: सूफियाना शाम में सूफी संगीत की मदहोशी में डूबे श्रोता
Sun, Mar 17, 2024
स्पाइसी शुगर संस्था द्वारा होटल आईटीसी मुगल में आयोजित किया गया एक सूफियाना शाम कार्यक्रम
सूफी इबादत बैंड ने बिखेरी सूफी संगीत की स्वरलहरियां
आगरा। हर तरफ सूफियाना रंग बिखरे थे। सूफियाना संगीत की मदहोशी और सूफियाना सजावट की सादगी। श्रोताओं के परिधानों का लुक भी सूफियाना था। स्पाइसी शुगर संस्था द्वारा आज होटल आईटीसी मुगल में एक सूफियाना शाम कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें सूफी इबादत बैंड के कलाकारों ने जैसे ही सूफी संगीत के रागों को छेड़ा हर तरफ संगीत की लय के साथ श्रोताओं की तालियां भी गूंजने लगी। सुर से सुर मिलने लगे।
सानु इक पल चैन न आवे, सजना तेरे बिना…, पिया रे पिया रे, तेरे बिना लागे नहीं मारा जिया रे…, सजदा तेरे सजदा…, आफरीन आफरीन… जैसे सूफियाना गीतो की सादगी और मस्ती में श्रोता ऐसे डूबे की कलाकारों के साथ सुर से सुर मिलने लगे। तेरे नैना बड़े दगाबाज से…, मेरा पिया घर आया… गीत पर लोग खड़े होकर थिरकने लगे। कार्यक्रम के प्रारम्भ में स्पाइसी शुगर की संस्थापिका पूनम सचदेवा ने संस्था की सदस्याओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इस खुशियों के भरे सफर में कई मुश्किलें भी आयी, परन्तु रुक जाना नहीं तू कहीं हार के… गीत ने उन्हें हमेसा आगे बढ़ने का जज्बा दिया।
शिल्पा माहेश्वरी, कोमिला धर, रोली, प्रीति, सौम्या ने स्पाइसी शुगर के कार्यक्रमों से मिले अनुभव और खुशियों को सभी सदस्याओं के साथ साझा किया। पंच्वेलटी का उपहार मधुलिका गुप्ता को मिला।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सांसद एसपी सिंह बघेल, चंद्रमोहन सचदेवा, मधु बघेल, पूरन डाबर, चांदनी ग्रोवर, पावनी सचदेवा, अंजली बावरी, अर्चना धवन, डोली विज, गरिमा हेमदेव, रिम्पी जैन, पूजा बराय, दिव्या धवन, एकता ठकुराल, हरमीत चोपड़ा, मोनिका बजाज, मंजरी शर्मा, कविता अग्रवाल, कल्पना मांगलिक, राजश्री मिश्रा, प्रीति गुप्ता, रीना गर्ग आदि उपस्थित थीं।
: एमएसएमई की ग्लोबल मार्केटिंग कार्यशाला 19 को 200 से अधिक प्रतिनिधि लेंगे भाग
Sun, Mar 17, 2024
•
वैश्विक स्तर पर उत्पादों के प्रचार व बेचने के नुस्खे व तरीके सुझाएंगे विशेषज्ञ, सुबह 10 से शाम 6 बजे तक चलेगी कार्यशाला
आगरा। एमएसएमई की नेशनल सेमीनार ऑन ग्लोबल मार्केटिंग में उत्पाद निर्माताओं को अपने उत्पाद को वैश्विक बाजार में बेचने व शरीदने के नुस्खे व तरीके सुझाए जाएंगे। छोटे व्यापारियों को वैश्विक बाजार में उतरने से लेकर प्रचार प्रसार के सही व ई मार्केटिंग जैसे आधुनिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी। एमएसएमई की नेशनल सेमीनार ऑन ग्लोबल मार्केटिंग आयोजन 19 मार्च को कैलाश पुरी रोड स्थित होटल भावना क्लार्क में सुबह 10 से शाम 6 बजे तक किया जा रहा है। जिसमें विभिन्न उत्पादों के 200 से अधिक निर्माता व व्यापारी भाग लेंगे।
यह जानकारी आज होटल भावना क्लार्क में आयोजित आमंत्रण पत्र के विमोचन कार्यक्रम में एमएसएमई के सहायक निदेशक एवं सेमिनार समन्वयक सुशील यादव ने दी। इस अवसर पर एफमेक अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि ग्लोबल मार्केटिंग जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर एमएसएमई के राष्ट्रीय सेमिनार से देश के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों को देश ही नहीं अपितु अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपने उत्पादों को ले जाने मे बहुत ही अधिक सहायता मिलेगी। इस आयोजन के लिए एमएसएमई विकास कार्यालय आगरा के प्रयास अवश्य ही सफल होंगे।
उप निदेशक ब्रजेश यादव ने बताया कि भारत में बहुत से ऐसे उत्पादों का निर्माण होता है जिनकी वैश्विक स्तर पर बहुत मांग है या वैश्विक स्तर पर उनकी अच्छी मांग हो सकती है। इसके लिए उत्पाद के प्रचार प्रसार और इंटरनेशनल पॉलिसी ऑफ एक्सपोर्ट इम्पोर्ट को सही तरीके से समझना व उस पर अमल करने की आवश्यकता है। जिससे भारतीय उत्पादों की मांग वैश्विक स्तर पर बढ़े। कार्यशाला में उत्पाद निर्माता व व्यापारियों की समस्याओं को समझकर उन्हें हल करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में ग्लोबल मार्केटिंग के इंटरनेशनल कन्सलटेंट लोकेश पाराशर, ब्रांड बिल्डिंग एक्सपर्ट सीए अनिरुद्ध तिवारी मौजूद रहेंगे।
जेम (गवरमेंट ई मार्केटिंग) व ओएनडीसी पर विस्तार से जानकारी व समस्याओं के निवारण के तरीके समझने के लिए ओएनडीसी के दिल्ली एनसीआर एरिया हेड प्रफुल्ल व माई स्टोर की को फाउंडर कीर्ति भी मौजूद रहेंगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सहायक निदेशक अभिषेक सिंह, आरपी शर्मा, सतवेन्द्र कौर, पूरन डावर, दीपक अग्रवाल उपाध्यक्ष लघु उद्योग भारती,, मनीष अग्रवाल सचिव लघु उद्योग भारती, नितिन बहल महामंत्री रोजगार भारती, सीए विवेक अग्रवाल उपस्थित रहे।
: रूई की मंडी रेलवे फाटक संघर्ष समिति ने लोकसभा चुनाव का किया बहिष्कार
Sun, Mar 17, 2024
Agra. लोकसभा चुनाव की रणभेरी बज गई है तो दूसरी ओर रुई की मंडी रेलवे फाटक संघर्ष समिति ने भी मोर्चा खोल दिया है। समिति ने तय किया है कि अगर रुई की मंडी रेलवे फाटक पर आरओबी नहीं तो वोट भी नहीं। इसके पोस्टर भी तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
आपकों बताते चले कि आगरा के रुई की मंडी से रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को लगभग 3 साल पहले मंजूरी मिली थी जिस पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताई। क्योंकि आरओबी बनने से जाम से लोगों को निजात मिलेगा। इसका भूमि पूजन कर जनप्रतिनिधियों ने श्रेय भी ले लिया। 3 साल बीतने पर इसके लिए एक ईंट तक नहीं रखी जा सकी। 125 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आरओबी का निर्माण अधार में ही लटक गया। इससे लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ गई।
रुई की मंडी पर आरओबी न होने पर पूरे दिन जाम के हालात रहते हैं। कई सालों से आरओबी बनाने की मांग की जा रही थी। 2019 में प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई। रुई की मंडी के फाटक संख्या 75, 77 और 496 को जोड़ते हुए नगला छऊआ तक आरओबी के लिए 125 करोड़ रुपये मंजूर हो गए। अगस्त 2021 में इसके निर्माण के लिए भूमिपूजन कर शिलान्यास भी कर दिया गया। इसके बाद डिजाइन तय नहीं हो पाने के कारण निर्माण कार्य लटक गया।
रुई की मंडी रेलवे फाटक संघर्ष समिति ने अब चुनाव बहिष्कार की भी घोषणा कर दी है। समिति की ओर से एक पोस्टर व पम्पलेट भी वायरल किया जा रहा है। जिस पर लिखा है कि रुई की मंडी रेलवे फाटक पर "NO ROB NO VOTE" 50 सालों का लंबा इंतजार, जाम ही जाम बरकरार।संघर्ष समिति ने जनप्रतिनिधियों से जबाव मांगा है कि आखिरकार इस क्षेत्र में कब आरओबी का निर्माण होगा और कब लोगों को जाम से निजात मिलेगी।