: रामलीला - चन्द्रग्रहण के कारण मुकुट शोभायात्रा अब 8 सितम्बर को
Mon, Aug 25, 2025
आगरा। उत्तर भारत की ऐतिहासिक आगरा की रामलीला 06 सितमबर को गणेश पूजन के साथ प्रारम्भ होगी। रामलीला महोत्सव के अन्तर्गत मुकुट पूजन के बाद मुकुट शोभायात्रा की सवारी काली बाड़ी से रावत पाड़ा मनःकामेश्वर मन्दिर आती है। जो कि इस बार 07 सितम्बर को चन्द्र ग्रहण होने के कारण सनातन धर्म का पालन करते हुये दिनांक 08 सितम्बर 2025 को निकलेगी।
श्रीरामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि चन्द्र ग्रहण के कारण उस दिन किसी भी प्रकार की पूजा नही की जाती है। अतः 07 सितम्बर को श्री मनःकामेश्वर नाथ मन्दिर में भगवान को मुकुट अर्पित नही किया जा सकता है। अब मुकुट महोत्सव की सवारी 07 सितम्बर के स्थान पर 08 सितम्बर को काली बाड़ी से प्रारम्भ होकर रावत पाड़ा मनःकामेश्वर नाथ मन्दिर पर आयेगी। अन्य सभी कार्यक्रम पूर्ववत होगें।
: नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की… नंदोत्सव के उल्लास में मगन हुई मिथिला नगरी
Thu, Aug 21, 2025
आगरा। श्री जनकपुरी महोत्सव महिला समिति द्वारा गुरुवार शाम कमला नगर स्थित टीले वाले मंदिर में नंदोत्सव का आयोजन किया गया। कृष्ण जन्मोपरांत नंदबाबा के आंगन में मनाए जाने वाले नंदोत्सव की परंपरा को पुष्प-वर्षा, झूलन आरती और दही-हांडी जैसे आयोजनों ने जीवंत कर दिया। देर रात तक मंदिर प्रांगण “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंजता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंजू मंगल ने दीप जलाकर किया। इस अवसर पर मुख्य संरक्षक व रानी सुनयना अंजू अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि मधु बंसल, संरक्षक मीरा अग्रवाल एवं संगीता पोद्दार मंच पर उपस्थित रहीं।
जनकपुरी महिला समिति की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल, सचिव प्रियंका अग्रवाल, कोषाध्यक्ष मीनू त्यागी एवं सह-कोषाध्यक्ष श्वेता बंसल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। समिति की संरचना में वरिष्ठ उपाध्यक्ष चारु गर्ग और उपाध्यक्ष अंजू, वंदना अग्रवाल, सोनिया शर्मा, इंद्रा अग्रवाल, रिचा मांगलिक, मंत्री मोनिका अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, साधना वर्मा, शिखा, शुचि अग्रवाल, लक्ष्मी, विनीता अग्रवाल, मानसी अग्रवाल, राखी अग्रवाल, प्रवीणा पालीवाल, अंशु अग्रवाल, डॉली सिंघल, मिल्की, मधु अग्रवाल, मीरा बंसल, मेघा गुप्ता, रेनू मांगलिक, रेनू सिंघल, रितु गर्ग, रचना गोयल, शशि गोयल, शालिनी अग्रवाल और सुरेखा गुप्ता भी सक्रिय रूप से सम्मिलित रहीं।
नंदोत्सव के अवसर पर भक्ति गीतोंकृ “मथुरा में जन्मे कन्हैया, बधाइयाँ गोकुल में बाजे जी” तथा “लाला की छठी मनाओ, सखी मंगल गाओ घड़ी-घड़ी” की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। माखन-मिश्री, दधि और शहद से ठाकुरजी का विशेष अभिषेक किया गया, वहीं झूलन-आरती और पुष्प-वर्षा ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
समिति की अध्यक्ष सीमा अग्रवाल ने कहा कि “नंदोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामुदायिक समरसता, सेवा और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का संकल्प है। जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत ऐसे कार्यक्रम समाज को जोड़ते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से परिचित कराते हैं।”
