: ठगों के निशाने पर बेरोजगार युवा, नकली कागजों से करोड़ों की ठगी
Fri, Sep 5, 2025
आगरा। देश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या बन चुकी है। हर कोई एक अच्छी नौकरी पाना चाहता है, जिससे अपने साथ साथ परिवार को एक अच्छी जिंदगी दे सके। ऐसे ही युवाओं और नौकरी के लिए भागदौड़ कर रहे लोगों को कुछ ठग अपना निशाना बना रहे हैं। उन्हें विदेशों में अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर उनकी पूरी जमा पूंजी लूट रहे हैं। ऐसे ही एक गिरोह का खुलासा हरीपर्वत थाना और साइबर पुलिस ने किया है। गिरोह सोशल मीडिया मंचों पर चमकदार विज्ञापन डालकर बेरोजगार युवाओं से संपर्क साधता, फिर वीज़ा प्रक्रिया और दस्तावेज़ सत्यापन के नाम पर मोटी रकम की वसूली करता था। पुलिस ने दबिश देकर इस गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिसमें मुख्य आरोपी अंकित गुप्ता भी शामिल है जो फर्जी रोज़गार केंद्र चलाकर पूरे नेटवर्क का संचालन करता था।
पकड़े गए सात लोग, सरगना भी शामिल
गैंग में पकडे़ गए लोगों में अंकित गुप्ता गैंग का मास्टर माइंड है। वो पहले भी इस मामले में पकड़ा जा चुका है। दिल्ली में उसके खिलाफ केस दर्ज है। अंकित ने बताया कि गैंग के नवनीत जैन व हेमन्त शर्मा फर्जी ऑफर लेटर, वीजा बनाते थे। विजय कुमार, राजेश शर्मा व विशाल मेहता कॉलिंग करते थे।
नकली इलेक्ट्रॉनिक वीज़ा (ई-वीज़ा), कॉल लेटर, नियुक्ति-पत्र भी बरामद
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि इस छापेमारी के दौरान मौके से नकली इलेक्ट्रॉनिक वीज़ा (ई-वीज़ा), सरकारी दस्तावेज़, बुलावा-पत्र (कॉल लेटर), नियुक्ति-पत्र, बहुराष्ट्रीय कंपनियों की तरह बनाए गए लेटर हेड, मुहरें और कई मोबाइल-सिम मिले हैं। इन्ही के माध्यम से बेरोजगारों को नकली जॉब लेटर बनाकर दिया जाता था।
ठगी का तरीकाः
चमकदार विज्ञापन -
सोशल मीडिया पर विदेश में उच्च वेतन पर जॉब, तुरंत जॉइनिंग, वीज़ा सुनिश्चित जैसे प्रलोभन भरे विज्ञापन।
पहला संपर्क -
इच्छुक अभ्यर्थियों से चैट/फ़ोन पर बात कर दस्तावेज़ जांच और प्रोफ़ाइल शॉर्टलिस्टिंग के नाम पर प्रारम्भिक राशि।
फर्जी काग़ज़ात की सप्लाई -
बनावटी बुलावा पत्र और नियुक्ति पत्र भेजकर भरोसा जगाना; दूतावास जैसे दिखाई देने वाले नकली ई-वीज़ा जारी करना।
अंतिम वसूली -
टिकट, बीमा, चिकित्सा जांच, सत्यापन शुल्क आदि के नाम पर मोटी रकम ऐंठना।
ठिकाने की आड़ -
फर्जी/काल्पनिक पहचान पर किरायानामा कर ऑफिस चलाना, बार-बार ठिकाना बदलना ताकि पहचान न हो सके
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि फर्जी जॉब सेंटर आगरा के ही संजय प्लेस के सत्यम कॉम्प्लेक्स में चल रहा था। शातिर ठगों ने एसआई ओवरसीज के नाम से कंपनी बनाई हुई थी। ये सोशल मीडिया के जरिए विदेश में नौकरी दिलवाने के लिए प्रचार करते थे। विदेश में नौकरी की चाहत रखने वाले लोग इनके नंबर पर कॉल करते थे। यह ठग युवाओं को भरोसा दिलाने के लिए कंपनियों के फर्जी नाम होली इंटरनेशनल, जयां इंटरनेशनल, प्राउड इंटरनेशनल, सी ओवरसीज, मोन ओवरसीज, ओमेक्स इंटरनेशनल के नाम बताते थे। अपने ऑफिस का एड्रेस भी देते थे। आफिस में फीमेल स्टाफ भी रखा हुआ था। जब कोई वहां पहुंचता था तो उसे इन लोगों को लेकर विश्वास हो जाता था।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार को इस गिरोह के बारे में शिकायत मिली थी। उन्हीं के आदेश पर एडीसीपी आदित्य कुमार और एसीपी हरीपर्वत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित हुई। तकनीकी निगरानी और मानवीय ख़ुफ़िया के आधार पर की गई छापेमारी में गिरोह के लोग रंगे हाथ पकड़े गए।
प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का जाल कई राज्यों तक फैला हो सकता है। पुलिस अब तक ठगे गए लोगों की पहचान कर रही है और लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं। बरामद उपकरणों की फ़ॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि पीड़ितों की सूची और लेन-देन का विवरण पुख्ता हो सके।
: “एक पेड़ मां के नाम” से गूंजी हरियाली की पुकार, लॉयंस क्लब कोनरॉय ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
Fri, Sep 5, 2025
150 पेड़ माता-पिता के नाम समर्पित
ट्री गार्ड सहित लगाए गए बड़े पेड़
