: साथिया क्लीनिक पर सुनी जाएगी किशोर-किशोरियों की समस्याएं
Wed, Oct 30, 2024
किशोर स्वास्थ्य मंच का आयोजन, स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक कदम
श्रीरतन मुनि जैन इंटर कॉलेज लोहामंडी में कार्यक्रम का आयोजन किया
आगरा। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मंगलवार को श्रीरतन मुनि जैन इंटर कॉलेज, लोहा मंडी में किशोर स्वास्थ्य मंच का आयोजन किया गया। इस मंच में छात्रों और छात्राओं ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। उन्हें विभिन्न जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में जिला महिला अस्पताल के साथिया क्लीनिक की अर्श काउंसलर रूबी बघेल और जिला अस्पताल के साथिया क्लीनिक के काउंसलर अरविंद कुमार ने सेशन आयोजित किए गए। इसमें किशोरों और किशोरियों को स्वास्थ्य और कल्याण के बारे में जागरुक किया, साथ ही किशोर स्वास्थ्य मंच के उद्देश्य से अवगत करते हुए बताया कि साथिया क्लीनिक पर काउंसलर एक निश्चित समय पर बुलाएंगे और आपकी समस्या को सुनेंगे। समाधान व मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। साथिया क्लीनिक में किशोर और किशोरियों को गोपनीयता और समर्थन प्रदान किया जाता है, ताकि वे अपनी समस्याओं के बारे में खुलकर बात कर सकें। इसके अलावा, पोस्टर प्रतियोगिता, मेहंदी प्रतियोगिता और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, इसमें आयोजकों की ओर से विजेताओं को मेडल और सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
इस बीच छात्र-छात्राओं को पोषण और स्वस्थ आहार, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन, प्रजनन स्वास्थ्य और यौन शिक्षा, शारीरिक गतिविधि और व्यायाम, नशीली दवाओं और शराब के खतरे, सुरक्षित संबंध और यौन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और आत्महत्या रोकथाम के विषय में जानकारी भी प्राप्त की। इससे पहले कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानाचार्य डॉ. अनिल वशिष्ठ और आरबीएसके के डीईआइसी मैनेजर रमाकांत शर्मा ने किया।
डॉ. अरुण श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा किशोर स्वास्थ्य मंच एक ऐसा मंच है जो किशोरों और किशोरियों के स्वास्थ्य और कल्याण को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है। यह मंच किशोरों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करता है।
रमाकान्त शर्मा, डीईआइसी मैनेजर ने कहा कि हमें किशोर स्वास्थ्य मंच का आयोजन करने की खुशी है। यह मंच किशोरों और किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाएगा।
किशोर स्वास्थ्य मंच के उद्देश्यः
किशोरों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करना
किशोरों में स्वस्थ आदतें विकसित करना
किशोरों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना
किशोरों को स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में मदद करना
: तपस्या फाउंडेशन ने मनाया दिवाली उत्सव, खिले नौनिहालों के चेहरे
Mon, Oct 28, 2024
आगरा। बुढ़ान सैयद स्थित बेसिक शिक्षा विद्यालय के बच्चों के साथ तपस्या फाउंडेशन द्वारा दिवाली उत्सव मनाया गया। रंगबिरंगी आतिशबाजी देखकर बच्चों के चेहरे पर दीपाें की भांति झिलमिलाहट चमक उठी।
संस्था की संस्थापक अध्यक्ष पूजा खिलवानी ने बताया कि त्योहार का असली आनंद बच्चों की खुशी देखकर मिला। बच्चों को दिवाली उपहार के तौर पर रगाेली, बंदरवान, पटाखे, फूड पैक, चॉकलेट आदि दिए गए।
विद्यालय के शिक्षक राजीव वर्मा ने बच्चों को दिवाली के महत्व के बारे में बताया। साथ ही पटाखे सावधानी से चलाने की हिदायत भी दी। गीत संगीत पर थिरकते हुए बच्चों ने जमकर धमाल किया। इस अवसर पर मोहित दिवाकर, दिव्यांश सक्सेना ने व्यवस्थाएं संभालीं।
: आगरा के पर्यटन हित में हेलीपोर्ट का संचालन शीघ्र शुरू किया जाये
Mon, Oct 28, 2024
शीघ्र संचालन के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ साझा की जायें मुश्किलें
आगरा। आगरा में ताजमहल का दीदार आकाश से करने को हेलीकॉप्टर सेवा यथा शीघ्र शुरू करवायी जाये, इसके लिये हेलीपोर्ट बना खड़ा है, बस उसका उपयोग शुरू करने के लिए औपचारिकताएं पूरी होनी हैं। ये क्या हैं और उन्हें पूरा करने के लिये हेलीपोर्ट प्रोजेक्ट की डी पी आर में क्या कमियां रह गई हैं यह तो इस प्रोजेक्ट को कार्यदायी विभाग की भूमिका निर्वाहन करने वाला उप्र पर्यटन विभाग या उ प्र नागरिक पर्यटन विभाग ही जानता है।
जनप्रतिनिधियों से साझा की जायें मुश्किलें
जहां तक सिविल सोसायटी आफ आगरा की उप्र सरकार के संबंधित विभागों से अपेक्षा है कि हेलीपोर्ट संचालन में हो रही विलंब के कारणों की जानकारी सार्वजनिक की जाए, अगर यह संभव नहीं हो तो कम से कम आगरा के जनप्रतिनिधियों को इस बारे में जरूर बताया जाये।
सिविल सोसायटी ऑफ आगरा ने कहा है कि चूंकि हैलीपोर्ट का शिलान्यास प्रधानमंत्री के द्वारा किया हुआ है, इसलिये उम्मीद है कि इसको फंक्शनल करने के लिये सभी जरूरी औचारिकतायें पूरी कर ली गई होंगी। अब तक रही परंपराओं के अनुसार पी एम ओ औपचारिकताओं के पूरा हो लेने के बाद ही किसी प्रोजेक्ट के शिलान्यास और उद्घाटन के लिये प्रक्रिया को आगे बढाता है।
जनप्रतिनिधि लगातार प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से मुलाकात करते रहते है और गंगाजल पाइप लाइन प्रोजेक्ट सहित उनकी कई महत्वपूर्ण कार्यों को शुरू करवाने में भूमिकायें रहना प्रचारित हैं। निश्चित रूप से अगर उन्हें व्यवधान बताये जायें तो वह शीघ्र ही उनका निराकरण कर समाधान करवाने को सक्रिय हो जायेंगे। अगर उनके द्वारा प्रधानमंत्री को यह इस बात का स्मरण करवाया जाएगा कि इस प्रोजेक्ट का शिलान्यास उनके ही द्वारा किया गया था। यह ताजमहल के अलावा बटेश्वर और मथुरा तीर्थ के लिए भी महत्वपूर्ण है तो वह निश्चित रूप से इसे शुरू करवाने को निर्देश देकर विलंबित हो रही प्रक्रिया की औपचारिकता को शीघ्रता के साथ पूरा करवा हेलीकॉप्टर से ‘ताज दर्शन’ सुविधा भी संभव करवा देगे।
महत्वपूर्ण अवस्थापना
आगरा सदर तहसील के बरौली अहीर विकास खंड के यमुना तटीय गांव मदरा में स्थित हेलीपोर्ट आगरा महानगर की महत्वपूर्ण अवस्थापना है और अगर इसका संचालन शुरू हो गया तो मथुरा, वृंदावन और बटेश्वर तीर्थ पर्यटन स्थल के रूप में लाभान्वित होंगे। साथ ही स्विट्जरलैंड की कंपनी, ज्यूरिख इंटरनेशनल की शत प्रतिशत निवेश वाले गौतम बुद्ध नगर के जेवर विकास खंड में एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़ने के लिये भी देशी-विदेशी पर्यटको सहित तमाम हवाई यात्रियों को भी सुविधा सहज सुलभ हो जायगी। वह आगरा भ्रमण कर बिना समय गंवाए हेलीकॉप्टर से उड़ान भर कर अपने इंटरनेशनल गंतव्यों को रवाना हो सकेंगे या आगरा आ सकेंगे।
