानू महाजन, राहुल शर्मा आदि मौजूद थे।
आइडिया है तो बिना रुके स्टार्ट करो
यदि कोई आइडिया है तो बिना रुके, निडरता, उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपना व्यापार शुरु करो। कोई भी काम शुरु करने का कोई सही समय नहीं होता। आपकी उम्र 18, 25 या 50 वर्ष हो, कोई फर्क नहीं पड़ता। जब भी आइडिया आए, इंतजार किए बिना शुरु करो। क्योंकि शुरु करने से पहले जो परेशानियां महसूस होती हैं, शुरु करने पर सफलता में आपकी मेहनत और लगन से सब दूर हो जाती हैं। यह कहना था बी वर्ड फेस्ट के मुख्य अतिथि व 2011 के सेंट पीटर्स कॉलेज के पास आउट छात्र सिद्धार्थ विज का। जो आज 2 हजार मिलियन डॉलर टर्नओवर वाली कम्पनी बिजनेस वेबसाइट के फाउंडर हैं। उन्होंने बताया कि आज उनकी बी टू बी एप से दो लाख दुकानदार और 5 हजार से अधिक फैक्ट्री जुड़कर अपने व्यापार को आगे बढ़ा रही हैं।
जब प्रतिभागियों के बीच पहुंचे सेठ जी
सेठ की रूप में जब एक विद्यार्थी अतिथियों और प्रतिभागियों के बीच पहुंचा तो माहौल रोमांच से भर उठा। हर कोई सेठ जी के साथ सेल्फी लेना चाहता था, डांस करना था। उद्देश्य धोती पहने और तोंद निकले, मसाला चबाते पुराने जमाने के सेठ जी की छवि को बदल सूट-बूट बाले और पढ़े लिखे सेठ की छवि दर्शा कर विद्यार्थियों को व्यापार के प्रति प्रोत्साहित करना था।
झाड़ू पोछे से डिजायनिंग, प्लानिंग और संचालन तक सभी तैयारी विद्यार्थियों ने की
बी वर्ड फेस्ट की तैयारी में कॉमर्स क्लब के 11-12 के विद्यार्थियों ने झाड़ू पोछे से लेकर कार्यक्रम की डिजायनिंग, प्लानिंग तक सभी काम खुद किया। अध्यक्ष दक्ष सूरी, उपाध्यक्ष तृष पिप्पल, मुदित मुंजल, अमन अहमद, अग्रिम अग्रवाल, अब्दुल, विहान कश्यप, तरन वत्यानी, ध्रुव मखीजा, अमन दुआ, राम मल्होत्रा, धु्रव मित्तल, आद्यांत अग्रवाल आदि ने कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सम्भाली।
: 12 अक्टूबर को धूमधाम से निकलेगी दशहरा शोभायात्रा
Thu, Oct 10, 2024
आगरा। 12 अक्टूबर को प्राचीन मंदिर श्रीरामचंद्र जी महाराज, जटपुरा से दशहरा शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। इसके लिए दशहरा शोभायात्रा आयोजन समिति मंदिर श्री रामचंद्र जी महाराज जटपुरा खातीपाड़ा लोहामंडी आयोजन समिति का शपथ ग्रहण समारोह लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित किया गया। दशहरा शोभायात्रा के आमंत्रण पत्र का विमोचन कर पदाधिकारियों ने शोभायात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा में लगभग 60 आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। बैंड बाजों संग धूमधाम से दशहरा शोभायात्रा सायं 5 बजे श्रीराम चंद्र मंदिर से प्रारम्भ होकर न्यू राजामंडी, तोता का ताल, बल्देवगंज, लोहामंडी बाजार, राजामंडी बाजार होती हुई सेंट जोंस चैराहे पर पहुंचेगी। जहां 80 फुट ऊंचे रावण का श्रीराम द्वारा वध किया जाएगा। शोभायात्रा में सबसे आकर्षक श्रीराम व रावण की सेना में बीच युद्ध करते वानर व राक्षसों की झांकी होगी। 14 अक्टूबर को राजगद्दी कार्यक्रम का आयोजन अग्रसेन वाटिका बोदला में किया जाएगा। संचालन महामंत्री राजपाल यादव ने किया।
