: शिक्षा को घर-घर तक पहुंचाना है, तो आओ मिलकर संवारें सरकारी विद्यालय
Wed, Jul 17, 2024
पंजाब की सांझी सिखिया संस्था ने आगरा की विभिन्न संस्थाओं संग किया सरकारी स्कूलों की बेहतरी पर चिंतन
एक संस्था, एक स्कूल का समूचित विकास पर लिया गया निर्णय, पंजाब के स्कूलों की तरह करेंगे सौंदर्यीकरण
ग्रामीण युवाओं को जोड़कर बनाए जाएंगे स्वयंसेवी, गांव के हर घर तक पहुंचेगी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
आगरा। तमाम प्रयासों के बावजूद सरकारी स्कूलों की बेहतरी के उपाय निष्फल हो रहे हैं। स्कूल हैं किंतु शिक्षक गायब हैं, शिक्षक हैं तो बच्चे नहीं पहुंचते। सरकारी विद्यालयों की यथा स्थिति पर चिंतन करते हुए, सांझी सिखिया संस्था द्वारा उनके विकास और विस्तार पर मंथन किया गया।
मंगलवार को खंदारी स्थित होटल लेमन ट्री में पंजाब राज्य की संस्था सांझी सिखिया द्वारा आगरा की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों संग सरकारी स्कूलों की बेहतरी पर चर्चा रखी गई।
संस्था के संस्थापक सिमरनप्रीत सिंह ओबरॉय ने बताया कि सरकार विद्यालय खोल रही है, शिक्षकों की भर्ती के साथ-साथ उन्हें अच्छा वेतनमान भी दिया जा रहा है किंतु विद्यालयों तक शिक्षक पहुंचते हैं तो बच्चे नहीं होते, वहीं बच्चे पहुंचते हैं तो शिक्षक नहीं। कहीं छात्रों के लिए किताबें उपलब्ध नहीं होतीं, कभी फर्नीचर सही नहीं होता तो बहुत बार इमारत जर्जर अवस्था में होती हैं। पंजाब में सांझी सिखिया संस्था ने सरकारी विद्यालयों की कायाकल्प करने का बीड़ा उठाया है और इस ओर सकारात्मक कार्य भी हो रहे हैं। अब संस्था अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर इस ध्येय को आगे ले जाएगी, ताकि वह प्रणाली परिवर्तन पर अपने काम को विस्तारित कर सके। उन्होंने बताया कि स्थानीय ग्रामीण युवाओं को स्वयंसेवी बनाकर उनका सहयोग भी लिया जाएगा।
राम मोहन कपूर (मनोरम बजाज मोटर्स के एमडी) ने कहा कि बदलाव सभी के प्रयास करने से आता है। सभी संगठन मिलकर सोचेंगे तो परिणाम बेहतर पाएंगे।
प्रमुख समाज सेवी एवं उद्यमी पूरन डावर ने कहा कि संस्था शिक्षा का वास्तविक महत्व लेकर चल रही है।
आइ सर्व खुशियों के पल संस्था के पीएस ओबरॉय ने कहा कि देश का विकास तब तक संभव नहीं जब तक हर वर्ग तक शिक्षा न पहुंचे। कार्यक्रम का संचालन अनुराग जैन ने किया।
इस अवसर पर हरविजय सिंह वाहिया, वत्सला प्रभाकर, जगनीत सिंह, मनीष रॉय, डॉ इभा गर्ग, मनीष नागरानी, वंदना टंडन, डॉ एसएस नागपाल, संजय अग्रवाल, दीपक प्रहलाद, सुनील तोमर, एसडी भटनागर, डॉ आरती मेहरोत्रा, एसके शर्मा, मनोज कुमार, मनजीत नागपाल, सीए राकेश जैन, डॉ पारुल भटनागर, शिखा चोपड़ा, मंजू शर्मा, नम्रता, डॉ सतीश अग्रवाल, संजय शर्मा, बृजेश शर्मा, अजय शर्मा, छाया, बबिता, वेद आर्या, सुरेंद्र जैन, अमित गोयल, उमेश तिवारी, सतिन्द्र सिब्बल आदि उपस्थित रहे।
3 से 80 तक पहुंचा शिक्षा के सेवकों का कारवां
