: प्रियंका गाँधी के रोड़ शो में उमड़ी भीड़, कहा - सत्ता में आते ही रद्द करेंगे 'अग्निवीर योजना'
Fri, May 3, 2024
आगरा। फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट से गठबंधन प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के समर्थन में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आगरा पहुंची। अपने सुनियोजित कार्यक्रम की श्रंखला में प्रियंका गांधी का हेलीकॉप्टर जैसे ही आगरा पहुंचा वैसे ही उनके समर्थकों ने जमकर जन समर्थन में 'कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद, प्रियंका गांधी जिंदाबाद' के साथ साथ अपने चहेते पार्टी प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार जिंदाबाद के नारे लगाते हुए उनका स्वागत गर्मजोशी के साथ किया।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रियंका गांधी अपने समर्थकों के बीच पहुंची। रोड शो के दौरान कांग्रेसियों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। जिसके बाद प्रियंका गांधी का रोड शो बाह तिराहे से शुरू हुआ। अपार जन समूह के बीच प्रियंका गांधी जैसे ही पहुंची तभी उनकी एक झलक भर देखने के लिए समर्थक आतुर नजर आए। इस रोड शो की शुरुआत से ही मार्ग पर समर्थक ही समर्थक नजर आ रहे थे। इस बीच गठबंधन प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के साथ प्रियंका गांधी गाड़ी की छत पर बैठ कर रोड शो करती हुई जनता से समर्थन मांगती हुईं नजर आईं। रोड शो के दौरान वह डिफेंडर कार पर बैठकर शहर में लोगों से मिलने पहुंची।
उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। लोगों ने उनके काफिले पर फूल बरसाए। जगह-जगह माला पहनाकर उनका स्वागत भी किया। उनके समर्थन में नारे भी लगाए। प्रियंका ने फतेहपुर सीकरी लोकसभा सीट पर गठबंधन के प्रत्याशी रामनाथ सिकरवार के लिए लोगों से वोट मांगे। प्रियंका गांधी ने इस दौरान करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी इस रोड शो के दौरान तय की। प्रियंका गांधी का रोड शो करीब 6 बजे बाह तिराहा से शुरू हुआ। जो गांधी चौराहा, अंबेडकर चौक तक पहुंचा। वही आगरा में रोड शो के दौरान जनता के बीच पहुंची प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि दस सालों में सत्ता में भाजपा को सिवाए घमंड के कुछ और नहीं आया है।
प्रधानमंत्री मोदी सरकार में भाजपा ने जनता के लिए कुछ नहीं किया है। इस लिए इस बार अपने मत का अधिकार कर कांग्रेस को मजबूत करने का काम करें। कांग्रेस की सरकार ने जो गारंटी दी है वो पूरा हो रहा है और आगे भी पूरा किया जायेगा। वहीं युवाओं को रोजगार देने के नाम पर शुरू किए गए अग्नि वीर योजना पर जमकर मोदी सरकार को घेरने के काम किया। प्रियंका ने साफ कहा कि अगर आप कांग्रेस को सत्ता में लाते हैं तो अग्निवीर योजना को सरकार बनते ही रद्द किया जाएगा। क्योंकि भाजपा युवाओं को बेरोजगार बनाने का काम कर रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कई टिप्पणी करते हुए जनता से प्रियंका गांधी ने कांग्रेस के हाथ मजबूर करने की अपील की। उनका रोड शो बस स्टैंड पर जाकर खत्म हुआ।
: हीटवेव अलर्ट : आगरा जिला अस्पताल में बनाया गया 'कोल्ड वार्ड'
Thu, May 2, 2024
Agra. भीषण गर्मी अपना कहर बरपा रही है। भीषण गर्मी के चलते उलटी, दस्त, पेट में दर्द के मरीजों की संख्या जिला अस्पताल में बढ़ गई है तो वहीं हीटवेव को लेकर भी जिला प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। शासन के आदेश का अनुपालन करते हुए आगरा के जिला अस्पताल में हीट वेव को लेकर अलग से वार्ड तैयार किया गया है जिसे कोल्ड वार्ड नाम दिया गया है।
पिछले कुछ दिनों से आगरा का तापमान लागतार 40 डिग्री के आसपास पहुंच रहा था और उसके चलते शासन ने स्वास्थ्य विभाग को हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी कर दिया था। इस अलर्ट के बाद जिला अस्पताल में हीटवेव को लेकर कोल्ड वार्ड तैयार किया गया है। यह कोल्ड वार्ड 5 वार्ड का है। इस वार्ड में एसी लगाया गया है तो वहीं अन्य चिकित्सीय सुविधाओ से लैस किया गया है जिससे हीट वेव के मरीज आने पर उन्हे तुरंत इलाज मिल सके।
