: अन्तर्विभागीय रैली निकालकर विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का हुआ शुभारंभ
Tue, Jul 2, 2024
विधायक पुरूषोत्तम खण्डेलवाल ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
एक से 31 जुलाई तक चलेगा अभियान
आगरा। जनपद में सोमवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान का शुभारंभ अन्तर्विभागीय विशाल रैली आयोजित कर हुआ। जागरूकता रैली को विधायक पुरूषोत्तम खण्डेलवाल द्वारा हरी झंडी दिखाई गई। रैली का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा आधिकारी डॉ. अरूण कुमार श्रीवास्तव और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन के द्वारा किया गया।
सीएमओ ने बताया कि अभियान में चिकित्सा विभाग, आईसीडीएस, ग्राम्य विकास व पंचायती राज, शिक्षा, नगर निगम व शहरी विकास, कृषि, पशुपालन, दिव्यांग कल्याण, स्वच्छ भारत मिशन, सूचना, चिकित्सा शिक्षा, जल निगम और खाद्य व औषधि प्रशासन विभाग मिल कर कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि जुलाई से मलेरिया, डेंगू के प्रकोप के साथ डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। संचारी रोगों से बचाव के साथ डायरिया रोको अभियान भी चलेगा ।
जिला सर्विलांस अधिकारी व नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने बताया कि डेंगू व चिकनगुनिया एडीज मच्छर से फैलती हैं। यह मच्छर दिन में काटता है और स्वच्छ पानी में पनपता है। वहीं मलेरिया एनाफिलीज मच्छर के काटने से फैलता है। यह मच्छर शाम से लेकर सुबह तक काटता है। यह साफ व ठहरे हुए पानी में पनपता है। अपने आसपास मच्छरों को न पनपने दें। इनसे बचाव करते रहें। बुखार आए तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर अपनी जांच अवश्य कराएं।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि विषेश संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 जुलाई तक एवं 11 जुलाई से दस्तक अभियान अन्तर्विभागीय सहयोग से चलेगा। अभियान के दौरान लोगों को साफ सफाई व स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। जागरूकता रैली की प्रतिभागी आशा कार्यकर्ता भवानी ने बताया की संचारी रोग नियंत्रण, दस्तक अभियान और डायरिया रोको अभियान से संबंधित कार्य क्षेत्र के अनुसार तैयारी पूर्ण कर ली गई है साथ ही कार्य योजना के अनुसार प्रतिदिन अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
सहायक मलेरिया अधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा मच्छरजनित रोगों व मच्छरों की रोकथाम के लिए टीमें घर-घर जाकर जांच कर रही हैं। लार्वा मिलने पर उनका निस्तारण किया जा रहा है। इसके साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव भी किया जा रहा है। साथ में लोगों को मच्छरों से बचाव के लिए जागरुक भी किया जा रहा है।
रैली में जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी अमित यादव, यूनीसेफ के प्रतिनिधी राहुल कुलश्रेष्ठ सहित अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित विभिन्न स्कूलों के छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों ने भाग लिया। रैली में आष्ठा एवं एंबेड संस्था के कर्मचारियों ने भी सहयोग किया।
जागरूकता रैली के बाद आयोजित हुई प्रेस वार्ता
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य चिकित्सा आधिकारी डॉ. अरूण कुमार श्रीवास्तव ने प्रैस वार्ता में कहा कि नगर विकास, पशु पालन विभाग, पंचायती राज विभाग, समाज कल्याण विभाग, विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, शिक्षा विभाग, सूचना विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, एवं खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग) के द्वारा इस अभियान के दौरान साफ-सफाईजुद्ध पेय जल, पुष्ठाहार, स्कूलों में बच्चों को स्वास्थ्य शिक्षा तथा सभी दिव्यांग बच्चों का सतप्रतिशत आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराये जाने सहित स्वास्थ्य विभाग की समस्त गतिविधियों के पूर्ण प्रतिवद्धता के साथ संचालित करने के दिशा निर्देश दिये।
: योगिनी एकादशी पर देर रात तक उमड़ा खाटू नरेश के दर आस्था का सैलाब