सांझी सिखिया संस्था के संस्थापक सिमरनप्रीत ओबरॉय ने बताया कि वर्ष 2018 में उन्होंने अपने दो दोस्त इशप्रीत और अंकित के साथ मिलकर सांझी सिखिया संस्था फाउंडेशन का आधार पंजाब में रखा था। पंजाब आर्थिक रूप से आज पूरी तरह से पिछड़ चुका है। इसमें सबसे बड़ा कारण वहां की शिक्षा प्रणाली का भी है। शिक्षा के स्तर को सुधारने और हर बच्चे को साक्षार करने के साथ काबिल बनाने का बीड़ा उठाया। चलते− चलते कारवां आज 80 स्वयंसेवियाें का बड़ा परिवार बन गया। सिमरनप्रीत ओबरॉय आगरा के कैलाश विहार निवासी हैं। उनके पिता पीएस ओबरॉय वरिष्ठ नागरिकों की संस्था आइसर्व खुशियों के पल का संचालन करते हैं।
: लायंस क्लब आकाश ने गोद ली राधाकृष्ण गौशाला, किया सभी क्लबों से गोसेवा का आह्वान
Sat, Jul 13, 2024
लॉयंस क्लब आफ आगरा आकाश ने सेवा प्रकल्प में गोसेवा को रखा प्रमुखता से
डिस्ट्रिक्ट पीआरओ मनीष अग्रवाल बोले, आगरा के सभी 45 क्लब गोद लें एक-एक गौशाला
आगरा। सेवा प्रकल्पों में सबसे प्रमुख गोसेवा को रखते हुए लायंस क्लब आफ आगरा आकाश ने फाउंड्री नगर स्थित राधाकृष्ण गौशाला को गोद ले लिया है। शनिवार को मासिक सेवा प्रकल्प के अन्तर्गत राधाकृष्ण गौशाला में लायंस क्लब आफ आगरा आकाश की ओर से गोसेवा की गयी। जिसके अन्तर्गत 230 गायों के लिए 26 कुंतल हरे चारे का प्रबंध सदस्यों की ओर से किया गया। गोसेवा का आरंभ गो पूजन के साथ हुआ। अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने बताया कि गौशाला परिसर में 230 गाय एवं बछड़े रहते हैं, जिनमें से 18 गाय दृष्टिहीन हैं। गौशाला शहरवासियों की सेवा से सदैव से उपेक्षित रही है। गायों को दिनभर का भोजन भी बहुत बार उपलब्ध नहीं हो पाता। इसे देखते हुए क्लब ने गौशाला को गोद ले लिया है। उन्होंने कहा कि क्लब द्वारा गौशाला का सुंदरीकरण करवाया जाएगा साथ ही परिसर में टीन शेड लगवाकर खुले में रहने वाली गायों की सेवा की जाएगी।
फाउंड्री नगर स्थित राधाकृष्ण गौशाला में गोसेवा करते लायंस क्लब आफ आकाश के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट पीआरओ मनीष अग्रवाल, रीजन चेयरपर्सन मनोज गुप्ता, राजकुमार खन्ना, राजेंद्र गर्ग आदि
डिस्ट्रिक्ट पीआरओ मनीष अग्रवाल ने आह्वान किया कि आगरा जिले में सभी 45 लायंस क्लब शहर की एक− एक गौशाला को गोद लेकर गोसेवा का पुण्य कमाएं।
रीजन चेयरपर्सन एमजेएफ मनोज गुप्ता ने कहा कि गोसेवा सभी पुण्यों को देने वाली होती है। क्लब द्वारा एक सप्ताह में ये दूसरी बार गोसेवा की गयी है।
इस अवसर पर सचिव संगीता गुप्ता, कोषाध्यक्ष राजकुमार खन्ना, पूर्व अध्यक्ष एमजेएफ संजय गुप्ता, आरपी अग्रवाल, अनमोल गुप्ता, रोहित माहेश्वरी, गौरी शंकर, रमेश यादव, राजेंद्र गर्ग, पवन पैंगोरियाआदि उपस्थित रहे।
: मेधावियों का सम्मान कर, बताया शिक्षा और शिक्षक का महत्व
Sat, Jul 13, 2024
बृज डेवलपमेंट फाउंडेशन के प्रकल्प श्री नारायण बाला शिक्षा सहायता द्वारा किया गया मेधावियों का सम्मान
