: ग्रामीण क्षेत्र की संस्कृति की झलक दिखेगी श्रीमनः कामेश्वर रामलीला में, 3 से 13 तक चलेगा मंचन
Tue, Oct 1, 2024
3 अक्टूबर नवरात्र की प्रतिपदा को श्रीदुर्गा सप्तशति पाठ और यज्ञ से होगा शुभारंभ
प्रतिदिन होगा हवन, सनातन संस्कार, संस्कृति का रखा जाएगा पूर्ण ध्यान
8 अक्टूबर को निकलेगी रामबरात, दिगनेर के घर−घर में उल्लास का माहौल
श्रीमनःकामेश्वर बाल विद्यालय, दिगनेर बनेगा अयोध्या नगरी, होगा लाइव प्रसारण
आगरा। भारत की संस्कृति की झलक गांव में देखने को मिलती है। गांव की माटी से सनातन संस्कारों का संदेश देते हुए श्रीमनः कामेश्वर रामलीला का आयोजन 3 से 13 अक्टूबर तक किया जाएगा। मंगलवार को आयोजन के आमंत्रण पत्र का विमोचन श्रीमनः कामेश्वर मंदिर, रावत पाड़ा पर मंदिर महंत योगेश पुरी, मठ प्रशासक हरिहर पुरी, सुधीर यादव, लक्ष्मी कांत राजावत, अमर गुप्ता, अतुल कुमार, टीपी तिवारी द्वारा किया गया। साथ ही आगरावासियों को रामलीला मंचन एवं राम बारात में सहभागी बनने का निमंत्रण भी दिया गया।
मंदिर महंत योगेश पुरी ने बताया कि 3 अक्टूबर से श्रीमनः कामेश्वर गौशाला, दिगनेर में श्रीदुर्गा सप्तशति का पाठ एवं यज्ञ के साथ महोत्सव का शुभारंभ होगा। श्रीमनः कामेश्वर राम लीला मंचन श्रीमनः कामेश्वर बाल विद्यालय, गढ़ी इश्वरा, दिगनेर में किया जाएगा।
दस दिनों तक वैदिक हवन एवं पाठ किशोरी लीला संस्थान, मथुरा और मध्य प्रदेश से तीन आचार्यों द्वारा किया जाएगा। वृंदावन के कलाकार श्रीराम की पावन गाथा का मंचन करेंगे, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों के साथ शहरवासी भी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि शहर की भागदौड़ और आधुनिकता से दूर ग्रामीण अंचल में भारत की मूल संस्कृति छुपी है। सनातन के संस्कार आज भी अपना अस्तित्व बनाए हुए हैं। अपने प्रभु राम के आगमन के लिए बिना किसी सुविधा के बावजूद स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह है।
मंदिर मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि 8 अक्टूबर को पूरे क्षेत्र में राम बरात निकाली जाएगी। आस पास के क्षेत्रों को बरात में निकलने वाली झांकियों की जिम्मेदारियां दी गयी हैं। लोग स्वयं उत्साहित होकर अपने घर-द्वारों को अभी से ही सुसज्जित करने लगे हैं। राम बारात के दिन घरों में महिलाएं विशेष पकवान और द्वारों पर रंगोली बनाएंगी। 13 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर दुर्गाशप्तसति पाठ और श्री राम चरित मानस पाठ की पूर्णाहुति व ब्राह्मण भोज के साथ समापन होगा। आयोजन के लिए बाल विद्यालय के मैदान को सजाया जा रहा है। बाबा मनः कामेश्वरनाथ रामलीला महोत्सव का लाइव प्रसारण देश-विदेश में सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही शहर में भी विभिन्न स्थानों पर एलइडी के माध्यम से प्रसारण की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि सनातन संस्कृति से युवा पीढ़ी और विदेशी पर्यटक भी जुड़ सके इसके लिए आमंत्रण पत्र में रामलीला के बारे में अंग्रेजी भाषा में वृतांत लिखा गया है। इस आयोजन में पर्यटन विभाग का विशेष सहयोग है।
: मेहंदी से रचे हाथ, महाराजा अग्रसेन जयन्ती महोत्सव की शुरुआत
Tue, Oct 1, 2024
अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा महाराजा अग्रसेन जयन्ती महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया मेहंदी उत्सव
