: कड़ी सुरक्षा के बीच निकले मोहर्रम के जुलूस, ताजिये हुए सुपुर्द-ए-ख़ाक
Wed, Jul 17, 2024
Agra. मोहर्रम के अवसर पर ताजगंज क्षेत्र में जुलूस के साथ ताजिए निकाले गए। यहां पर ताबूत के रूप में ताजिए रखे जाते हैं और फिर आज के ही दिन उन्हे सुपुर्द ए खाक किया जाता है। ताबूत के रूप में ताजिए निकालने कि यहां पर पुरानी परंपरा है। बताया जाता है कि लंबे वाले ताजिए और ताबूत वाले ताजियों में कोई अंतर नहीं होता है। दोनों ही ताजिये इमाम हुसैन की शहादत की याद में बनाए जाते हैं। लंबे वाले ताजिये और ताबूत वाले ताजिये में अंतर यह होता है कि ताबूत वाले ताजिए उस रूप में होते हैं जैसे किसी व्यक्ति की मिट्टी को ले जाया जाता है।
ताजगंज थाना क्षेत्र में मोहर्रम का जुलूस निकलने के दौरान पुलिस प्रशासन भी चप्पे-चप्पे पर नजर आया। एक तरफ लंबे ताजिए तो दूसरी ओर ताबूत वाले ताजिए निकाले जा रहे थे। कोई विवाद ना हो इसके लिए पुलिस प्रशासन सतर्क और चौकन्ना नजर आया।
आपको बताते चलें कि मोहर्रम के अवसर पर कई दिनों से घरों में इबादत का दौर चल रहा था। लोगों ने अपने घर पर ताजिए बनाए और फिर उसके बाद उसकी इबादत भी लगभग 10 दिनों तक जारी रही। आज सभी लोग जिन्होंने घर पर ताजिये रखे हैं वो ताजियों को सुपुर्द ए खाक करने जा रहे हैं। लोगों ने बताया कि आज ताबूत वाला जुलूस भी निकाला गया है। इस जुलूस को लेकर अपनी-अपनी मान्यता है और अक्सर विवाद भी होते रहते हैं लेकिन आज पुलिस प्रशासन चप्पे-चप्पे पर तैनात था जिसके चलते सद्भाव और शांति के साथ जुलूस निकाला गया।
: दिव्यांग भाई-बहन के साथ धोखाधड़ी कर अपने नाम कर ली 30 बीघा जमीन
Wed, Jul 17, 2024
आगरा. दिव्यांग भाई बहन की दिव्यांगता का एक जानकार ने ऐसा फायदा उठाया कि उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। सरकारी योजना का लाभ दिलाने और दिव्यांगता सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर दिव्यांग भाई बहन को तहसील ले गया और फिर धोखे से उनकी 30 बीघा जमीन को किसी और के नाम बैनामा करके बेच दिया। इसमें सब रजिस्टार बाह के बयान नहीं दिए गए और कोई प्रतिफल भी नहीं दिया गया। दिव्यांग भाई बहन को गांव वालों से पता चला कि उनकी जमीन बिक चुकी है यह जानकर वह सकते में आ गए। उन्होंने अब जिला मुख्यालय पहुंचकर जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
पूरा मामला बाहर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। बाह तहसील के मौजा मानिकपुरा में पप्पू पचौरी अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बहन भी उनके साथ रहती है। प्रार्थी पप्पू पचौरी गूंगा और बहरा है और मानसिक रूप से भी उसका संतुलन ठीक नहीं है। उनकी बहन भी बोलने में असमर्थ हैं। पीड़ित के पास काफी जमीन है। पीड़ितों की दिव्यांगता का लाभ उनके परिचित गांव की रहने वाले संजू पचौरी ने उठाया। पेंशन व राशन कार्ड और दिव्यांगता का कार्ड बनवाने के नाम पर उन्हें बाह तहसील ले गया। कई कागजों पर उसने साइन और अंगूठा लगवा लिया और उन्हें इंतजार करने को कहा। आरोपित संजू पचौरी ने उनसे कहा कि सर्टिफिकेट बनवाने की फॉर्मेलिटी की जा रही है इसलिए समय लग रहा है। कुछ देर बाद ही संजू पचौरी ने पीड़ित की जमीन सीधे संतोष शर्मा के नाम करा दी।
पीड़ित परिवार के रिश्तेदार ने बताया कि संजू पचौरी गांव का ही रहने वाला है और पीड़ित भाई बहन का जानकर भी है। उन्होंने बताया कि दोनों दिव्यांग भाई बहिन के पास काफी जमीन है लेकिन दिव्यांग होने के कारण वह देखरेख नहीं कर पाते हैं। गांव के जानकर संजू ने उनसे कहा कि आप दिव्यांग हैं आपका दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवा देता हू जिससे आपको अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल जाएगा। पीड़ित सच्चा और ईमानदार व्यक्ति था। वह संजू की बातों में आ गया और बहन के साथ-साथ अपना प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उसे हमें भर दी। बस इसी का उसने फायदा उठाया और गाटा संख्या 1235 रकबा 1.098, गाटा 1211 रकबा 1.565 बैनामा करा दिया।
