: एआरएम ईदगाह की कार ने एक्टिवा को मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला हुई घायल
Thu, Oct 19, 2023
Agra. खेरिया मोड़ चौराहे पर उस समय अफरा तफरी मच गई। जब एआरएम ईदगाह की कार ने एक्टिवा सवार को पीछे से टक्कर मार दी। एक्टिवा पर सवार बुजुर्ग महिला नीचे गिर गयी। यह दृश्य देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कार को तुरंत रोक लिया और कार चला रहे युवक को खरी खोटी सुनाई। लोगों को पता चला कि कार में टक्कर मारने वाला रोडवेज का अधिकारी है तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। जाम लगने की सूचना पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुँच गयी। पीड़ित एआरएम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कहने लगा तो एआरएम ने इलाज कराने की बात कहकर पीड़ितों को शांत किया।
पूरा मामला खेरिया मोड़ चौराहे के पास का है। जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले खेरिया मोड़ चौराहे से एआरएम ईदगाह अपनी कार से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। उनके आगे एक्टिवा सवार चल रहा था। खेरिया मोड़ चौराहे से थोड़ा सा आगे पहुँचने पर कार चला रहे एआरएम ईदगाह ने एक्टिवा को टक्कर मार दी। जिससे एक्टिवा सवार और उस पर बैठी बुजुर्ग महिला नीचे गिर गयी। दोनों को चोट आ गयी। घटना को देख लोग जमा हो गए। लोगों को एकत्रित देख एआरएम ईदगाह के हाथ पांव फूल गए। फोन करके अधिनस्थों को बुला लिया जिन्होंने पूरा मामला संभाला।
चिकित्सक के पास जा रही थी बुजुर्ग महिला
जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला का हाल ही में ऑपेरशन हुआ था। जो टांके कटवाने के लिए चिकित्सक के पास हॉस्पिटल जा रही थी। इस घटना से बुजुर्ग महिला की तबियत और ज्यादा बिगड़ गयी जिससे लोग आक्रोशित हो उठे।
इलाज कराने के नाम पर निपटा मामला
मामले को बढ़ता देख एआरएम ईदगाह भी बैकफुट पर आ गए। रोडवेज के अधिनस्थ कर्मचारियों ने मामला संभाला। पीड़ित के परिजनों को समझाया कि जानबूझकर कोई भी टक्कर नहीं मारता है। यह हादसा है लेकिन वह गाड़ी की मरम्मत के साथ-साथ बुजुर्ग मां का इलाज करने को तैयार हैं। जहां आप ले जाएंगे वहां इलाज करवाया जाएगा। इस पर लोगों ने पीड़ित को समझाया बुझाया। एआरएम ईदगाह अपनी गाड़ी में बुजुर्ग महिला और उसके बेटे को बिठाकर इलाज करने के लिए ले गए तब जाकर मामला रफ्ता दफा हुआ।
: कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेंद्र रावत के खिलाफ दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा, जाने क्या है पूरा मामला
Thu, Oct 19, 2023
आगरा। थाना ताजगंज के शमसाबाद मार्ग स्थित रामरघु एग्जॉटिका में 12 अक्टूबर को बैंक मैनेजर सचिन उपाध्याय की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पीएम रिपोर्ट के अनुसार सचिन ने आत्महत्या नहीं की बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या हुई है जबकि पुलिस को आत्महत्या की सूचना दी गई थी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद थाना ताजगंज में हत्या का केस दर्ज कराया गया है। इसमें ससुर बिजेंद्र रावत (कलेक्ट्रेट बार के अध्यक्ष), मृतक की पत्नी और साले को नामजद किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। पत्नी ने अपने पिता व भाई के साथ मिलकर अपने पति की हत्या निर्मम तरीके से मात्र इस कारण से कर दी कि उसके पति ने पेट्रोल पंप के आवंटन हेतु आवेदन उसके देवर के नाम से कर दिया था।
वर्तमान में शहर के शमशाबाद रोड स्थित पॉश कॉलोनी रामरघु एग्जॉटिका में रह रहे सचिन उपाध्याय की शादी सात वर्ष पूर्व बालूगंज के रहने वाले बिजेन्द्र रावत अधिवक्ता की पुत्री प्रियंका के साथ हुई थी। सचिन के पिता केशव देव शर्मा व अन्य परिजन अपने मूल गांव पिनाहट क्षेत्र के टीकेतपुरा में रहते हैं। शादी के समय सचिन गुजरात की बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर था। वहां सचिन से प्रियंका झगड़ा करती थी। बेटा शमसाबाद स्थित बैंक की शाखा में तैनात हुआ तो 2020 में दोनों रामरघु में रहने लगे। प्रियंका को सचिन का परिवारीजनों से मिलना जुलना, गांव जाना कतई पसंद नहीं था। जब कभी सचिन अपने माता पिता से मिलने गांव जाता था तब लौटकर पत्नी उससे झगड़ा अवश्य करती थी। कई बार झगड़ा बढ़ा तो कॉलोनी के लोगों ने तथा सचिन के पिता ने आकर प्रियंका को समझाया था।
