: “घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार”
Fri, Sep 26, 2025
आगरा। नेक्स्ट जेन जीएसटी बचत उत्सव के तहत शुक्रवार को आगरा के हॉस्पिटल रोड से फव्वारा चौराहा तक आयोजित कार्यक्रम में माननीय प्रदेश मंत्री, विधायक एवं विधान परिषद सदस्य श्री विजय शिवहरे जी ने व्यापारिक समाज से संवाद किया। व्यापारिक बंधुओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में जीएसटी दरों में की गई कमी का स्वागत करते हुए उत्साहपूर्वक कहा कि घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार।
विजय शिवहरे ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार सदैव “सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास” की नीति पर कार्य कर रही है। जीएसटी दरों में कटौती से छोटे-बड़े सभी व्यापारी लाभान्वित होंगे, उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम होगा और बाजार में नई ऊर्जा का संचार होगा।
सह संयोजक नीतेश अग्रवाल ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से व्यापार को नई दिशा और रफ्तार मिलेगी। रेडीमेड,जुते,दवाईयां, इलेक्ट्रॉनिक, ऑटोमोबाइल क्षेत्र में उपभोक्ता को विशेष लाभ होगा, जिससे ग्राहकों का विश्वास भी और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का यह निर्णय न केवल व्यापारियों के हित में है बल्कि उपभोक्ताओं की समृद्धि और खुशहाली का भी आधार बनेगा।
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि यह निर्णय भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा, व्यापारियों का विश्वास बढ़ाएगा और जनता की खुशहाली सुनिश्चित करेगा।
इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, भाजपा नेता नितेश शिवहरे, सीए दीपिका मित्तल आदि उपस्थित रहे।
: भारतीय पर्यटन विकास का सशक्त स्तंभ: वेडिंग इंडस्ट्री और पर्यटन का संगम
Thu, Sep 25, 2025
होटल होलीडे इन में यूपी वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन एवं पर्यटन संस्थाओं का वैवाहिक एवं पर्यटन के विकास पर हुआ मंथन
परस्पर सहयोग से वेडिंग एवं पर्यटन सेक्टर के देश के आर्थिक विकास में निभा सकते है बड़ी भूमिका
आगरा। उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन द्वारा “भारतीय पर्यटन विकास का सशक्त स्तंभ वेडिंग सेक्टर” और उसकी भूमिका, विषय पर होटल होलीडे इन में एक विशेष परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पर्यटन उद्यमी सुनील गुप्ता, प्रहलाद अग्रवाल, अमूल्य कक्कड़, रमेश वाधवा, अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी, महासचिव संदीप उपाध्याय, सौरभ सिंघल और सीपी चौधरी, सनी गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने विषय परिवर्तन करते हुए कहा कि वैवाहिक उद्योग और पर्यटन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। जब दोनों विचार एक होंगे तो उत्तर प्रदेश न केवल शादियों के लिए, बल्कि पर्यटन के लिए भी देश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन सकता है। इसी उद्देश को ध्यान में रखते हुए पर्यटन क्षेत्र के विभिन्न संगठन टूरिज्म गिल्ड ऑफ़ आगरा, इंडियन एसोसिएशन ऑफ़ टूर ऑपरेटर्स, आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैम्बर, होटल एंड रेस्टोरेंट ओनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारिओं के द्वारा पर्यटन के क्षेत्र में वेडिंग सेक्टर की भूमिका पर विशेष मंथन किया गया।
वरिष्ठ पर्यटन उद्यमी एवं इंडियन एसोसिएशन ऑफ़ टूर ऑपरेटर्स के नॉर्थेर्न रीजन चेयरमैन सुनील गुप्ता ने कहा कि भारत में वेडिंग इंडस्ट्री का कारोबार करोड़ में पहुंच चुका है। “हर साल 1 से 1.5 करोड़ शादियां होती हैं, जिनमें 10 से 12% की ग्रोथ देखने को मिल रही है। शादी के बाद हनीमून मार्केट का साइज भी बड़ा हो चूका है। यह स्पष्ट है कि जितना बड़ा वैवाहिक उद्योग है, उतना ही बड़ा पर्यटन उद्योग भी है। उन्होंने आगरा में विवाह स्थलों की कमी को बड़ी समस्या बताते हुए राजस्थान की तर्ज पर ऐतिहासिक धरोहरों के आसपास वेडिंग आयोजन की अनुमति देने की मांग रखी, जिसका समर्थन उपस्थित उद्यमियों ने एक स्वर में किया।
अमूल्य कक्कड़ अध्यक्ष टूरिज्म गिल्ड ऑफ़ आगरा ने कहा कि पहले शादियां परंपरा और रीति-रिवाज थीं, अब यह उत्सव और त्योहार बन चुकी हैं। वर-वधु अब खुद निर्णय लेते हैं और वेडिंग प्लानर्स उन्हें हर पल को अनूठा बनाने का विकल्प देते हैं। आगरा में फ्लाइट कनेक्टिविटी व रोड कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, जिससे यहां की वेडिंग इंडस्ट्री पर्यटन विकास का विशेष आधार बानी है, बशर्ते सामूहिक प्रयास किए जाएं तो इस सेक्टर में विस्तार की असीम संभावनाएं है ।