नो फ्लाई जोन
सिविल सोसायटी आफ आगरा का कहना है कि देश में राष्ट्रपति भवन,संसद भवन सहित श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष स्टेशन, मथुरा रिफाइनरी सहित जो नो फ्लाई जोन हैं, उन्हीं में ताजमहल स्काई कवर भी शामिल है। जनप्रतिनिधि यदि संयुक्त रूप से प्रयास करेंगे तो ताजमहल को ‘नो फ्लाई जोन’ की सूची से एक्सलूड तक किया जा सकता है, अन्यथा हेलीपोर्ट संचालन के लिए नो फ्लाई जोन रैग्युलेशनों में जरूरी संशोधन तो करवाये ही जा सकते हैं।
संभवतः नो फ्लाई जोन और ताज ट्रिपेजियम जोन अथॉरिटी की अनुमतियां न होना ही इसके संचालन में मुख्य बाधा है। नो फ्लाइजोन जो कि कुछ साल पूर्व तक केवल हवाई जहाजों और हेलीकॉप्टरों की उड़ानों तक ही सीमित थे अब इनमें ड्रोन उडाने पर भी पाबंदी लग चुकी है। अगर सरकार के समक्ष आगरा के पर्यटन की जरूरत को सही प्रकार से रखा जा सका तो निश्चित रूप से कई प्रतिबंधों में सरकार सहजता के साथ शिथिलता प्रदान कर देगी।
नो फ्लाई जोन के प्रतिबंध की औपचारिकता के अलावा उड़ानों के वैट लैंड और सेंचुरियों के इको सेंसिटिव जोनों के ऊपर से होकर उड़ान भरने पर अगर पर्यावरण प्रतिकूल होने की जानकारी संज्ञान में आने पर नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 का उल्लंघन करने के लिए सख्त दंड लगा सकता है।
गांव में बेचैनी
ताजमहल और हेलीपोर्ट जो कि मंदरा गांव में स्थित है, दोनो ही यमुना तटिय हैं। हेलीपोर्ट प्रोजेक्ट में हो रहे विलंब से गांव में बेहद निराशा है। गांव के प्रधान बाबू लाल यादव का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि हेलीपोर्ट जरूर शुरू होगा, इस प्रोजेक्ट के लिए गांव वालों को जो देना था, दे चुके हैं। खेती गांव का प्रमुख जीवन यापन का माध्यम था, जमीने चली जाने के बाद अब केवल प्रतीकात्मक ही रह गया है। पुरखों की विरासत ऐतिहासिक विरासत को बचाने के लिये खोई है। जिस काम के लिये उनसे जमीन ली गई है, कम से कम वह तो शुरू हो।
गांव के वर्क लेस हैंडों को मिले काम
प्रधान बाबू लाल यादव चाहते हैं कि गांव के बेरोजगार युवाओं को ही हेलीपोर्ट के कार्य शुरू होने पर काम देने में प्राथमिकता दी जाये। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के सांसद राजकुमार चाहर जो कि भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं, के द्वारा हाल में ही संपन्न एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान स्थानीय ग्रामीण युवाओं को सरकारी परियोजना में काम के अवसर देने में प्राथमिकता का मुद्दा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष उठाया गया था। दरअसल हजारों लोगों की भागीदारी वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल मौजूदगी थी और श्री चाहर क्षेत्रीय सांसद होने के नाते संवाद कर रहे थे।
सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा ने हेलीपोर्ट के गाँव मदरा में ग्राम प्रधान और निवासिओं से बात कर फीडबैक मुख्यमंत्री और सम्बंधित विभाग को प्रेषित किया है. सिविल सोसाइटी ऑफ आगरा के दल में अनिल शर्मा, राजीव सक्सेना और असलम सलीमी थे.