: 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग बनवा सकेंगे आयुष्मान कार्ड
Sat, Nov 9, 2024
जनपद में लगाए जाएंगे विशेष शिविर
ऑनलाइन व प्ले स्टोर से आयुष्मान भारत एप डाउनलोड करके भी बनवा सकते हैं आयुष्मान कार्ड
आगरा। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। जनपद आगरा के 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए योजना के अंतर्गत समस्त राजकीय एवं निजी चिकित्सालयों द्वारा विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं ।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से आयुष्मान भारत एप डाउनलोड कर एप की मदद से आयुष्मान कार्ड बना सकता है। इसके अलावा जन सेवा केंद्र, पंचायत सहायक,कोटेदार,आशा, आंगनबाड़ी एवं अन्य फील्ड लेवल वर्कर के माध्यम से आप अपना आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं।
योजना के नोडल अधिकारी डॉ. नंदन सिंह ने अपील की है कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए एकमात्र पात्रता मापदंड है कि व्यक्ति की आयु 70 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। आयु का निर्धारण आधार कार्ड में दर्ज आयु के आधार पर किया जाएगा।
ऐसे बनवाएं आयुष्मान कार्ड
आयुष्मान भारत योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmjay.gov.in या https://beneficiary.nha.gov.in पर जाना होगा, जहां पर विजिट करना होगा। आधार कार्ड में जन्मतिथि के आधार पर आवेदन हो सकेगा। इस पोर्टल पर स्पेशल कार्ड के लिए अलग से विंडो होगी। इसके साथ ही गूगल प्ले स्टोर से आयुष्मान ऐप डाउनलोड करके उसके जरिए भी आवेदन कर सकते हैं। इस ऐप में अलग से फीचर होगा, जिसके जरिए आवेदन किया जा सकेगा। ई-केवाईसी विकल्प के बाद नया कार्ड जनरेट हो जाएगा। आयुष्मान भारत योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmjay.gov.in या https://beneficiary.nha.gov.in के जरिये भी आवेदन कर सकेंगे।
: राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु के जयकारों से गूंजा आगरा, भव्यता के साथ निकली जन्मोत्सव शोभायात्रा
Sat, Nov 9, 2024
शिवहरे समाज ने आयोजित की काल को चूर करने वाले सम्राट सहस्त्रबाहु के जन्मोत्सव पर शोभायात्रा
सुभाष पार्क से सदर भट्टी तक निकलीं एक दर्जन से अधिक सवारी, सहस्त्रबाहु की तस्वीर रथ पर विराजित
शहर में पहली बार किया गया धूमधाम से आयोजन, हर वर्ष भव्यता प्रदान करने का समाज ने लिया संकल्प
आगरा। जिसने रावण को पराजित कर दिया, काल को भी चूर चूर कर दिया ऐसे दिग्विजय सम्राट राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु के जन्मोत्सव को स्मरण, नमन किया शिवहरे कलचुरी समाज ने। शुक्रवार को सम्राट सहस्त्रबाहु के जन्मोत्सव पर सुभाष पार्क से सदर भट्टी स्थित श्रीदाउ जी मंदिर तक भव्यता के साथ शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा का आयोजन दाउजी मंदिर समिति, सदरभट्टी एवं राधा कृष्ण मंदिर समिति, आलमगंज लोहामंडी द्वारा शिवहरे समाज एकता परिषद, शिवहरे वाणी के सहायोग से किया गया। शोभायात्रा की विशेषता रही कि पहली बार एमएलसी विजय शिवहरे के प्रयासों से सहस्त्रबाहुजी के वंशज कसेरा समाज ने सहस्त्रबाहु जी का डोला शिवहरे समाज की शोभायात्रा में शामिल किया। डोले का शुभारंभ गोकुल पुरा से हुआ था, जोकि सुभाष पार्क में शिवहरे समाज की शोभायात्रा में शामिल हो गया। डोले में रमेश चंद्र वर्मा, विजय वर्मा, गोपाल, रामकुमार, राजेंद्र कुमार, हीरालाल, मोहन लाल, भरत, मनीष, अमन, नरेंद्र, सुनील आदि समेत बड़ी संख्या में कसेरा समाज के लोग उपस्थित रहे।
आयोजन का शुभारंभ एमएलसी विजय शिवहरे ने शोभायात्रा में शामिल रथ पर विराजित सम्राट सहस्त्रबाहु की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि भगवान दत्तात्रेय के शिष्य राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु जी थे। सहस्त्रबाहुजी ने पूरे विश्व में शासन किया था। रावण को भी उन्होंने बहुत आसानी से युद्ध में पराजित कर अपना बंदी बना लिया था। सहस्त्रार्जुन की कथाएं रामायण, महाभारत आदि पुराणों में हैं। दाउजी मंदिर समिति के अध्यक्ष विजनेश शिवहरे और राधाकृष्ण मंदिर समिति के अध्यक्ष अरविंद शिवहरे ने कहा कि शिवहरे समाज ने शोभायात्रा के माध्यम से अपनी जड़ों से जुड़े रहने का संकेत दिया है। शिवहरे वाणी के संपादक सोम साहू ने कहा कि विगत वर्ष सांकेतिक शोभायात्रा निकाली गयी थी किंतु इस वर्ष भव्य शोभायात्रा निकाली गयी है। आने वाले समय में सहस्त्रबाहु जी के जन्मोत्सव को और भी अधिक भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