अध्यक्ष विनय अग्रवाल, महेन्द्र खंडेलवाल, राहुल चतुर्वेदी, कार्यकारी अध्यक्ष तरुन सिंह, हेमन्त प्रजापति, राजगद्दी प्रभारी कुमार गुरु कपूर, सर्व व्यवस्था प्रमुख रामदास कटारा, दीपक अग्रवाल, प्रेमा वर्मा, विक्रांत सिंह, दीपक सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, मौनी पारीक, टीटू पंडित, शिवम मिश्रा, उपाध्यक्ष अजय जैन, अरिहंत जैन, नवयुवक मण्डल संयोजक दीपक सिंह, रोहित शर्मा, संतोष अग्रवाल, तुषार दीक्षित, मुकेश राजपूत, लिली गोयल, आशीष जैन, हर्ष यादव, पंकज कुमार, देव शर्मा, शुभम सिंह, पुष्पेन्द्र चैधरी ने अपने पद की शपथ लेकर शोभायात्रा की जिम्मेदारियों को सम्भाला।
: आज मिथिला नगरिया निहाल सखिया..सीता राम विवाह प्रसंग में विदाई पर सजल हुए नेत्र
Thu, Oct 10, 2024
श्रीमनःकामेश्वर बाल विद्यालय, दिगनेर में चल रही श्रीमनःकामेश्वरनाथ राम लीला में सीता जी की विदाई के बाद हुई कोपभवन लीला
कन्यादान प्रसंग देख भावुक हुए भक्त,कैकई−मंथरा और कैकई−दशरथ संवाद सुन द्रवित हुआ हृदय
आगरा। विधि विधान संग संपन्न हुआ श्रीराम और सीता सहित चारों भाइयों का विवाह। मंगल गीतों और विवाह की उमंग से चहकती मिथिला नगरी विदाई की घड़ी आते ही सजल हो उठी।
वर−वधू की शाेभा जहां हृदय को उत्साहित कर रही थी तो वहीं विछोह की पीड़ा हृदय द्रवित कर रही थी। दिगनेरवासियों को निज पुत्री की विदाई से अधिक कष्टकारी पीड़ा हाे रही थी जनकनंदिनी की विदाई की बेला में।
बुधवार को गढ़ी ईश्वरा, दिगनेर स्थित श्रीमनः कामेश्वरनाथ राम लीला के सातवें दिन सीता राम विवाह, कैकई− मंथरा और कैकई संवाद लीला का मंचन कलाकारों ने किया। लीला प्रसंग में प्रिय पुत्र श्रीराम का वधू सहित अन्य पुत्रों का माता कौशल्या, सुमित्रा और कैकई ने अयोध्या नगरी आगमन पर भव्य स्वागत किया। उन्हें हृदय से लगाया किंतु राजा दशरथ ने श्रीराम के राज्याभिषेक की घाेषणा की तो आनंद के क्षणाें को जब मंथरा के शब्दों ने भेद दिया। दूसरों की बातों में आना कितना भंयकर परिणाम दे सकता है ये सीख इस प्रसंग में मिली। मंथरा का मंतव्य न समझ कैकई ने कोप भवन लीला रची और अपने पति राजा दशरथ को वचनों के बंधन में बांध दिया। एक पिता और पति राजा दशरथ जब भाव युद्ध में फंसे तो हर आंख भर आई।
कैकई राजा दशरथ से राम को वनवास और भरत को राजगद्दी के वर मांगती है। राजा दशरथ विनती करते हैं कि राम को वनवास देने का वर मत मांगों। किंतु कैकई कहती है कि ठीक है राजन अपने वचन से मुकर जाओ। राजा दशरथ कहते हैं रघुकुल रीत सदा चली आईा, प्राण जाएं पर वचन न जाई…। इसी प्रसंग के साथ जब लीला का समापन होता है तो हर श्रद्धालु का हृदय व्याकुल हो उठता है।
लीला आरंभ से पूर्व श्रीमहंत योगेश पुरी और मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने स्वरूपों और श्रीराम चरित मानस जी की आरती उतारी। लीला मंचन कर रहे श्रीकिशाेरी रास एवं राम लीला संस्थान के गोविंद मिश्र ने बताया कि गुरुवार को राम वनवास, केवट संवाद, दशरथ मरण और भरत आगमन लीला होगी।