अभी तक नहीं आया हीटवेव का कोई मरीज
सीएमएस राजेंद्र अरोड़ा ने बताया कि शासन के निर्देश पर हीट वेव के मरीजों के लिए कोल्ड वार्ड तैयार कर दिया गया है लेकिन इस वार्ड को अभी भी हीट वेव के मरीजों का इंतजार है। अभी तक कोई भी हीट वेव का मरीज इस वार्ड में नहीं आया है। यह वार्ड सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाओं से लैस है।
: डिप्रेशन का अचूक इलाज, मित्रों से जमकर करो गपशप
Thu, May 2, 2024
आगरा. 2 मई 2024. हमारे पूज्य पिताजी स्व.रोशनलाल गुप्त करुणेश जी के परम हितैषी, मित्र श्री शिव कुमार भार्गव सुमन जी से हमारा आज भी पारिवारिक रिश्ता है। वे अपने जमाने के फिल्म पत्रकार हैं और फिल्मों और पुस्तकों की समीक्षा में उन्हें महारत हासिल है। वे अक्सर हमारे घर अभी चले आते हैं। पिछले दिनों भी वे हमारे सीताराम कालोनी, बल्केश्वर स्थित आवास पर आए। उन्होंने एक बड़ी रहस्यमयी बात बताई। बोले पिछले वर्षों में मुझे डिप्रेशन हो गया। मैं बात-बात पर रोने लगता। घर पर बैचेनी होती। न्यूरो फिजिशयन के पास जाता तो उनके पास रोने लगता। वे दवा पर दवा दिए जा रहे थे, लेकिन कोई लाभ नहीं होता, बल्कि उससे नींद ही नींद आती थी।
पूरा परिवार परेशान। ये डिप्रेशन कैसे दूर हो। कई महीने बीत गए। अन्य की डाक्टरों से सलाह ली, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। एक दिन उनका बेटा बोला, पापा, अब अपना सब इलाज बंद करो। आप हमारी कार लो, ड्राइवर है ही। जितने भी आपके दोस्त हैं, उनके पास जाओ। गपशप मारो। उनके साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताओ। भार्गव साहब ने एसा ही किया। वे कार से अपने दोस्तों के यहां जाने लगे और बातचीत, गपशप का सिलसिला देर तक चलता। कार्यक्रमों में भी शरीक होते। कुछ दिन बाद ही उनका वह मानसिक रोग खत्म हो गया। अब कई साल से उन्होंने इस प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है।
मित्रो, मित्रता एक बहुत बड़ा उपहार है। उन्हें मत छोड़ो। मित्र औषधि भी है और रोग भी, अमृत भी हैं और विष भी, इसलिए अच्छे सुविचार वाले दोस्तों को साथ रखो। जो नाकारात्मक विचारधारा वाले हों, हर समय झींकते रहते हैं, एक दूसरे की आलोचना करते रहते हैं, उनसे दूरी बना लो। अच्छे मित्रों की संगत करो। अच्छे मित्र औषधि का काम करते हैं।
बुजुर्गों का मित्र क्लब
एक पुस्तक लिखने के सिलसिले में एक बुजुर्ग व्यवसायी से मिलने गया। उनकी आयु भी 80 वर्ष से अधिक है। उन्होंने बताया कि 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग मित्रों का एक क्लब बना रखा है। जिसका वो कोई प्रचार नहीं करते। उसके नियमित एक बैठक होती है, जिसमें गपशप होती है। अपने अनुभव साझा करते हैं। मौज मस्ती होती है। उनका कहना था कि बहुत सी बातें वे अपने परिजनों से शेयर नहीं कर सकते। एट्टी प्लस के साथियों से कह कर मन हल्का कर लेते हैं। मन हल्का होगा तो मानसिक शांति रहेगी। मानसिक शांति रहेगी तो बहुते से रोगों से बचा जा सकेगा
बुरे मित्रों की वंदना
जीवन में अच्छे मित्रों की जरूरत भी बहुत है, लेकिन वे वास्तव में अच्छे होने चाहिए। लेकिन बुरे दोस्तों से बिगाड़नी भी नहीं चाहिए। क्योंकि गोस्वामी तुलसीदास जी ने भी श्रीराम चरित मानस में खल वंदना की है। क्योंकि वे भी जानते थे कि बुरे लोग हमारे काम में बाधक हो सकते हैं। इसलिए उन्हें मना लो।
मित्रों की संख्या बढ़ाओ
अच्छे मित्रों की संख्या भी आपको बढानी चाहिए। एक विचारक का कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन अपने एक पुराने मित्र से जरूर बात करनी चाहिए। इसके साथ प्रति सप्ताह एक मित्र नया बनाना चाहिए, ताकि आपके मित्रों की संख्या बढ़ सके।
बेटे बेटी मित्र
जमाना भी बदल रहा है। अब तो बच्चे भी अपने मम्मी-पापा से मित्रवत व्यवहार करते हैं। करना भी चाहिए, क्योंकि आजकल का जो माहौल चल रहा है, उसमें वे अपनी सभी बातें बेहिचक हो कर बता देते हैं, जिससे बहुत से संकटों से बच जाते हैं।
लेखक - आदर्श नंदन गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार