: सृजन नारी शक्ति दीपोत्सव मेला: महिला सशक्तिकरण की मिसाल
Fri, Oct 25, 2024
आगरा। सृजन फाउंडेशन द्वारा बल्केश्वर के कुंज पार्क में ‘सृजन नारी शक्ति दीपोत्सव मेला’ का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य महिलाओं के हस्तशिल्प को बढ़ावा देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना था। मेले में महिलाओं द्वारा हाथ से निर्मित हस्तशिल्प और घरेलू सामान की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने आगंतुकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इसमें रोजगार भर्ती से जुड़ी महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे उनके कार्यों को एक मंच मिला। यह मेला महिलाओं के कौशल, उनकी रचनात्मकता और आर्थिक सशक्तिकरण को समर्पित था।
सृजन फाउंडेशन की अध्यक्ष, अदिति कात्यायन उपाध्यक्ष प्रतिमा कुमारी ने मेले के दौरान अपने संबोधन में कहा, ‘आत्मनिर्भर भारत’ एक ऐसा अभियान है जिसे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और उनकी सरकार ने देश की आर्थिक विकास योजनाओं के संबंध में उपयोग किया और लोकप्रिय बनाया है। यह अभियान न केवल आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि देश को वैश्विक अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभाने के लिए तैयार करता है। मोदी सरकार की यह पहल हमारी अर्थव्यवस्था को और अधिक कुशल, प्रतिस्पर्धी और लचीला बनाने की दिशा में एक अत्यंत सार्थक अवधारणा है।
उन्होंन कहा कि इस मेले के माध्यम से हम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक छोटा सा योगदान देने का प्रयास कर रहे हैं। महिलाओं का आर्थिक रूप से सक्षम होना आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मेले के दौरान दीपोत्सव की थीम पर विशेष सजावट की गई थी, जिससे चारों ओर उत्सव का माहौल था। मेले में उपस्थित लोगों ने महिलाओं के इस योगदान की सराहना की और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना। मेले में दस स्टॉल लगाये गये। जहां शिल्पकारों ने मिट्टी एवं गाय के गोबर की बनी लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों और अन्य उत्पादों का प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रकार के डिजाइन के सादा दीपक एवं फेंसी दीपकों का प्रदर्शन किया गया।
आदर्श नंदन गुप्ता एवं कुमुद चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वत्सला प्रभाकर, पूनम भाटिया, विनीता चतुर्वेदी, प्रियंका चैहान, कौर भूपिंदर, विनीता जादोंन, आशा अग्रवाल, अंजलि बंसल, नीलम माहेश्वरी, ऊषा खंडेलवाल, सुरभि खंडेलवाल, रीता गुप्ता, ममता भाटिया, वीना, पायल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पश्चात सभी आगंतुकों का आभार सृजन फॉउंडेशन की अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी उर्फ अदिति कात्यायन ने दिया।
: 3 से 9 नवंबर तक बहेगी श्रीराम कथा की पावन रसधारा, अतुल कृष्ण महाराज होंगे कथा वक्ता
Fri, Oct 25, 2024
श्रीप्रेमनिधि मंदिर, नाई की मंडी न्यास द्वारा किया जा रहा भव्य श्रीराम कथा का आयोजन
लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन बनेगा पावन अयोध्या नगरी, महारास से होगा शुभारंभ
आगरा। दिपावली पर्व के समापन यानि भाइया दूज से शहर में श्रीप्रेमनिधि मंदिर, नाई की मंडी न्यास द्वारा श्रीराम कथा की पावन रसधारा बहेगी, जिसके सूत्रधार बनेंगे अंतर्राष्ट्रीय कथा वक्ता अतुल कृष्ण महाराज। आयोजन को लेकर शुक्रवार को आमंत्रण पत्र का विमोचन किया गया।
अग्रसेन भवन, लोहामंडी स्थित पुष्पांजलि सभागार में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह का शुभारंभ ठाकुर श्याम बिहारी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। मंदिर के सेवायत अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि 3 से 9 नवंबर तक श्रीराम कथा का आयोजन लोहामंडी स्थित अग्रसेन भवन में किया जाएगा। कथा वक्ता अतुल कृष्ण महाराज होंगे, जोकि विभिन्न देशों में राम कथा का वाचन कर चुके हैं। कथा का शुभारंभ प्रथम दिवस व्यास पूजन से होगा और सायंकाल अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त बरसाना की हरिप्रिया रासमंडली द्वारा महारास की प्रस्तुति एवं प्रसादी होगी।
