: लाखों की चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार
Wed, Sep 20, 2023
आगरा/पिनाहट। थाना बसई अरेला क्षेत्र के अंतर्गत गांव सुताहरी में खाद बीज दुकानदार के सूने घर से 5 दिन पूर्व चोरों द्वारा घर में घुसकर अलमारी से लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। वादी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जहां मंगलवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दो चोरों को गिरफ्तार कर लाखों की चोरी की घटना का खुलासा कर सोने चांदी के आभूषण सहित नगदी को बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार कृष्ण मुरारी निवासी गांव सुताहरी थाना बसई अरेला स्याहीपुरा पर खाद बीज की दुकान करते हैं। उनकी पत्नी सरिता गांव के पास प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। बीते 5 दिन पूर्व शुक्रवार को कृष्ण मुरारी खाद बीज की दुकान पर चले गए थे। वही पत्नी सरिता कामकाज करने के बाद स्कूल चली गई। वहीं कृष्ण मुरारी की मां राम बेटी घर का दरवाजा बंद करके खेत पर गई थी। तभी दिनदहाड़े सूने घर में घुसकर अज्ञात चोरों ने अलमारी में रखे 2.5 लाख रुपए नगद सहित लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवरात चोरी करके चोर आसानी से ले गए थे। परिजनों ने दरवाजा खुला देख अंदर देखा तो लाखों रुपए की जेवरात सहित नगदी चोरी हो चुकी थी। चोरी के मामले की पुलिस को सूचना देकर पीड़ित द्वारा अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस उपायुक्त पूर्वी सोमेंद्र मीणा के निर्देश पर थाना प्रभारी अभिषेक तिवारी की पुलिस टीम सहित क्राइम ब्रांच की टीम को चोरी के खुलासे के लिए लगाया गया था। पुलिस टीम चोरी का खुलासा करने के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। मंगलवार को पुलिस टीम को सूचना मिली की चोरी के दर्ज मामले में दो चोर चोरी का सामान बेचने के लिए जा रहे हैं और वह गांव गजोरा के जवाहर भट्टे के पास खड़े हुए हैं। जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों अभियुक्तो को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए चोरों से 25 लाख रुपए कीमत के सोने चांदी के आभूषण सहित, 2.5 लाख रुपए शत प्रतिशत हुई चोरी के बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम सत्यराम पुत्र महावीर सिंह, सौरभ उर्फ पांडे पुत्र गजेंद्र सिंह निवासीगण गांव सुताहरी बताया। पुलिस की कड़ी पूछताछ में चोर सौरभ उर्फ पांडे ने बताया कि वह आईपीएल सट्टे में रुपए खर्च होने के बाद कर्ज में आ गया था। जिसे लेकर बीते शुक्रवार को मैंने अपने साथी के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वादी कृष्ण मुरारी रिश्ते में उसका चाचा लगता है। चोरी किए हुए सामान को बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने चोरों की निशान देही पर क्षेत्र के साइकिल ट्रैक सुखाताल के पास से बाजरे के खेत से अन्य सोने चांदी के आभूषण सहित नगदी बरामद की गई। पूरे मामले का पुलिस उपायुक्त सोमेंद्र मीणा द्वारा मामले का खुलासा कर जानकारी दी गई। वहीं पकड़े गए अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्यवार्ही की गई है।
चोरी का खुलासा करने वाली टीम में ये रहे शामिल
चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम में थाना प्रभारी अभिषेक तिवारी, उपनिरीक्षक रामनरेश सिंह एसओजी, उपनिरीक्षक राजेश्वर प्रताप सिंह, मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल नेत्रपाल, अरविंद राणा, संदीप मिश्रा, मोहनलाल, शैलेंद्र शर्मा, रामवीर सिंह, कांस्टेबल सोनू कुमार, विपिन गोस्वामी, जितेंद्र कुमार, रविकांत, मनीष कुमार आदि मौजूद रहे।
: पुलिस कर्मियों पर दबंगों ने किया लाठी डंडों से हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार
Wed, Sep 20, 2023