शोभायात्रा में गणेश जी की सवारी सर्वप्रथम थी, इसके बाद राम दरबार, राधाकृष्ण, खाटू श्याम जी, मां दुर्गा आदि देव स्वरूपों के सवारियों के पीछे सहस्त्रबाहु जी का रथ चल रहा था। बैंड बाजों पर झूमते हुए शिवहरे समाज साथ साथ एकता और अखंडता का संदेश दे रहा था। शोभायात्रा का समापन आरती एवं प्रसादी के साथ हुआ।
इस अवसर पर धर्मेंद्र राज शिवहरे, आशीष शिवहरे, संतोष गुप्ता, नवनीत गुप्ता, एड. वीरेंद्र, धर्मेश शिवहरे, अशोक शिवहरे, मुकुंद शिवहरे, कुलभूषण गुप्ता(राम भाइ), रिषी रंजन, धीरज शिवहरे, रवि गुप्ता, विकास गुप्ता, केके शिवहरे, अंशुल, हिमांशु गुप्ता, अंकुर, डॉ गौरव, कमल गुप्ता, वरुन गुप्ता, विनय शिवहरे(आर्चीज) आदि उपस्थित रहे।
: आनंद उमंग भयौ, जय हो नंद लाल की…श्रीकृष्ण लीला में नंदोत्सव की रही धूम
Fri, Nov 8, 2024
श्रीकृष्ण लीला शताब्दी वर्ष महोत्सव में मनाया गया नंदोत्सव, मयूर नृत्य ने किया मंत्रमुग्ध, पूतना वध का लिया आनंद
नंद सखा की सवारी में उमड़ा बल्केश्वर, शोभायात्रा बनी आकर्षण का केंद्र, उपहार लूटने की मची रही खूब होड़ सी
आगरा। नंद घर आनंद भयौ, जै कन्हैयालाल की, हाथी−घाेड़ा पालकी, जै जै नन्दलाल की… श्रीकृष्ण लीला शताब्दी वर्ष महोत्सव में शुक्रवार को जमकर आनंद की वर्षा हुयी। यशोदा को सभी ने खूब बधाइयां दी और मंगलगान गाए। नंद बाबा ने उपहार लुटाए और ब्रजवासियों के नृत्य ने आनंदित कर दिया।
बल्केश्वर गौशाला में चल रहे श्रीकृष्ण लीला शताब्दी वर्ष महोत्सव में लीला का मंचन करते कलाकार।
गोकुल बने वाटर वर्क्स चौराहा स्थित गौशाला प्रांगण में श्रीकृष्ण लीला समिति द्वारा आयोजित श्रीकृष्ण लीला शताब्दी वर्ष महोत्सव में शुक्रवार को नंदोत्सव की लीला का मंचन किया गया। जिसमें नंद बाबा के स्वरूप ने जमकर उल्लास बिखेरा और दानपुण्य किया। ब्रजवासियों को उपहार दिए। इसी आनंद में और अधिक रस भर गया जब भगवान भाेलेनाथ साधु वेश में श्रीकृष्ण दर्शन हेतु ब्रज आते हैं और मैया यशाेधा से अनुरोध करते हैं, अनुमति न मिलने पर श्रीकृष्ण घर के भीतर से लीला कर रुदन करते हैं और फिर भगवान शंकर प्रभु दर्शन का आनंद लेते हैं। लीला मंचन में गर्गाचार्य द्वारा श्रीकृष्ण का नामकरण, पूतना का आगमन, श्रीकृष्ण को स्तन पान, पूतना का उद्धार, उखल बंधन एवं यमलार्जुन उद्धार लीला का मंचन भी किया गया।
लीला में कंस द्वारा बाल कृष्ण के वध के लिए विभिन्न तरीके अपनाए गए। एक माह तक के सभी बच्चों का वध कर दिया गया। राक्षसी पूतना को भेज कर भी श्रीकृष्ण के वध के प्रयास किये, लेकिन कृष्ण ने पूतना का ही वध कर दिया। इसके अलावा कान्हा के नामकरण संस्कार, भगवान शंकर द्वारा दर्शन के लिए आना आदि लीलाओं का मंचन भी वृंदावन के प्रदीप कृष्ण ठाकुर के निर्देशन में श्रीरास बिहारी कृपा सेवा ट्रस्ट के कलाकारों द्वारा किया गया।
लीला के अंत में भगवान कृष्ण के स्वरूप की आरती अग्रवाल संगठन कमला नगर के अध्यक्ष रविंद्र अग्रवाल, महामंत्री रामकुमार जिंदल, प्रवीण मित्तल, संरक्षक पीयूष अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, मनोज अग्रवाल एवं रेलेश अग्रवाल, संजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता, कमेटी के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल, महामंत्री विजय रोहतगी, लीला संयोजक शेखर गोयल, अशोक गोयल, ब्रजेश अग्रवाल, पीके मोदी, संजय चेली, संजय गर्ग, अनीश, केसी अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, लक्ष्मण शर्मा, तनुरागु गोयल, आयुष बंसल, मनोज बंसल आदि ने उतारी।
गोपाष्टमी पर गौचरण को निकलेंगे ठाकुर जी
श्रीकृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को गोपाष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण अपने ज्येष्ठ बलराम जी के साथ गौशाला परिसर में गौ पूजन कर गौचारण के लिए प्रस्थान करेंगे। गौचारण यात्रा गायों के साथ बल्केश्वर से आरंभ होकर जीवनी मंडी, भैरों बाजार, बेलन गंज, कचहरी घाट, छत्ता बाजार, दरेसी, रावतपाड़ा, सुभाष बाजार, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, आदि मार्गाें से वापस गौधूली बेला में गौशाला पहुंचेगी। सायं काल लीला मंचन में पहली बार काले खां, मदन मोहन लीला होगी।