: मिशन शक्ति 5.0 के तहत कार्यक्रम का आयोजन
Wed, Sep 24, 2025
आगरा। कस्बा फतेहाबाद के सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति 5.0 के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें छात्र-छात्राओं को उनके अधिकार और कानून के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक शिवानी बंसल बोलते हुए कहा कि नारी शक्ति, बहन-बेटियां को अपनी शक्ति पहचाने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, अवंती बाई, जीजाबाई के विचारों से जुड़े । सशक्त नारी सशक्त भारत के तहत महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा हर तरीके से अथक प्रयास किया जा रहे हैं। हर थाने पर मिशन शक्ति केंद्र की स्थापना की गई है। बहन बेटियां को अपने साथ होने वाले गुड टच, बेड टच पर आवाज उठानी चाहिए, बहन बेटियों को किसी भी आपातकालीन स्थिति में सरकार द्वारा जारी किए गए इमरजेंसी हेल्पलाइन 1090, 112 पर बेझिझक होकर शिकायत दर्ज कराएं, पुलिस आपकी सुरक्षा में 24 घंटे खड़ी है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से विद्यालय प्रबंधक शिशुपाल शरद, अभिषेक शरद, राखी यादव, प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, शिवानी बंसल, सुमन यादव सहित अन्य मौजूद रहे।
: मिथिला नगरी की हर सँकरी गली का सीवर होगा साफ, बवाग कंपनी ने सफाई के लिए प्रदान की एक नई आधुनिक मशीन
Sun, Sep 7, 2025
आगरा। कमला नगर क्षेत्र में सजाई जा रही जनकपुरी में प्रभु राम, माता सीता और अन्य स्वरूपों के दर्शन के लिए लाखों लोगों की भीड़ उमड़ेगी। इस विशाल और भव्य महोत्सव के लिए नगर निगम के सहयोग से वबाग कंपनी द्वारा रविवार शाम कमला नगर स्थित जनकपुरी कार्यालय पर श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति को एक नई आधुनिक मशीन प्रदान की गई ताकि समूची मिथिला नगरी की हर सँकरी गली, हर क्षेत्र और हर रास्ते में सीवर की समुचित साफ सफाई की जा सके।
समिति के पदाधिकारियों और बवाग कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से शुभ नारियल फोड़कर और मिष्ठान्न वितरित करके नई मशीन का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस दौरान श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल (एकता बिल्डर), महामंत्री पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक, कार्यालय प्रभारी हरीश शर्मा गुड्डू, मीडिया प्रभारी केके अग्रवाल, सुरक्षा प्रमुख शशांक तिवारी, गौरव परमार, मयंक तिवारी, शोभित शर्मा, मनीष बंसल, अनिल अग्रवाल एडवोकेट, पवन अग्रवाल और रैलेश अग्रवाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। वबाग कंपनी की ओर से भीम कुमार जायसवाल, मोहित बघेल, हरेंद्र राणा और संजीव उपस्थित रहे।
: ठगों के निशाने पर बेरोजगार युवा, नकली कागजों से करोड़ों की ठगी
Fri, Sep 5, 2025
आगरा। देश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या बन चुकी है। हर कोई एक अच्छी नौकरी पाना चाहता है, जिससे अपने साथ साथ परिवार को एक अच्छी जिंदगी दे सके। ऐसे ही युवाओं और नौकरी के लिए भागदौड़ कर रहे लोगों को कुछ ठग अपना निशाना बना रहे हैं। उन्हें विदेशों में अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर उनकी पूरी जमा पूंजी लूट रहे हैं। ऐसे ही एक गिरोह का खुलासा हरीपर्वत थाना और साइबर पुलिस ने किया है। गिरोह सोशल मीडिया मंचों पर चमकदार विज्ञापन डालकर बेरोजगार युवाओं से संपर्क साधता, फिर वीज़ा प्रक्रिया और दस्तावेज़ सत्यापन के नाम पर मोटी रकम की वसूली करता था। पुलिस ने दबिश देकर इस गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जिसमें मुख्य आरोपी अंकित गुप्ता भी शामिल है जो फर्जी रोज़गार केंद्र चलाकर पूरे नेटवर्क का संचालन करता था।