पिनाहट। थाना पिनाहट क्षेत्र के अंतर्गत गांव विप्रावली में दबंग ससुरालीजनों द्वारा विवाहिता महिला के साथ मारपीट की सूचना पर मायके के परिजनों को विवाहिता से ससुरालियों द्वारा नहीं मिलने देने की शिकायत पर जांच के लिए पहुंचे थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम पर दबंगों द्वारा लाठी डंडों से हमला कर दिया और जमकर पथराव किया गया। जिसमें थाना प्रभारी सहित एक महिला काँस्टेबल गंभीर घायल हो गई। पुलिस टीम ने किसी तरह वहां से निकल कर अपनी जान बचाई। घायल थाना प्रभारी और महिला काँस्टेबल का मेडिकल कराकर पुलिस के उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया है। पुलिस ने सात नामजद अन्य अज्ञात के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गोलो देवी पत्नी नारायण सिंह निवासी गांव नगला टांक थाना डौकी फतेहाबाद की पुत्री राधा की शादी कुछ वर्ष पूर्व विप्रावली गांव निवासी सोनू पुत्र पप्पू के साथ हुई थी। ससुरालीजन विवाहिता के साथ मारपीट कर उत्पीड़न कर रहे थे। मंगलवार को विवाहिता के साथ मारपीट को लेकर गोलो देवी अपनी पुत्री के ससुराल विप्रावली पहुंची थी। जिस पर ससुरालीजन ससुर पप्पू, पति सोनू, जेठ पवन, नंद शकुंतला एवं अंजलि, देवर विष्णु, जेठानी रूबी देवी ने विवाहिता राधा से मिलने नहीं दिया। गाली गलौज करते हुए मारपीट की थी, जिस पर गोलो देवी ने प्रार्थना पत्र देकर थाने में शिकायत की थी। शिकायत के मामले को लेकर थाना प्रभारी पिनाहट नीरज पंवार, अपनी पुलिस टीम के साथ विप्रावली गांव में जांच के लिए पहुंचे थे। जहां जांच के दौरान आरोप है कि दबंग आरोपी ससुरालीजनों ने एकत्रित होकर थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया मारपीट की और पथराव किया। जिसमें थाना प्रभारी नीरज पंवार सहित महिला कांस्टेबल पूनम घायल हो गए। पुलिस टीम ने किसी तरह अपनी जान बचाई। अन्य पुलिसकर्मियों के पहुंचने पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया। हमला करने वाले कुछ लोग भागने में सफल रहे। वहीं थाना प्रभारी द्वारा मामले को लेकर उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। साथ ही घायल थाना प्रभारी एवं महिला कांस्टेबल का सीएचसी केंद्र पिनाहट में मेडिकल इलाज किया गया। वहीं पुलिस ने सात नामजद अन्य अज्ञात के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यवाही की है।
इस मामले में एसीपी पिनाहट अमरदीप लाल ने बताया कि डौकी क्षेत्र की महिला की शिकायत पर जांच के लिए पुलिस विप्रावली गांव पहुंची थी। दबंग आरोपियों ने अभद्रता एवं मारपीट कर दी थी। वही तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। आधा दर्जन से अधिक लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने तीन आरोपी किए गिरफ्तार
घायल थाना प्रभारी और महिला काँस्टेबल के प्रार्थना पत्र के आधार पर सात नामजद नेपाल सिंह उर्फ पप्पू, राम मोहन, पवन/ अरुण, राजकुमारी, शकुंतला देवी, अंजलि, रवि सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट कर जानलेवा हमला करने सहित 7 सीएल एक्ट सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा लिख पुलिस ने तीन आरोपी अरुण, राम मोहन, नेपाल सिंह को गिरफ्तार कर कार्यवाही की गई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
: शराब व्यापारी के साथ हुई लूट में शामिल अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Tue, Sep 19, 2023
आगरा। पिछले दिनों थाना सदर क्षेत्र में शराब व्यापारी के साथ हुई लूटपाट व मारपीट की घटना में फरार चल रहे अभियुक्त को थाना सदर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के हत्थे चढ़ा अभियुक्त का नाम सौरभ है जो व्यापारी के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले गिरोह में शामिल था। थाना पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर उसे जेल भेज दिया है। बताते चलें कि इस पूरे मामले में पुलिस पहले ही 6 लोगों को जेल भेज चुकी है।
पूरा मामला सदर थाना क्षेत्र का है। 11 सितंबर को आरोपियों ने रेकी कर कंपनी गार्डन सदर बाजार पर शराब व्यापारी को रोक कर मारपीट की थी और उसके साथ लूट की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए थे। सूचना मिलते ही आनन - फानन में बदमाशों की धर पकड़ के लिए सदर पुलिस, सर्विलांस और SOG ने ताबड़तोड़ दबिश दी। इस कार्यवाही में पुलिस ने 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया लेकिन एक आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस ने 6 अभियुक्तों से दो मोटरसाईकिल, एक एक्टिवा, एक तमंचा, जिंदा कारतूस और 31,700 रूपये की नगदी बरामद किये थे।
मंगलवार को इस घटना में फरार चल रहे अभियुक्त सौरभ को भी थाना पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कानूनी कार्यवाही कर जेल भेज दिया है। पुलिस कोे अभियुक्त के कब्जे से लूट के ₹4000 व वादी का लूटा हुआ मोबाइल भी बरामद हुआ।