भाई के नाम से पेट्रोल पंप के लिए आवेदन पर हुआ झगड़ा
कुछ दिन पूर्व पेट्रोल पंप आवंटन हेतु आवेदन निकले थे जिसमें पिता ने सचिन की सहमति के उपरांत पेट्रोल पंप हेतु आवेदन छोटे बेटे के नाम से कर दिया था जिसको लेकर प्रियंका व उसके पिता व भाई नाराज थे। प्रियंका व उसके पिता व भाई ने सचिन को घर में बंद कर मारा पीटा भी था। गत दिनांक 11 अक्टूबर को सचिन अपने गांव गया था तब उसने सारी बात अपने पिता को बताई थी। शाम को सचिन अपने आगरा स्थित घर पर वापिस आया था तब प्रियंका ने अपने पिता व भाई को भी बुला लिया तब तीनों ने एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से सचिन को बाँधकर बुरी तरह मारा। सचिन ने खून से लथपथ अवस्था में दम तोड़ दिया।
बेटे के साले ने दी जानकारी
पीड़ित के अनुसार प्रियंका के भाई कृष्णा ने उन्हें फोन करके बताया कि प्रियंका और सचिन की लड़ाई हो रही थी मैंने सचिन को सुला दिया है। तब उन्होंने सचिन से बात कराने के लिए कहा तो उसने सोने का बहाना लगा दिया और सचिन का मोबाइल भी बंद कर दिया। दूसरे दिन दोपहर बाद प्रियंका के पिता ने नजदीकी रिश्तेदारों के माध्यम से सचिन के परिजनों को सूचना करवाई कि सचिन ने अकारण दम तोड़ दिया है। आनन फानन में सचिन के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो स्थिति देखकर दंग रह गए। मृतक सचिन खून में लतपथ था, शरीर पर बेरहमी से मारपीट के निशान थे।
पोस्टमार्टम की कराई वीडियोग्राफी
डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया कि डॉक्टर के पैनल से शव को पोस्टमार्टम और वीडियोग्राफी कराई गई। गला घोंटने से दम घुटना आया है। छह चोट के निशान भी हैं। इनमें हल्के जले के भी हैं। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सचिन की पत्नी प्रियंका उर्फ मोना, प्रियंका के पिता बिजेन्द्र रावत व भाई कृष्णा रावत व एक अन्य के विरुद्ध थाना ताजगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
: आगराइट्स के सर चढ़कर बोल रही है गरबा का खुमार*
Thu, Oct 19, 2023
आगरा। इनक्रेडिबल ताज कंसर्ट के अंतर्गत आगरा डवलपमेंट फाॅउंडेशन (आईडीएफ) द्वारा आयोजित ‘नवरात्रि रास गरबा’ के द्वितीय संस्करण में चौथा दिन और ऐतहासिक रहा सैकड़ों की संख्या में आयोजन स्थल पर पारम्परिक भेषभूषा में पहुंचे छात्र और शिक्षकों ने आयोजन में अपनी एक के बाद एक शानदार प्रस्तुति से आयोजन को यादगार बना दिया। इस मौके पर छात्रों ने संगीत पर आधारित कई प्रकार के रोमांचक गेम्स भी खेले। कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन एडीएम प्रशासन अजय कुमार सिंह, एडीए एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पूरन कुमार, डीजीसी रिवेन्यू एड. अशोक चौबे एवं गायत्री पब्लिक स्कूल के एमडी प्रद्युम्न चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से किया।
एडीएम प्रशासन अजय कुमार सिंह ने अपने सम्बोधन में आयोजन की सराहना करते हुए इस प्रकार के सांस्कतिक आयोजन की निरंतरता की बात की। गायत्री पब्लिक स्कूल के एमडी प्रद्युम्न चतुर्वेदी ने अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभगियों को पुरुस्कृत किया। मंच से गरबा की शुरुआत करते हुए डांस कोरियोग्राफर प्रियंक धाकड़ और उनकी टीम ने डांसिंग फ्लोर अपनी प्रस्तुतोयों से सबका मन मोहा लिया। फ़िल्मी और भक्ति गीत की धुन पर प्रतिभगियों ने गरबा डांडिया प्रस्तुत कर माहौल रंगारंग बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन अविनाश वर्मा ने किया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एडीएफ के अध्यक्ष पूरन डावर और अशोक ग्रुप की चेयरमैन डॉ. रंजना बंसल ने किया। अतिथियों का स्वागत गायत्री पब्लिक स्कूल यूनिट वन की प्रिंसिपल मोनिका सिंह और यूनिट टू की प्रिंसिपल रिंकू जैन ने किया। आयोजन के प्रबंधन में प्रमुख भूमिका गायत्री पब्लिक स्कूल आशीष कपूर, राजीव शर्मा और डॉ. राम नरेश शर्मा की रही।