पकड़े गए सात लोग, सरगना भी शामिल
गैंग में पकडे़ गए लोगों में अंकित गुप्ता गैंग का मास्टर माइंड है। वो पहले भी इस मामले में पकड़ा जा चुका है। दिल्ली में उसके खिलाफ केस दर्ज है। अंकित ने बताया कि गैंग के नवनीत जैन व हेमन्त शर्मा फर्जी ऑफर लेटर, वीजा बनाते थे। विजय कुमार, राजेश शर्मा व विशाल मेहता कॉलिंग करते थे।
नकली इलेक्ट्रॉनिक वीज़ा (ई-वीज़ा), कॉल लेटर, नियुक्ति-पत्र भी बरामद
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि इस छापेमारी के दौरान मौके से नकली इलेक्ट्रॉनिक वीज़ा (ई-वीज़ा), सरकारी दस्तावेज़, बुलावा-पत्र (कॉल लेटर), नियुक्ति-पत्र, बहुराष्ट्रीय कंपनियों की तरह बनाए गए लेटर हेड, मुहरें और कई मोबाइल-सिम मिले हैं। इन्ही के माध्यम से बेरोजगारों को नकली जॉब लेटर बनाकर दिया जाता था।
ठगी का तरीकाः
चमकदार विज्ञापन -
सोशल मीडिया पर विदेश में उच्च वेतन पर जॉब, तुरंत जॉइनिंग, वीज़ा सुनिश्चित जैसे प्रलोभन भरे विज्ञापन।
पहला संपर्क -
इच्छुक अभ्यर्थियों से चैट/फ़ोन पर बात कर दस्तावेज़ जांच और प्रोफ़ाइल शॉर्टलिस्टिंग के नाम पर प्रारम्भिक राशि।
फर्जी काग़ज़ात की सप्लाई -
बनावटी बुलावा पत्र और नियुक्ति पत्र भेजकर भरोसा जगाना; दूतावास जैसे दिखाई देने वाले नकली ई-वीज़ा जारी करना।
अंतिम वसूली -
टिकट, बीमा, चिकित्सा जांच, सत्यापन शुल्क आदि के नाम पर मोटी रकम ऐंठना।
ठिकाने की आड़ -
फर्जी/काल्पनिक पहचान पर किरायानामा कर ऑफिस चलाना, बार-बार ठिकाना बदलना ताकि पहचान न हो सके
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि फर्जी जॉब सेंटर आगरा के ही संजय प्लेस के सत्यम कॉम्प्लेक्स में चल रहा था। शातिर ठगों ने एसआई ओवरसीज के नाम से कंपनी बनाई हुई थी। ये सोशल मीडिया के जरिए विदेश में नौकरी दिलवाने के लिए प्रचार करते थे। विदेश में नौकरी की चाहत रखने वाले लोग इनके नंबर पर कॉल करते थे। यह ठग युवाओं को भरोसा दिलाने के लिए कंपनियों के फर्जी नाम होली इंटरनेशनल, जयां इंटरनेशनल, प्राउड इंटरनेशनल, सी ओवरसीज, मोन ओवरसीज, ओमेक्स इंटरनेशनल के नाम बताते थे। अपने ऑफिस का एड्रेस भी देते थे। आफिस में फीमेल स्टाफ भी रखा हुआ था। जब कोई वहां पहुंचता था तो उसे इन लोगों को लेकर विश्वास हो जाता था।
डीसीपी सिटी सोनम कुमार को इस गिरोह के बारे में शिकायत मिली थी। उन्हीं के आदेश पर एडीसीपी आदित्य कुमार और एसीपी हरीपर्वत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित हुई। तकनीकी निगरानी और मानवीय ख़ुफ़िया के आधार पर की गई छापेमारी में गिरोह के लोग रंगे हाथ पकड़े गए।
प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का जाल कई राज्यों तक फैला हो सकता है। पुलिस अब तक ठगे गए लोगों की पहचान कर रही है और लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं। बरामद उपकरणों की फ़ॉरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि पीड़ितों की सूची और लेन-देन का विवरण पुख्ता हो सके।