: स्वयं के भीतर के दर्शन का माध्यम है सुदर्शन क्रिया
Sun, Jun 2, 2024
आर्ट आफ लिविंग की हैप्पीनेस कार्यशाला में लोगों ने सीखा तनावमुक्त जीने का तरीका
आगरा। मुस्कान की कुंजी लेकर श्वास के रास्ते पर चलकर स्वयं से स्वयं का मिलन ही है सुदर्शन क्रिया। जीवन को यदि तनाव से मुक्त रखना चाहते हैं तो सांसों की गति पर ध्यान एकत्रित करते हुए कुछ समय स्वयं को दीजिए। जीने की कला का ये सूत्र सिखाया आर्ट आफ लिविंग की जोनल कार्डिनेटर डॉ रश्मि मिश्रा ने।
8, भरतपुर हाउस में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर जी की संस्था आर्ट आफ लिविंग के तत्वावधान में तीन दिवसीय हैप्पनेस कार्यशाला का आयोजन किया गया। जोनल कार्डिनेटर डॉ रश्मि मिश्रा और अन्तर्राष्ट्रीय योगा ट्रेनर रुचिरा ढल ने करीब दो दर्जन लोगों को सुदर्शन क्रिया का प्रशिक्षण दिया। साथ ही जीवन जीने के लिए पांच प्रमुख सूत्र भी साझा किये। कार्यशाला के दौरान योगा, सुदर्शन क्रिया द्वारा ध्यान की विधि एवं तनाव मुक्त रहने के मुख्य मंत्र बताए गए। रुचिरा ढल ने बताया कि आगामी 11 जून से पुनः तीन दिवसीय हैप्पीनेस कार्यशाला 8, भरतपुर हाउस में प्रातः 6ः30 बजे से 8ः30 बजे तक आयोजित होगी।
इस अवसर पर प्रिल्युड पब्लिक स्कूल की डारेक्टर सुनीता गुप्ता, डॉ. रुचिका, डॉ. राजीव बंसल, डॉ. नेहा अग्रवाल, डॉ. आयुषी, तरुण पाठक, आयुषी जैन, सुहानी रस्तोगी, मयंक गुप्ता, मनोज वर्मा, रामबाबू गुप्ता, तनु गुप्ता आदि शामिल रहे।
: अग्रवाल संगठन कराएगा निःशुल्क मोतियाबिन्द ऑपरेशन
Sun, Jun 2, 2024
6 जून को अग्रवाल संगठन कमला नगर द्वारा संचालित सत्य प्रकाश विकल चेरिटेबिल नेत्रालय में नेत्र परीक्षण व ऑपरेशन पंजीकरण शिविर का होगा आयोजन
आगरा। अग्रवाल संगठन कमला नगर द्वारा 6 जून को सुबह 9 बजे से दोपहर 01 बजे तक 11वां निःशुल्क नेत्र परीक्षण व ऑपरेशन पंजीकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। अग्रवाल संगठन कमला नगर द्वारा संचालित सत्य प्रकाश विकल चेरिटेबिल नेत्रालय, चांदनी चैक कमला नगर में आयोजित शिविर में ऑंखों से सम्बंधित सभी समस्याओं का वरिष्ठ डॉक्टरों द्वारा परीक्षण किया जाएगा। साथ ही सर्वसमाज के असहाय मोतियाबिन्द के मरीजों का पंजीकरण किया जाएगा, जिनका ऑपरेशन संस्था द्वारा उच्च स्तरीय फेको तकनीक से निःशुल्क किया जाएगा।
यह जानकारी संगठन के पदाधिकारियों ने कमला नगर स्थित महाराजा अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में दी। सुनील विकल, अध्यक्ष रविन्द्र अग्रवाल व संयोजक मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि असहाय व जरूरतमंद मरीजों का परीक्षण, दवाएं व ऑपरेशन सभी निशुल्क होंगे। अभी तक पिछले पांच वर्षों में संगठन द्वारा लगभग 10 हजार ऑपरेशन व दो लाख मरीजों का परीक्षण निःशुल्क कराए जा चुके हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि अधिक से अधिक मरीज इसका लाभ उठाएं। मरीज अधिक होने पर शिविर का समय भी बढ़ाया जाएगा। समय और सीमा का कोई बंधन नहीं है।
इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रदीप अग्रवाल, सीताराम अग्रवाल, एसएस अग्रवाल, सुनील विकल, संयोजक मुरारीप्रसाद अग्रवाल, अध्यक्ष रविन्द्र अग्रवाल, राकेश मंगल, श्रीराम अग्रवाल, कौशल किशोर सिंघल, महामंत्री रामकुमार जिंदल, पियूष अग्रवाल, अतुल गर्ग, प्रवीन मित्तल, मीडिया प्रभारी रैलेश अग्रवाल, जीवन लाल मित्तल, दिलीप गोयल आदि उपस्थित थे।
: रिचार्ज न कराने पर नाराज होकर मायके चली गयी पत्नी, काउसलिंग में भी नहीं बनी बात
Sun, Jun 2, 2024
Agra. छोटी-छोटी बात पर दंपती के बीच विवाद हो रहा है और इन बातों पर रिश्ते टूटने की कगार तक पहुंच रहे है। पुलिस परामर्श केंद्र में थाना ताजगंज से एक ऐसा मामला सामने आया जिसे जानकर हर कोई हैरान था। मोबाइल रिचार्ज न कराने पर पत्नी ने घर छोड़ दिया। काउंसलर ने दोनों पक्षों की बात सुनी और फिर दोनों को समझाया। बात नहीं बनी तो अगली तारीख दे दी गई लेकिन अगली तारीख देने पर विवाहिता की माँ ने हंगामा काट दिया।
रिचार्ज न कराने का आरोप
काउंसलर डॉ. सतीश खिरवार ने बताया कि पत्नी ने पति पर मारपीट का आरोप लगाया था। जब काउंसिलिंग की गई तो बताया कि पति ने मोबाइल का रिचार्ज कराने से मना कर दिया था। इसलिए मायके चली आई। काउंसलर ने पति को समझाया। आगे से समझदारी के साथ काम करने की सलाह देकर अगली काउंसिलिंग पर आने के लिए कहा।
पुलिस लाइन के परिवार परामर्श केंद्र में दंपति को जब अगली तारीख दी गई तो महिला ने हंगामा काट दिया। वह बेटी को ससुराल भेजना नहीं चाह रही थी। इस पर महिला पुलिसकर्मी ने हंगामा कर रही महिला को शांति भंग में बंद कराने की धमकी दी तो उससे भिड़ गई। करीब आधे घंटे तक ऐसे हालात रहे। बाद में किसी तरह महिला को शांत कराया गया।
महिला ने लगाया ये आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि सुनवाई के नाम पर परिवार परामर्श केंद्र तारीखों में तीन बार बुला चुके हैं। हम लोग बेटी को ससुराल भेजना नहीं चाहते। सिर्फ कार्रवाई चाहते हैं। यहां काउंसिलिंग कर अगली तारीख दे दी जाती है। ससुराल में बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया था। कोई कार्रवाई नहीं हुई सिर्फ आश्वासन मिलता रहा है। इस बार भी काउंसिलिंग कर 15 जून की तारीख देकर हमें फिर से आने के लिए कहा है।