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती श्वेता बंसल ने सुसंयोजित व आत्मीय शैली में किया। मंजू मंगल और मधु अग्रवाल द्वारा प्रसाद की व्यवस्था की गई। समारोह का समापन महाआरती से हुआ तथा श्रद्धालुओं में माखन-मिश्री व पंचामृत का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे परिवार सहित जनकपुरी महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में शामिल होकर भक्ति, संगीत और लोक-परंपराओं से सजे इस महोत्सव का हिस्सा बनें। अंत में श्रीमती श्वेता बंसल ने सभी अतिथियों, समिति सदस्यों और श्रद्धालुओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए नंदोत्सव के सेवा, समरसता और संस्कृति के संदेश को दोहराया।
: विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट की विशाल मंगल कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
Thu, Aug 21, 2025
राधे राधे के जयकारों से गूँजा बल्केश्वर क्षेत्र, 3100 से अधिक माता-बहनों ने मंगल कलश यात्रा में शामिल होकर लिया पुण्य-लाभ
राष्ट्रीय संत पूज्य चिन्मयानंद बापू बल्केश्वर पार्क में शुक्रवार शाम 3ः00 बजे से सप्ताह भर बहाएंगे भागवत कथा की त्रिवेणी
आगरा। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट द्वारा आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के लिए गुरुवार को बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से बल्केश्वर पार्क स्थित कथा स्थल तक विशाल मंगल कलश यात्रा निकाली गई। भजनों की मधुर स्वर लहरियाँ बिखरते बैंड वादकों के साथ सुसज्जित बग्घी पर विराजमान पूज्य राष्ट्रीय संत चिन्मयानंद बापू के पावन सान्निध्य में जब 3100 से अधिक माता-बहनें मंगल कलश लेकर सड़क पर निकलीं तो ऐसा लगा मानो आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा हो। पूरा बल्केश्वर क्षेत्र राधे-राधे के जयकारों से गूँज उठा।
प्रयास फाउंडेशन के सराहनीय सहयोग के लिए आभार व्यक्त करने के बाद सभी भक्तों को आशीर्वचन प्रदान करते हुए पूज्य राष्ट्रीय संत चिन्मयानन्द बापू ने कहा कि यह मंगल कलश, अमृत कलश भी है और सौभाग्य कलश भी। राधा रानी की कृपा से ही यह मंगल कलश उठाने का सौभाग्य मिलता है। जिस माता के सर पर यह कलश है, उसके घर में साक्षात लक्ष्मी वास करती है। अब इस मंगल कलश में देवी-देवता विराजमान होकर भागवत कथा सुनेंगे। पूज्य बापू ने भक्तों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप कथा श्रवण करने का पुण्य लाभ पाँच गुना करना चाहते हैं तो अपने साथ पाँच लोगों को भी कथा सुनने के लिए अवश्य लेकर आएँ।
दिव्य आयोजन के मुख्य संरक्षक एवं मार्गदर्शक डॉ. विजय किशोर बंसल ने बताया कि पूज्य राष्ट्रीय संत चिन्मयानंद बापू 22 से 28 अगस्त तक बल्केश्वर पार्क में हर दिन दोपहर 3ः00 बजे से रात 7ः00 बजे तक भागवत कथा की त्रिवेणी प्रवाहित करेंगे। भक्तों की सुविधा के लिए कथा स्थल पर वैले पार्किंग, सीसीटीवी कैमरे, एलईडी स्क्रीन और मिन्ट लीफ की पाइपलाइन व कूलरों की व्यवस्था रहेगी।
विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्ट्री समाजसेवी पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट वाले एवं ट्रस्टी सुमन गोयल ने आगरावासी भक्त-श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की।
मंगल कलश यात्रा में मुख्य यजमान सुगंधी परिवार की विनीता सुगंधी, गोविंद सुगंधी, अमित सुगंधी, हिमांशु सुगंधी और आशीष सुगंधी के साथ तीरथ कुशवाह, कमलेश कुशवाह, ममता सिंघल, आशा अग्रवाल, कुमकुम उपाध्याय, रजनी गोयल, नेहा गोयल, पार्षद पूजा बंसल, हरिओम गोयल, भोलानाथ अग्रवाल, विश्वनाथ भारद्वाज, मयंक खंडेलवाल, केएम सिंघल, गिर्राज बंसल, विजय वर्मा, राकेश गुप्ता, आदर्श नंदन गुप्त, वीके मित्तल, शिवराम और उमेश धर्म भी प्रमुख रूप से शामिल रहे। मयंक वैद्य ने संचालन किया।