: वहीदा रहमान को मिलेगा भारत का सर्वाेच्च फिल्म सम्मान दादा साहब फाल्के अवॉर्ड
Tue, Sep 26, 2023
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने लेजेंडरी एक्ट्रेस वहीदा रहमान को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड दिए जाने का ऐलान किया है। वहीदा ने फिल्म प्यासा, कागज के फूल, चौदहवीं का चांद, गाइड जैसी फिल्मों में दमदार काम किया। फैंस और सेलेब्स एक्ट्रेस को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड मिलने पर बधाई दे रहे हैं।
लेजेंडरी एक्ट्रेस वहीदा रहमान को सिनेमा जगत के सबसे बड़े सम्मान से नवाजा जाएगा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक्ट्रेस को दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड दिए जाने का ऐलान किया है। वहीदा अपने दौर की लीडिंग एक्ट्रेस रही हैं। फिल्म प्यासा, कागज के फूल, चौदहवीं का चांद, गाइड जैसी फिल्मों में उन्होंनें काम किया है।
वहीदा रहमान को बड़ा सम्मान
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने वहीदा रहमान को अवॉर्ड दिए जाने पर अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने लेजेंडरी एक्ट्रेस के काम की तारीफों के पुल बांधे। अनुराग ठाकुर लिखते हैं- इस साल का दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवेमेंट अवॉर्ड वहीदा रहमान जी को सिनेमा जगत में उनके शानदार योगदान के लिए दिया जाएगा। उन्हें ये अवॉर्ड देने का ऐलान करते हुए मुझे बहुत खुशी और सम्मान का एहसास हो रहा है। वहीदा जी ने हिंदी फिल्मों में अपने दमदार अभिनय की छाप छोड़ी। इनमें प्यासा, कागज के फूल, चौदहवीं का चांद, साहेब बीवी और गुलाम, खामोशी जैसी फिल्में शामिल हैं।
‘‘ऐसे दौर में जब ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पारित हुआ है। वहीदा जी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाना भारतीय सिनेमा की उन लीडिंग लेडीज को सच्ची श्रद्धांजलि है और उनको भी जिन्होंने फिल्मों के बाद अपनी लाइफ को जरूरतमंदों की भलाई के लिए समर्पित किया और समाज के भले के लिए काम किया.’’
उम्दा रहा वहीदा रहमान का करियर
वहीदा रहमान एक्ट्रेस होने के साथ शानदार डांसर भी हैं। उन्होंने 5 दशक के करियर में 90 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है तमिल फिल्म Alibabavum 40 Thirudargalum से एक्ट्रेस ने बतौर डांसर अपना फिल्मी करियर शुरू किया था। लेकिन उनकी तेलुगू मूवी Rojulu Marayi पहले रिलीज हुई। फिल्ममेकर गुरु दत्त संग वहीदा की जोड़ी सुपरहिट रही। दोनों ने रोमांटिक ड्रामा प्यासा, कागज के फूल, चौदहवीं का चांद, साहेब बीवी और गुलाम में स्क्रीन शेयर किया था। पर्दे पर रोमांस करना हो या कॉमेडी, हर रोल को वहीदा ने इतनी शिद्दत से निभाया कि फैंस आज भी उनके आइकॉनिक रोल्स की मिसाल देते हैं।
पर्सनल लाइफ पर बात करना नहीं पसंद
वहीदा रहमान अपनी पर्सनल लाइफ पर बात करना पसंद नहीं करतीं। 1974 में शशि रेखी (कमलजीत) से उनकी शादी हुई थी। दोनों ने फिल्म शगुन में साथ काम किया था। इस शादी से उनके दो बच्चे हुए। दोनों ही बच्चे राइटर हैं। 21 नवंबर 2000 को वहीदा के पति का निधन हुआ था।
स्त्रोत - आज तक.इन
: सब सुख लहै तुम्हारी शरणा, तुम रक्षक काहू को डर ना…
Tue, Sep 26, 2023