आगरा। “मां का आशीर्वाद और प्रकृति का संरक्षण”, इसी भाव के साथ लॉयंस क्लब कॉनरॉय ने शुक्रवार को आईटी पार्क, कृष्णा कार्निवाल, शास्त्रीपुरम में “एक पेड़ मां के नाम” विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अनूठी पहल में क्लब के सदस्यों ने लगभग 150 वृक्ष ट्री गार्ड सहित लगाए, जिन्हें अपने-अपने माता-पिता के नाम समर्पित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जितेन्द्र सिंह चौहान पीएमजेएफ, सीए लीडर जीएटी एंड एलसीआईएफ और विशेष अतिथि इंजीनियर अजय भार्गव एमजेएफ, सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
मुख्य अतिथि जितेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। यदि हर परिवार अपने माता-पिता के नाम से एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो यह आंदोलन आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर बनेगा। उन्होंने कहा कि लॉयंस क्लब कोनरॉय ने एक अनूठी पहल की है। पूरे पूरे वृक्ष यहां अभियान के तहत लगाए गए हैं जिसके कारण उनके खराब होने की या पल्लवित ना होने की संभावना ही नहीं रहेगी।
विशेष अतिथि इं. अजय भार्गव ने कहा कि आज का यह प्रयास पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में मिसाल है। क्लब ने वृक्षारोपण को भावनात्मक रूप देकर इसे सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का काम किया है, जिसकी जितनी सराहना की जाए उतनी कम है।
क्लब अध्यक्ष विशाल सिंघल, सचिव संजय गुप्ता और कोषाध्यक्ष आशीष गर्ग ने संयुक्त रूप से कहा कि यह कार्यक्रम समाज को पर्यावरण बचाने के साथ-साथ अपनी जड़ों और माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। हर पौधे की देखभाल सुनिश्चित की जाएगी ताकि यह लंबे समय तक छाया और ऑक्सीजन दे सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने पौधों की नियमित देखभाल करने और शहर को हरियाली से आच्छादित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन एवन सिंह, रोहित गर्ग, निखिल, प्रशांत गर्ग, नितिन मेहरोत्रा, अनुज खंडेलवाल, हेमंत वशिष्ठ, रोहित केसवानी, मोहित अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, सौम्या गुप्ता, नेहा, रूपाली, आरती, पूनम, नेहा, गीतिका, रुचि, अर्चना, निकिता आदि ने वृक्षारोपण अभियान में अपनी सहभागिता निभाई।
: जूता मार्केट में मनी दिवाली, जूते पर जीएसटी हुआ 12 से 5 प्रतिशत
Thu, Sep 4, 2025
द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन ने जूते पर जीएसटी कम होने पर जूता मार्केट में की आतिशबाजी और मिठाई वितरण
जूता व्यापारियों व कारीगरों में व्यापार बढ़ने की उम्मीद से खुशी की लहर
आगरा। हींग की मंडी स्थित जूता बाजार में आज पठाखों की गूंज थी। हर दुकान पर मिठाई बांटी जा रही थी। मानों जूता व्यापारियों की दीपावली कुछ माह पहले ही आ गई। यह खुशी थी जूते पर जीएसटी 12 से 5 प्रतिशत होने की। जिसे समस्त जूता व्यापारियों व कारीगरों ने द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन के पदाधिकारियों के साथ मिलकर मनाया। फैडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा को जूते पर जीएसटी कम कराने के लगभग एक वर्ष के अथक प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। जूते की मांग और उत्पादन बढ़ने की उम्मीद से हर चेहरे पर खुशी थी। जूते पर जीएसटी 12 से 5 प्रतिशत होने पर जूता कारोबारियों में खुशी की लहर दौड़ रही है।
फैडरेशन के अध्यक्ष विजय सामा ने कहा कि 26 प्रांतों ने एक साथ मिलकर जूते पर जीएसटी कम कराने के प्रयासों में फैडरेशन का सहयोग देने का वादा किया। प्रदेश के वित्त मंत्री माननीय श्री सुरेश खन्ना जी का बहुत बड़ा सहयोग रहा इस जीत को हासिल करने में उन्होंने फैडरेशन का प्रतिनिधि बनकर हमारे साथ सहयोग किया। 2500 रुपए बिक्री मूल्य तक का जूता 5 प्रतिशत तक के दायरे में लाने के लिए फैडरेशन का हर एक मैम्बर धन्यवाद का पात्र है। भारत निर्मित सिंथेटिक पीवीसी भी 5 प्रतिशत जीएसटी के दायरे में आ गई है। इस बम्पर दीपावली का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी व मुख्यमंत्री योगी के साथ अपने दादा व फैडरेशन के संस्थापक अध्यक्ष स्व. राजकुमार सामा को देते हुए कहा कि उन्होंने हमें लक्ष्य की ओर ईमानदारी के साथ चलने का मूल मंत्र दिया।
महामंत्री अजय महाजन ने कहा कि मंदी का दौर खत्म होगा और उत्पादन बढ़ेगा। न सिर्फ आमजन को सस्ते जूते बल्कि जूता कारीगरों का व्यापार भी बढ़ेगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से दिलप्रीत सिंह, अनिल लाल, अजय महाजन, संजय अरोड़ा, घनश्याम रोरा, चाँद दीवान, पप्पू भाई, बाबू भाई, प्रमोद जैन, प्रदीप मेहरा, रमेश मुंजाल, राजेश केल्विन, राजेश शुभनीत, खेमा भाई, मुरलीधर पंजवानी, किशन कलवानी, मुरलीधर, संजय मगन, रवि मदान, अजय रली, सोमनाथ पाहुजा आदि उपस्थित थे।