: श्रीहरि और देश भक्ति के सतरंगी रंग बिखेरेंगे आदिवासी क्षेत्र के लोग
Wed, Aug 14, 2024
आरबीएस कालेज प्रेक्षागृह में आयोजित किया जा रहा भारत के रंग एकल के संग कार्यक्रम
कन्याकुमारी से लेकर हिमालय तक के विभिन्न शहरों में दे रहे प्रस्तुति
4 माह के लिए अमेरिका का होगा प्रवास, लगभग 45 देशों में होगी प्रस्तुति
आगरा। आदिवासी क्षेत्र के लोगों को देश की मुख्य धारा से जोड़ने व भारतीय धर्म और संस्कृति से परिचय कराने के उद्देश्य के साथ 14 अगस्त को श्रीहरि सत्संग समिति द्वारा भारत के रंग एकल के संग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें झारखंड, छत्तीसगढ़, नागालैंड, मणीपुर जैसे विभिन्न आदिवासी क्षेत्र के प्रशिक्षित लोग श्रीकृष्ण लीला व देशभक्ति के कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। कन्याकुमारी से लेकर हिमालय तक विभिन्न प्रांतों में अपनी प्रस्तुति के उपरान्त 4 माह के लिए अमेरिका प्रवास पर जाएंगे और अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से भारतीय संस्कृति से अवगत कराएंगे।
यह जानकरी आज संजय प्लेस स्थित फ्लेवर रेस्टरां में आयोजित आमंत्रण विमोचन कार्यक्रम में श्रीहरि सत्संग समिति के अध्यक्ष शांति स्वरूप, महामंत्री उमेश बंसल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय गोयल, कोषाध्यक्ष रमेशचंद मित्तल, कार्यक्रम संयोजक उमेश कंसल ने दी। बताया कि अमेरिका के लगभग 45 देशों में कार्यक्रम का मंचन किया जाएगा। 14 अगस्त को आरबीएस कालेज के प्रेक्षागृह में शाम 5.30 बजे से कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसका शुभारम्भ मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल करेंगे करेंगे। कार्यक्रम में श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर कंस के वध तक की 40 मिनट की लीला का मंचन होगा। साथ ही भक्ति व देश भक्ति गीत प्रस्तुति किए जाएंगे। वाद्य यंत्र बजाने से लेकर गायन और मंचन सभी प्रस्तुतियां आदिवासी प्रशिक्षत विद्यार्थियों द्वारा दी जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से अध्यक्ष शांति स्वरूप गोयल, महामंत्री उमेश बंसल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय गोयल, कोषाध्यक्ष रमेशचंद मित्तल, कार्यक्रम संयोजक उमेश कंसल, मंत्री उमेश बंसल, राहुल बंसल, अंशु अग्रवाल, डॉ. रुचि अग्रवाल, सोनिया गर्ग, सीमा अग्रवाल आदि उपस्थित थीं।
: जहरीली चाय पीने से मां-बेटी सहित तीन बेहोश, चीनी की जगह डाल दी यूरिया
Sun, Aug 11, 2024
आगरा। चाय बनाते समय चीनी की जगह धोखे से यूरिया डालने से जहरीली हुई चाय को पीने से मां-बेटी सहित तीन लोगों की हालत बिगड़ गई। तीनों के मुंह में झाग आने के बाद बेहोश होने पर लोगों ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उन्हें अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
तहसील एत्मादपुर के गांव गुड़ा निवासी विद्याराम की बारह वर्षीय बेटी रविवार सुबह घर में चाय बना रही थी। पास में ही चीनी के डिब्बे की जगह पाॅलीथिन में यूरिया रखी थी। बालिका ने चीनी समझकर यूरिया चाय में डाल दी। चाय पीकर एक के बाद एक तीन लोग बेहोश हो गए। उनके मुंह से झाग निकलने लगे। यह देखकर परिजनों में हड़कम्प मच गया। तहसीलदार एत्मादपुर मांधाता प्रताप सिंह ने बताया कि बेहोशी की हालत में राजनश्री पत्नी विद्याराम, उसकी बेटी शालू और विजेन्द्र पुत्र सुखराम को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एत्मादपुर में भर्ती कराया गया। जहां उनकी हालत चिंताजनक देख तीनों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा भेज दिया गया।
: जलाभिषेक के साथ ही प्राचीन पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर मेले का शुभारंभ
Sun, Aug 11, 2024
आगरा 11 अगस्त। रविवार को शाम 5.30 बजे पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर हर हर महादेव के उदघोष, वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि विधान से जलाभिषेक, पूजन और भोग लगाकर सावन के चौथे सोमवार को लगने वाले पृथ्वीनाथ मेला का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि एमएलसी विजय शिवहरे, विभाग संघ चालक राजन, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन प्रदीप भाटी, के के भारद्वाज, पार्षद रवि दिवाकर, रितेश शुक्ला, अजय शास्त्री आदि ने मेले का शुभारंभ किया।
मंदिर के महंत पंडित अजय राजौरिया ने बताया कि पवित्र श्रावण मास के चौथे सोमवार को प्राचीन पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर पर प्रातः 3.30 बजे जलाभिषेक व रुद्राभिषेक और प्रातः 4 बजे आरती के बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जायेंगे। दिन भर में छह पहर की आरती होगी।
शिवभक्त श्रद्धालु बेलपत्र, धतूरा, शहद, घी, इत्र आदि अर्पित करके बाबा भोलेनाथ का गुणगान करेंगे और दिन भर भक्तों की ओर से जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, दर्शन और पूजन जारी रहेगा। शाम 6 बजे बाबा पृथ्वीनाथ का शृंगार तत्पश्चात आरती और फूल बंगला सजाकर, छप्पन भोग अर्पित किए जायेंगे। भजन संध्या में कलाकार भगवान के सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। शयन आरती रात 11.30 बजे और रात्रि 12 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मेले भारतीय संस्कृति और सभ्यता की प्राचीन धरोहर हैं।सामाजिक सौहार्द और एकता में मेलों की महती भूमिका होती है। उन्होंने पूजन के दौरान शहर और विश्व के कल्याण के लिए बाबा पृथ्वीनाथ से प्रार्थना की है।
सज गईं दुकानें
मेले में खिलौने, साज-सज्जा व दैनिक उपयोग के सामान, खान-पान की अस्थाई दुकानें रविवार की शाम से ही सजना शुरू हो गईं। छोटे झूले भी लगे हैं। प्रशासन ने मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया है। सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मंदिर में श्रद्धालु लाइन बद्ध होकर प्रवेश द्वार से प्रवेश करेंगे, दर्शन पूजन के बाद निकास द्वार से प्रस्थान करने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वार पर दो डीएफएमडी लगाई गई हैं और बेरीकेडिंग की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल, स्वयंसेवक और सामाजिक संस्थाएं मुस्तैद रहेंगी। मंदिर को फूलों और झालरों से आकर्षक सजाया गया।