आगरा। श्रीराम के उद्घोष और वीर हनुमान के जयकारों के साथ आज श्रीराम कथा में सुन्दर काण्ड का पाठ हुआ। अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक अजय याग्निक ने भजनों के साथ सुन्दरकाण्ड की चौपाईयों को ऐसे पिरोया कि हर भक्त भक्ति में झूमने लगा। कुछ भक्त सुन्दरकाण्ड अपने साथ लेकर कथा स्थल पहुंचे, जहां अजय याग्निक से साथ सुन्दरकाण्ड में स्वर से स्वर मिलाया। भक्ति का ऐसा माहौल जहां जहां श्रीराम नाम के तरन खूब लूटे श्रद्धालुओं ने।
तू एक बार आजा हनुमान जी की शरण में…, हनुमान डटे रहो आसन पर, जब तक कथा राम की होवे… और केसर तिलक लगाएं मेरे राम जी… जैसे भजनों की भक्ति और सुन्दरकाण्ड के साथ श्रीराम और बजरंग बली की शक्ति मानों पंडाल में भक्तों को आर्शीवाद प्रदान कर रही थी। सुन्दरकाण्ड का आयोजन का संयोजन रविन्द्र सिंह पप्पू व स्वागत विमल सोलंकी ने किया।
श्री राम कथा कोठी मीना बाजार में संस्कार पाठशाला भोगीपुरा शाहगंज आगरा के बच्चों द्वारा श्री गणेश पंचरत्न श्री गणेश संकटनाशन स्तोत्र एवं शिव पंचाक्षर स्तोत्र द्वारा पादुका पूजन पोथी पूजन संपन्न हुआ। पीठाधीश्वर श्री महाराज ने बच्चों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
: माथुर वैश्य केंद्रीय महिला मंडल ने किया आगरा महिला मंडल का सम्मान
Tue, Sep 26, 2023
आगरा। हर अनुभव कुछ न कुछ सिखाता है। विगत दिनों 7 से 14 अगस्त तक आगरा में पहली बार माथुर वैश्य केंद्रीय महिला मंडल द्वारा आयोजित किए गए शिव महा पुराण कथा के सफल आयोजन का आधार सभी का सहयोग था। इसी सहयोग का सम्मान करते हुए सभी का आभार किया केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष दीपिका डॉ प्रवीण गुप्ता ने।
सोमवार को पचकुइयाँ स्थित माथुर वैश्य सभागार में आभार गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में माथुर वैश्य आगरा महिला मंडल की सदस्याओं का केंद्रीय महिला मंडल द्वारा आभार प्रकट किया गया। समारोह का आरंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। नीतू मनोज ने गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। पर्यावरण आधारित नामों पर महिलाओं के ग्रुप बनाए गए जिन्होंने भक्तिमय भजन और ज्ञान वर्धक खेलों के साथ समारोह आगे बढ़ाया।
लोक सभा और राज्य सभा में पारित हुए महिला आरक्षण बिल पर केंद्रीय महिला मंडल अध्यक्ष दीपिका गुप्ता ने कहा कि देश की सबसे बड़ी संस्था में जिस तरह नारी शक्ति को सम्मान मिला है उसी तरह माथुर वैश्य महासभा की कार्यसमिति में भी महिलाओं का योगदान बढ़े। समारोह में आगरा महिला मंडल के नए सत्र 2023- 24 का आरंभ नए सदस्यों के स्वागत के साथ हुआ। आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले 136 वीं माथुर वैश्य महासभा जयंती समारोह पर चर्चा की गई।
शिव महापुराण कथा आयोजन में आगरा महिला मंडल मंत्राणी ममता राजेश के नेतृत्व में पूरे मनोयोग से सहयोग करने वालीं भारती संजय, नीलम राकेश, नीलम, पारुल राजेश, प्रीति मुकेश, चंचल नीरव, उर्मी अमित, कल्पना, संगीता, अनीता अनूप, रजनी, उर्मिला, रंजना को रुद्राक्ष की माला और मुकुट पहना कर एवं तुलसी का पौधा प्रदान कर सम्मानित किया गया। संचालन केंद्रीय सांस्कृतिक मंत्राणी रूपम विशाल ने किया। केंद्रीय कोष निरीक्षक गीता आजाद, समाजिक इतिहास मंत्राणी अनीता कोठिया, आगरा महिला मंडल मंत्राणी नविता राजेश, केंद्रीय संयोजिका प्रीति मुकेश आदि उपस्थित रहीं।