: एस०एन० मेडिकल कालेज, आगरा में की गयी टूटी पसलियों की जटिल सर्जरी
Wed, Nov 29, 2023
आगरा। 25 वर्षीय मरीज की सड़क दुर्घटना में पसलियाँ टूटकर फेफडें में जा धंसी। मरीज असहनीय दर्द व साँस लेने में अत्यंत परेशानी के साथ इमरजेंसी में भर्ती हुआ। मरीज की करीब 9 पसलियाँ दांयें फेफड़े में टूट कर धंस गयी थी।
मरीज की जाँचों के उपरान्त उसे सुपर स्पेशलिस्ट, डॉ. सुशील सिंघल (सी०टी०वी०एस०) द्वारा सर्जरी कर कृत्रिम पसली लगायी गयी और प्लेटिंग कर रिबफिक्सेशन किया गया। ऑपरेशन के उपरान्त मरीज को कोई दर्द नहीं है एवं फेफड़े में कोई संक्रमण नहीं है। वर्तमान में मरीज स्वस्थ है।
डॉ. सुशील ने बताया कि इस प्रकार का ऑपरेशन जिसमें मरीज का रिबफिक्सेशन एवं स्टेबलाइजेशन किया गया है, आगरा एवं आस-पास के क्षेत्रों में पहली बार हुआ है। इस ऑपरेशन में डॉ. श्रिया श्रीवास्तव एवं डॉ. यशवर्धन का सहयोग रहा।
प्रधानाचार्य डॉ. प्रशान्त गुप्ता द्वारा बताया गया कि वर्तमान में एस०एन० मेडिकल कॉलेज, आगरा के सुपर स्पेशलिस्ट सर्जन द्वारा मरीजों की जटिलतम सर्जरी की जा रहीं हैं, जिससे आगरा एवं आस-पास के मरीज लाभांवित हो रहे हैं।
यह भी हुए कार्यक्रम
एस०एन० मेडिकल कालेज, आगरा में यू०जी०सी० एवं महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा के दिशा निर्देशानुसार ‘‘फिट इण्डिया सप्ताह’’ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। 28 नवम्बर को इन्डोर गेम्स जैसे- टेबिल टैनिस, कैरम, चैस आदि का आयोजन किया गया एवं एवं 30 नवम्बर को कबड्डी मैच का आयोजन किया जायेगा। इन खेलों में एम०बी०बी०एस० बैच 2023 के छात्र-छात्रओं द्वारा भाग लिया गया। 19 नवम्बर को प्रातः 06.30 बजे मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें एम०बी०बी०एस० 2023 बैच के छात्र-छात्राओं द्वारा भाग लिया गया।
डा० प्रशान्त गुप्ता, प्रधानाचार्य, एस. एन. मेडिकल कॉलेज आगरा द्वारा छात्र-छात्राओं को फिटनेस की शपथ दिलाई गयी। कार्यक्रम का संचालन डॉ.दिव्या श्रीवास्तव एवं डॉ. हरेन्द्र शर्मा द्वारा किया गया।
: कीर्ति सेवा समिति ने किया गरीब कन्या का विवाह
Wed, Nov 29, 2023
आगरा। कीर्ति सेवा समिति द्वारा एक गरीब कन्या का विवाह किशन लाल की बगीची, सिर की मंडी में बड़े हर्षाेल्लास एवं बैंड बाजे के साथ संपन्न कराया गया। विवाह का आरम्भ मुख्य अतिथि जयपुर हाउस पार्षद रेनू गुप्ताजी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित के साथ राधा कृष्ण की प्रतिमा को माला पहना कर किया गया।
विशिष्ट अतिथियों में निधि बेदी, डॉ. रचना अग्रवाल, डॉ. भूपेंद्र गरिमा गुप्ता, बबीता पाठक, प्रिया श्रीवास्तव, अनु अरोड़ा, पूजा तुलसानी, सुभाष मानवानी, एवं संस्था के संस्थापक पवन श्रीवास्तव जी द्वारा वर वधु की जयमाला कराई गई। सभी अतिथियों के द्वारा वर वधु को ढेरो आशीर्वाद दिए व उनके वैवाहिक जीवन के सुखमय होने की मंगल कामना की वर वधू को गृहस्थी का सारा सामान उपहार स्वरूप भेट दिया गया। संस्थापक पवन श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का बहुत-बहुत आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में तुषार वर्मा, सुभाष राजोरिया, पंडित संतोष सारस्वत, कीर्ति भावना वर्मा हर्षित आदि उपस्थित रहे।
: जमीन बैनामे के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों के ख़िलाफ़ एत्मादपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाही
Wed, Nov 29, 2023
आगरा। जमीन बैनामे के नाम पर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने और आत्महत्या तक के लिए मजबूर कर देने के प्रकरण में एत्मादपुर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। बताते चलें कि आगरा जनपद में कई लोग ऐसे हैं जो फर्जी बैनामे कर अपनी अपनी रकम खड़ी कर लेते हैं। मगर जमीन खरीदने वाले व्यक्ति को कुछ भी प्राप्त नहीं होतो है। 28 नवंबर को कमिश्नरेटआगरा की एत्मादपुर पुलिस ने 10 सदस्यों के गैंग को रजिस्टर्ड किया है। ताज्जुब की बात यह है कि इस गैंग में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इस गैंग का लीडर एत्मादपुर थाना क्षेत्र के धरेरा गांव का रहने वाला प्रवेंद्र तोमर है।
एत्मादपुर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक जयप्रकाश तिवारी ने गैंग रजिस्टर्ड के मुकदमे में लिखा है कि गैंग का सरगना प्रवेंद्र तोमर के साथ गैंग के दस सदस्य कमिश्नरेट आगरा में जमीनों के नाम पर धोखाधड़ी करके अनुचित लाभ उठाते हैं। जिसके कारण क्षेत्र में अपराध बढ़ रहा है। ऐसे गैंग के सरगना और दस सदस्यों के गैंग को रजिस्टर्ड करना अति आवश्यक है। इस गैंग का सरगना प्रवेंद्र तोमर है तो वहीँ गैंग में दो महिलाएं नीलम और पूनम रानी पाठक भी शामिल की गई है। कमिश्नरेट आगरा में गैंग रजिस्टर्ड होने के बाद अन्य लोगों में भी खलबली मची है। जो लोग जमीन से संबंधित अनुचित कार्य करते हैं। एत्मादपुर पुलिस की गैंग रजिस्टर्ड की यह कार्यवाही कमिश्नरेट आगरा में वास्तव में काबिले तारीफ है
किस किस पर कितने मुकदमे
जमीन के फर्जी बनाने के मामले में गैंग के सदस्य प्रवेंद्र तोमर पर थाना कमला नगर में दो मुकदमे दर्ज हैं।पहला मुकदमा धारा 420, 467, 468, 471 के तहत दर्ज हुआ है जबकि दूसरा मुकदमा धारा 306 यानी मौत के लिए दुष्प्रेरित करने के तहत दर्ज किया गया है। वहीं गैंग के दस सदस्यों पर थाना कमला नगर में दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।
गैंग रजिस्टर्ड होने के बाद इस तरीके के अपराध करने वाले अन्य अपराधियों में भी खलबली मची हुई है तो वहीं पुलिस कमिश्नर आगरा डॉ प्रीतिंदर सिंह के आदेश पर लगातार अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।