आगरा। शुभता की प्रतीक मेहंदी से हाथों को रचाकर आज अग्रवाल संगठन रामबाग की सदस्याओं ने महाराजा अग्रसेन जयन्ती महोत्सव का उत्साह व उमंग के साथ शुभारम्भ किया। मंगल गीत गाए और उत्सवी गीतों पर नृत्य कर मेहंदी उत्सव मनाया। कार्यक्रम का शुभारम्भ महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर व गणेश वंदना के साथ किया गया। सर्वप्रथम महारानी माधवी निर्मला देवी व महाराजा अग्रसेन के स्वरूप लाजपत अग्रवाल के हाथों में मेहंदी रचाई गई।
समिति की अध्यक्ष निशा सिंघल ने सभी ने सभी सदस्याओं का स्वागत किया। राम आएंगे आएंगे राम आएंगे…, मेरी चैखट पर चलकर आज चारों धाम आएं हैं…, राधा तेरी चुनरी, मेहंदी है रचने वाली…, शुभ घड़ी आई… जैसे गीतों पर महिलाओं ने खूब नृत्य किया। इस अवसर पर महिलाओं के लिए मेहंदी, थाल सज्जा, साड़ी ट्रेसिंग, हेयर स्टाइल व बच्चों के लिए ड्राइंग पेंटिंग व नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
प्रातः आमंत्रण यात्रा निकालकर सभी क्षेत्रीय निवासियों को 4 अक्टूबर को आयोजित होने जा रही महाराजा अग्रसेन जयन्ती की शोभायात्रा के लिए आमंत्रित किया। आमंत्रण यात्रा का शुभारमम्भ समाजसेवी विनोद अग्रवाल व अनिल अग्रवाल ने झंडी दिखाकर किया। आमंत्रण यात्रा यमुना ब्रिज स्थित आजाद मंदिर से प्रारम्भ होकर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए टेढ़ी बगिया पहुंची।
इस अवसर पर मुख्य रूप से जूही, नेहा, कोमल, रूबी, श्रद्धा, नीलम, लवी, रानी सुनीता, पूजा, श्रद्धा, निहारिका, नमिता पुष्पा पायल, कृष्णा, शैफाली, सीमा, मंजू, गुंजन, प्रियंका आदि उपस्थित थीं।
: श्रीराम सहित चारों भाईयों के हाथों में रची मेहंदी, दूल्हा बनेंगे श्रीराम
Sat, Sep 28, 2024
राजा दशरथ के यहां छायी खुशियां
बारात की तैयारियों में व्यस्त हुए अयोध्यावासी
आगरा। रंग बिरंगी रोशनी व फूलों से अयोध्या नगरी गुलशन की तरह सज रही है। हर तरफ चारों पुत्रों के विवाह के मंगल उत्सव की खुशियां छायी हैं। फतेहाबाद रोड स्थित राजदेवम में श्रीराम के मेहंदी उत्सव की धूम थी। जहां रानी कौशल्या व राजा दशरथ संग श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के हाथों में मेहंदी रचाई गई। विवाह के मंगल गीत गाए। श्रीराम बारात को लेकर हर किसी के मन में उत्साह व खुशी है। श्रीराम का बारत को भव्य और दिव्य बनाने के लिए योजना तैयार है।
जनकपुरी के साथ अयोध्या में भी विवाह उत्सव की उमंग छायी हुई है। श्रीराम सहित चारों भाईयों के हाथों में शगुन की मेहंदी लगी तो राजा दशरथ व रानी कौशल्या (संतोष शर्मा, ललिता शर्मा) का मन घर में चार-चार बहुओं के एक साथ आने की कल्पना मात्र से ही हर्षित हो उठा। राजा दशरथ, माता कौशल्या व उनके पुत्र प्रखर व बेटी युक्ति शर्मा ने कहा कि कुछ क्षण के लिए ही सही, श्रीराम का घर आगमन सौभाग्य की बात है। संतोष शर्मा की मां लाजवंती शर्मा ने कहा कि पूरे परिवार का सौभाग्य है जो श्रीराम के बाराती बनने का सुअवसर हमें मिला। वहीं श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुध्न के स्वरूपों के घर में प्रवेश करते ही श्रीराम चंद्र के जयकारे गूंजने लगे। मुख्य द्वार से घर में प्रवेश करने तक ढोल नगाड़ों संग पुष्प वर्षा होती रही। घर के सभी सदस्यों ने भी अपने हाथों में मेहंदी रचाई।
मेहंदी उत्सव का शुभारम्भ श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल व राजा दशरथ, रानी कौशल्या (संतोष शर्मा, ललिता शर्मा) ने सियाराम का पूजन कर किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से सुरेश उपाध्याय, प्रवीन, प्रीप, गौरव उपाध्याय, विमल शर्मा, प्रियंका, पूजा, आरती, प्रीति, गौतम सेठ, विकास जैन, शोभित, ज्योति, सत्यवीर तोमर, नितिन अग्रवाल, हरिनारायण चतुर्वेदी, मंजीत सिंह, अनुज अरोरा आदि उपस्थित थे।