पीड़ित भाई बहन आज अपने भांजे के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे थे यहां पर उन्होंने पूरी घटना से अवगत कराया और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंप कर न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। प्रशासनिक अधिकारी ने उन्हें इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करने का आश्वासन दिया है।
पीड़ित के रिश्तेदार का कहना है कि अगर इस मामले में निष्पक्ष जांच हो तो कई लोग इस मामले में फंस जाएंगे। बैनामा करवाने से लेकर बैनामा करने वाले अधिकारी इसमें नपेंगे क्योंकि बैनामा करने के दौरान बेचने वाले और खरीदने वाले दोनों की रजामंदी की जानकारी दी जाती है लेकिन ऐसा नहीं किया गया। अब हमें न्याय चाहिए ताकि दिव्यांग भाई बहिन को उनकी जमीन वापिस मिल सके।
: अग्रवाल महासभा के पदाधिकारियों ने ली शपथ
Wed, Jul 17, 2024
कामता प्रसाद सहित 25 ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
निर्वाचन प्रमाण पत्र प्राप्त करने उपरांत संभाला कार्यभार
आगरा। अग्रवाल महासभा के 2024-26 कार्यकारिणी की शपथ समारोह में पदाधिकारियों व सदस्यों ने समाज के विकास व उत्थान के लिए हर तरह से सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह का शुभारम्भ मुख्य अतिथि पूर्व विधायक महेश गोयल व सुरेश चंद गर्ग ‘तपन ग्रुप’ ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। 12 पदाधिकारियों व 14 कार्यकारिणी सदस्यों सहित कुल 26 लोगों ने अपने पद व गोपनीयता की शपथ ली। सर्व प्रथम चुनाव अधिकारी रवि प्रकाश अग्रवाल, कुलवन्त मित्तल तथा सुभाष गर्ग ने सभी सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए।
समाज और विकास के लिए संकल्पित। सेवा भाव की भावना के साथ प्रांगण में गूंजते महाराजा अग्रसेन के जयकारे। कुछ ऐसा ही दृष्य था अग्रवाल महासभा के शपथ ग्रहण समारोह में। सभी 26 सदस्यों को मुख्य अतिथि पूर्व विधायक महेश गोयल ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अध्यक्ष कान्ता प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि मैं अपने दायित्व को पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करूंगा। समाज के सभी लोगों के सहयोग से महासभा को आगे बढ़ाने और समाज के उत्थान के लिए काम किया जाएगा। संचालन सुरेश चंद अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मिट्ठन लाल गोयल, घनश्याम दास अग्रवाल, नितेश अग्रवाल चांदी, कैदारनाथ अग्रवाल, दिनेश मित्तल, महेन्द्र बंसल, सतेन्द्र अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मुकेश नेचुरल, भगवान दास बंसल, रामप्रकाश अग्रवाल, विनय अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, सुनील विकल, टीएन अग्रवाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
पदाधिकारी जिन्होंने शपथ ग्रहण की।
अध्यक्ष कान्ता प्रसाद अग्रवाल, महामंत्री विष्णु विहारी गोयल, कोषाध्यक्ष रामरतन मित्तल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, डा. मंजू बंसल,उपाध्यक्ष फूलचंद बंसल, कृष्ण मुरारी गोयल, उपमहामंत्री वीरेन्द्र गोयल, मंत्री शैलेन्द्र बंसल, विधान निर्माता गजेन्द्र अग्रवाल, संगठन मंत्री अशोक गोयल सहित 14 कार्यकारिणी सदस्यों ने भी शपथ ली।