Tue, Jul 2, 2024
आषाढ़ कृष्ण पक्ष की एकादशी पर जीवनी मंडी स्थित श्रीखाटू श्याम जी मंदिर में हुआ कीर्तन, सजा फूल बंगला
आगरा। खाटू में लगा के दरबार, के सजधज बैठ्यो है सरकार… , श्याम भरोसा श्याम सहारा, जीवन नाव का खेवनहार…,भगवान श्रीनारायण हरि को समर्पित योगिनी एकादशी पर इन सुमधुर भजनों से सजा श्री खाटू नरेश का दरबार।
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में योगिनी एकादशी के अवसर पर सजा फूलों से श्याम बाबा का दरबार
जीवनी मंडी स्थित श्रीखाटू श्याम जी मंदिर पर मंगलवार को भव्य फूल बंगला सजाया गया। श्रीखाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि एकादशी पर भाेर की आरती के साथ रात 11 बजे तक मंदिर के पट भक्तों के लिए खुले रहे। हजारों भक्तों ने श्याम बाबा के दर्शनों का पुण्य लाभ लिया। समधुर कीर्तन दरबार में भक्तों ने भी अपनों भावों की अर्जी लगाई।
सचिव संजय अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विकास गोयल ने बताया कि योगिनी एकादशी निर्जला एकादशी के बाद और देवशयनी एकादशी से पहले आती है। कहा जाता है कि योगिनी एकादशी के दिन व्रत करने से पापों का नाश होता है। विपिन बंसल और हेमेंद्र अग्रवाल ने बताया कि एकादशी के बाद बुधवार को द्वादशी तिथि पर श्याम बाबा की ज्योति के दर्शन का लाभ भक्त लेंगे।
: नंदीघोष रथ पर 7 जुलाई को भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलेंगे श्रीजगन्नाथ जी
Tue, Jul 2, 2024
•
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ जी मंदिर इस्कॉन (अन्तर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ) द्वारा किया जा रहा श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन
आगरा। 14 दिन बाद श्रीजगन्नाथ जी भक्तों को 6 जुलाई को आयोजित नयन उत्सव में दर्शन देंगे। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ जी मंदिर इस्कॉन (अन्तर्राष्ट्रीय श्रीकृष्ण भावनामृत संघ) द्वारा 3-7 जुलाई तक पांच दिवसीय श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ देश विदेश के हजारों भक्त भी हिस्सा लेने पहुंचेंगे।
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में इस्कॉन मंदिर आगरा के अध्यक्ष अरविद स्वरूप ने जानकारी देते हुए बताया कि 7 जुलाई को भक्तिभाव के साथ श्रीजगन्नाथ रथयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। बल्केश्वर स्थित महालक्ष्मी मंदिर से प्रारम्भ होकर यात्रा बल्केश्वर, कमला नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए इस्कॉन मंदिर रश्मि नगर पहुंचेगी। श्रीहरि के रथ को भक्तजन रस्सी से खींचकर मंदिर तक ले जाएंगे। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इससे पूर्व 3,4,5 जुलाई को शहरवासियों को रथयात्रा में आमंत्रित करने के लिए आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी।
मान्यतानुसार बीमार होने के उपरान्त 14 दिन बाद श्रीहरि 6 जुलाई को मंदिर परिसर में आयोजित नयन उत्सव में भक्तों को दर्शन देंगे। जहां 14 दिन तक श्रीहरि के उपाचार व सादा भोजन के बाद छप्पन भोग का प्रसाद लगाया जाएगा। 56 भोग भक्तों द्वारा पकाकर मंदिर में लाया जाएगा। अरविन्द प्रभु ने सभी भक्तों को अधिक से अधिक संख्या में रथयात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, राहुल बंसल, आशु मित्तल, सुशील अग्रवाल, अखिल बंसल, गौरव बंसल, विकास बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमित बंसल, बृजेश अग्रवाल, संजय कुकरेजा, राजीव मल्होत्रा, सूरज प्रभु, अर्चना कुकरेजा आदि उपस्थित थे।
ये होंगे कार्यक्रम
3 जुलाईः शाम 5-7 बजे आमंत्रण यात्रा पीपल वाला गेट सिंधी बाजार से बेलनगंज तिराहा तक।
4 जुलाईः शाम 5-7 बजे आमंत्रण यात्राः बल्केश्वर महादेव मंदिर से श्रीजगन्नाथ मंदिर कमला नगर तक।
5 जुलाईः 5-7 बजे तक हरीनाम संकीर्तन, संजय प्लेस।
4-5 जुलाईः गुण्डिचा मार्जन, मंदिर परिसर में सुबह 8-10 बजे।
6 जुलाईः नयन उत्सव, श्रीजगन्नाथ मंदिर कमला नगर में शाम 4.30 बजे।
7 जुलाईः रथयात्रा महोत्सव दोपहर 2 बजे से बल्केश्वर महादेव मंदिर से कमला नगर श्रीजगन्नाथ मंदिर तक।