न्यू आगरा स्थित चंद्र बालिका विद्यापीठ की दसवीं और बारहवीं की छात्राएं हुईं सम्मानित
बृज डेवलपमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने मेधावी छात्राओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा भी की
आगरा। शिक्षा तभी सार्थक है जब समाज को संदेश दे और सेवा भी तभी सार्थक है जब अशिक्षा के अंधियारे को दूर कर प्रतिभाओं को प्रोत्साहन एवं सहायता प्रदान करे। श्री नारायण बाला शिक्षा सहायता प्रकल्प के सयोंजक विजय अग्रवाल के इन शब्दों के साथ आरंभ हुआ मेधावी सम्मान समारोह।
शनिवार को न्यू आगरा स्थित चंद्र बालिका विद्यापीठ में बृज डेवलपमेंट फाउंडेशन के प्रकल्प श्री नारायण बाला शिक्षा सहायता संस्था द्वारा मेधावी छात्र सम्मान समारोह 2023− 24 का आयोजन किया गया।
मां शारदे के समक्ष माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गयी। सरस्वती वंदना को स्वर छात्रा साक्षी ने दिए एवं स्वागत गीत रजनी, श्वेता, कीर्ति, पलक और काव्या ने प्रस्तुत किया। कुशल संचालन छात्रा शिल्पा और वैष्णवी ने किया।
विशष्टि अतिथि के रूप में विजय गुप्ता वरिष्ठ उद्यमी एवं समाज सेवी ने कहा कि सभी मेधावी छात्र यदि चार सामान्य छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे तो वे भी मेधावी बन सकेंगे।
आयोजक विजय अग्रवाल ने बताया कि सम्मान समारोह में दसवीं और बारहवीं की 11 छात्राओं को सम्मान राशि प्रदान की गयी, जिसमें 5100, 3100, 2100 और 1100 रुपये के चैक, मेडल एवं प्रोत्साहन पत्र शुभकामनाओं के साथ छात्राओं को दिए गए। आगे कहा कि आज सभी डॉक्टर-इंजीनियर बनना चाहते हैं, माता पिता का भी यही सपना होता है किंतु शिक्षक बनना नहीं चाहते जबकि सनातन काल से शिक्षक को ईश्वर से भी उच्च स्थान दिया गया है।
बृज डेवलपमेंट फाउंडेशन के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने घोषणा की कि जो भी मेधावी छात्राएं भविष्य में उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहती हैं उनकी आर्थिक सहायता के लिए संस्था सदैव साथ खड़ी है। उपाध्यक्ष राहुल जैन ने कहा कि स्कूलों में नैतिक शिक्षा की कक्षा भी लगनी चाहिए, ताकि आज का छात्र कल का आदर्श नागरिक बन सके राष्ट्रहित की परिकल्पना छात्रों के बीच जरूर होनी चाहिए पर्यावरण संरक्षण के लिए भी छात्र जीवन से ही प्रयास की आवश्यकता है।
राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष देवी सिंह नरवार ने रहीम का दोहा कहते हुए छात्राओं को शिक्षा दान का महत्व बताया, कहा कि देनहार कोउ और है, भेजत है दिन रैन।
स्कूल की अध्यक्ष शारदा गुप्ता ने संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा की शिक्षित बालिका एक नहीं दो परिवारों की शिक्षित करती है समापन पर प्रधानाचार्य श्रीमती रचना शर्मा ने आभार दिया।
इस अवसर पर रिजु, दिलीप, सागर, उज्जवल आदि उपस्थित रहे।