मंदिर प्रशासक दिनेश पचैरी ने बताया कि श्रीप्रेमनिधि मंदिर, नाई की मंडी न्यास द्वारा भव्य श्रीराम कथा का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। ठाकुर श्रीश्याम बिहारी जी के भक्तों के सहयोग से आयोजन होगा। श्रीराम कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से आरंभ होगी। प्रतिदिन सायं 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं रसोई प्रसादी सभी भक्तों के लिए होगी। कथा के मुख्य यजमान बृजेश कुमार सुतैल और सुमन सुतैल हैं।
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर अखिलेश अग्रवाल, प्रकाश धाकड़, मनीष गोयल, मनीष अग्रवाल, राजेश खंडेलवाल, मोहित वशिष्ठ, महेश पचैरी, राजेश धाकड़, अशोक चैबे, सुधीर भोजवानी, संजीव चैबे, संजीव जैन, राकेश कुमार गोयनकर, सचिंद्र शर्मा, सागर शिवहरे, अमित शर्मा आदि ने शहरवासियों में अधिक से अधिक संख्या में कथा आयोजन में पहुंचने की अपील की।
: आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से लोगों को घर के नजदीक ही मिल रही स्वास्थ्य सेवाएं
Fri, Oct 25, 2024
पीएम आयुष्मान स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा मिशन दिवस पर आयोजित हुए जागरुकता कार्यक्रम
आगरा। पीएम आयुष्मान स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा मिशन दिवस के तहत शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी के अंतर्गत आने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिर मंडी मिर्जा खाँ में जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान गिरीश कुमार ने किया। गोष्ठी में 20 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाना है। इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से सरकार ने देश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने का एक बड़ा कदम उठाया है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
एसीएमओ आरसीएच/ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की सुलभता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन केंद्रों पर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, रोग निदान और उपचार, स्वास्थ्य शिक्षा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिर मंडी मिर्जा खाँ के सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी राकेश कुमार कश्यप ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर, उपकेंद्रों का ही एक नया नाम है, जिसका उद्देश्य है कि सभी नागरिकों को उचित इलाज मिल सके और उन्हें भटकना न पड़े । इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिसमें न केवल इलाज बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता और योग कार्यक्रम भी शामिल हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को डायरिया प्रबंधन, जिंक ओआरएस के लाभ, परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी, लक्षणों के आधार पर टीबी की जांच कराने, साफ-सफाई व टीकाकरण के संबंध में और आयुष्मान कार्ड के संबंध में जागरुक किया।
सीएचओ ने बताया कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर प्रतिदिन ओपीडी में 20-25 मरीज आते हैं। आयुष्मान मंदिर पर प्रसव पूर्व व प्रसव पश्चात सेवाएं दी जाती हैं। संचारी व गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाती है। आयुष्मान कार्ड से संबंधित जानकारी प्रदान की जाती है। प्रतिमाह जन आरोग्य समिति की बैठक की जाती है, महीने की 15 तारीख को निक्षय दिवस मनाया जाता है,जिसमें संभावित टीबी मरीजों के बलगम की जांच की जाती है। केंद्र पर 12 प्रकार की स्वाथ्य सेवाएं जनसमुदाय को दी जाती हैं। इस मौके पर एएनएम कुमारी मंजू, आशा संगिनी राजकुमारी, 20 प्रतिभागियों सहित 11 आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।