आगरा टूरिस्ट वेलफेयर चैम्बर के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ उद्यमी प्रहलाद अग्रवाल ने कहा कि आज हर कोई डेस्टिनेशन वेडिंग का अनुभव करना चाहता है, जिसके लिए शहर छोड़कर जाना आवश्यक नहीं है। यदि सरकार होटल्स के साथ-साथ ऐतिहासिक धरोहरों के आसपास भी कुछ वेडिंग रीति-रिवाज की अनुमति दे, तो न केवल वेडिंग इंडस्ट्री बल्कि पर्यटन उद्योग को भी अत्यधिक लाभ होगा।
पर्यटन उद्यमी रमेश वाधवा ने कहा की वेडिंग डेस्टिनेशन का क्रेज बढ़ा है। बजट होटल से लेकर फाइव स्टार होटल तक सहलक के सीज़न में अच्छा बिज़नेस करते है कोविड के बाद से डेस्टिनेशन वेडिंग एवं होटलों में शादी का क्रेज बढ़ा है ऐसी स्थति में वेडिंग सेक्टर भारतीय पर्यटन उद्योग के विशेष स्तम्भ होटलों सेक्टर के लिए संजीविनी बनकर उभरा है।
परिचर्चा का संचालन वेडिंग एसोसिएशन के महासचिव संदीप उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर स्वप्निल कुलश्रेष्ठ, सनी गुप्ता, हर्ष सिसोदिया, रिचा भदौरिया, कमलप्रीत सिंह, संदीप सिकरवार, पंकज गोयल, शिखा जैन, विनोद चौधरी, मनदीप, अमन कपूर, प्रेम सिंह, राहुल गौड़, अवि कुलश्रेष्ठ आदि उपस्थित रहे। एसोसिएशन एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता, दिलीप कुमार, सागर तोमर, अपरार्क शर्मा, अमित यादव आदि द्वारा व्यवस्था संभाली गईं।
: व्यापारी करेंगे सहयोग, जीएसटी की नई दरों पर ही बेचेंगे सामान
Thu, Sep 25, 2025
• आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित "नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफार्म जागरूकता गोष्ठी" में अधिकारियों और व्यापारियों ने लिया साझा संकल्प
आगरा। जीएसटी के नए प्रावधान अब व्यापार जगत के लिए केवल नियम नहीं, बल्कि अवसर बनकर सामने आ रहे हैं। कर सुधारों की यह नई दिशा कारोबार को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाएगी। आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित "नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफार्म जागरूकता गोष्ठी" में अधिकारियों और व्यापारियों ने साझा संकल्प लिया कि व्यापार अब नई दरों और नई व्यवस्था के अनुरूप होगा, जिससे न केवल सरकार को मजबूती मिलेगी बल्कि कारोबार भी नए आयाम प्राप्त करेगा।
कमला नगर स्थित दाऊजी रेस्टोरेंट में आयोजित इस गोष्ठी का शुभारंभ दिव्य प्रेम सेवा मिशन के डॉ आशीष गौतम भैया जी ने किया। उन्होंने 4 अक्टूबर से 9 अक्टूबर तक होने जा रहे महा नाट्य जाड़ता राजा की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता जीएसटी के अपर आयुक्त ग्रेड-वन पंकज गांधी ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नई दरों का अनुपालन अनिवार्य है और यह सभी के हित में है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि व्यापारी नई दरों पर ही सामान बेचकर कर व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग करेंगे। इस अवसर पर अपर आयुक्त ग्रेड-टू अंजनी अग्रवाल और संयुक्त आयुक्त प्रमोद कुमार दुबे ने भी व्यापारियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कर विशेषज्ञ संजीव महेश्वरी एवं सतीश बंसल ने कहा कि नए प्रावधान व्यापारिक जगत को सुविधा देंगे तथा अनुपालन प्रक्रिया और अधिक आसान होगी।
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि व्यापारी समाज को समय-समय पर कर सुधारों की सटीक जानकारी मिलनी आवश्यक है। आगरा व्यापारी सदैव सरकार और विभाग के साथ सहयोग की भावना रखते हैं और आगे भी नई दरों के अनुसार ही सामान का व्यापार करेंगे। गोष्ठी के उपरांत जीएसटी अधिकारियों एवं आगरा व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कमला नगर बाजार का भ्रमण किया और दुकानदारों को नई दरों एवं प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन जय पुरुषननी और राजीव गुप्ता ने किया।
कमला नगर व्यापार संगठन समिति के अध्यक्ष अमित अग्रवाल पारुल, महासचिव पुनीत मदान, उपाध्यक्ष संतोष मित्तल, कोषाध्यक्ष उमेश अरोड़ा, सहसचिव आनंद अग्रवाल एवं अनीश कालरा द्वारा जीएसटी के नए प्रावधान के पेम्प्लेट्स बांटे गए।
गोष्ठी में महामंत्री अशोक मंगवानी, संगठन महामंत्री राकेश बंसल, कोषाध्यक्ष नीतेश अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कन्हैया लाल राठौर, भगवानदास बंसल, बृज मोहन रैपुरिया, उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता, अशोक लालवानी, साहूकार सिंह चाहर, राजेंद्र गुप्ता, योगेश रखवानी, नंदकिशोर गोयल, मनीष बंसल, साथ ही ताजगंज व्यापार समिति, आगरा सर्राफा एसोसिएशन, आगरा फार्मा संगठन, सीताराम मशीनरी मार्केट, लोहा व्यापार संगठन, महानगर केमिस्ट एसोसिएशन सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग किया।