: यमुना शुद्धिकरण और घाट सौंदर्यीकरण के लिए ज्ञापन सौंपा गया
Mon, Oct 21, 2024
आगरा I आज रिवर कनेक्ट कैंपेन के सदस्यों की टीम ने मंडलायुक्त महोदया ऋतु माहेश्वरी से मुलाकात की और यमुना शुद्धिकरण एवं यमुना आरती स्थल घाट सौंदर्यीकरण के संबंध में एक ज्ञापन भेंट किया।
संयोजक ब्रज खंडेलवाल ने बताया कि रिवर कनेक्ट कैंपेन 2014 से निरंतर डेली आरती सभा का आयोजन कर रहा है, जिसमें यमुना बैराज निर्माण, रिवर फ्रंट डेवलपमेंट, तलहटी की सफाई, और राष्ट्रीय नदी नीति की मांगों को नियमित उठाया जाता रहा है।
रिवर कनेक्ट कैंपेन की टीम का मानना है कि यमुना नदी की शुद्धता और संरक्षण न केवल पर्यावरण के लिए आवश्यक है, बल्कि यह स्थानीय समुदायों के लिए भी महत्वपूर्ण है। हम सभी संबंधित प्राधिकरणों से अनुरोध करते हैं कि वे इस दिशा में आवश्यक कदम उठाएं और यमुना नदी को पुनर्जीवित करने में हमारा सहयोग करें।
इस प्रयास में सभी लोगों की भागीदारी आवश्यक है, ताकि हम आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और स्वस्थ यमुना नदी का निर्माण कर सकें।
ज्ञापन भेंट करने वाले सदस्यों में डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, गोस्वामी नंदन श्रोत्रिय, पंडित जुगल किशोर, अभिनव, चतुर्भुज तिवारी और ब्रिज खंडेलवाल शामिल थे। उन्होंने यमुना नदी की स्थिति और इसके संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाने पर जोर दिया।
: डांडिया उत्सव में सुर्ख परिधान व सोलह श्रंगार कर पहुंची सखियां
Mon, Oct 21, 2024
अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा आयोजित डांडिया व करवाचैथ उत्सव में बिखरी खुशिया
चंचल बनी करवाचैथ क्वीन व रेनू बनीं डांडिया क्वीन
आगरा। सुर्ख परिधान, सोलह श्रंगार कर दुल्हन बनकर पहुंची सखियां आज उत्साह और उमंग से भरी थीं। एक तरफ डांडिया का उत्सव था तो दूसरी ओर करवाचैथ क्वीन बनने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा। सौन्दर्य के साथ बौद्धिकता के समागम के साथ अग्रवाल महासभा रामबाग द्वारा वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में करवाचैथ व डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें महासभा की सखियों ने उत्साह व उमंग के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि व समाजसेवी संगीता अग्रवाल नें मां सरस्वती व महाराजा अग्रसेन के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर व माल्यार्पण कर किया। अध्यक्ष निशा सिंघल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी सखियों को करवाचैथ उत्सव की लिए शुभकामनाएं दीं। डांडिया क्वीन बनने के लिए जहां महिलाओं ने अपनी कलात्मकता को बखूबी प्रदर्शित किया वहीं करवाचैथ क्वीन के लिए सोलह श्रंगार के साथ रचनात्मकता व भारतीय संस्कृति व परम्परा से जुड़े सवालों के लिए अपनी बौद्धिकता का लोहा मनवाया। मस्ती और उमंग के साथ सभी सखियों ने उत्सव को खूब इंजॉय किया। रेनू गोयल डांडिया क्वीन, चंचल अग्रवाल करवाचैथ क्वीन, लकी ड्रा ग्रीष्मा अग्रवाल, पंच्वेलटी विनर प्रियंका अग्रवाल व गेम में कृष्णा अग्रवाल ने बाजी मारी। उपहार के रूप में सुहाग सामग्री व पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के संदेश के साथ गुलमोहर, पीपल, नीम जैसे पौधे भेंट किए गए।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गिरिषमा, ममता अग्रवाल, साक्षी, नेहा, स्वाती, चंचल, सुनीता, आरवी, ब्रजेश, अनुष्का, आयुषी दीक्षा, कृष्णा आदि उपस्थित थीं।
: आयोडीन नमक, गर्भवती और बच्चों के लिए वरदान
Mon, Oct 21, 2024
विश्व आयोडिन अल्पता विकार दिवस पर सीएचसी फतेहपुर सीकरी में हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक
एएनएम और आशा ने घर-घर जाकर गर्भवती और धात्री महिलाओं को आयोडिन नमक के बारे में दी जानकारी
आगरा। जिले में विश्व आयोडीन अल्पता विकार दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी में ब्लॉक साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया। इसमें आयोडीन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन से संबंधित जागरूकता बढ़ाने की जानकारी दी गई।
21 अक्टूबर को मनाए जाने वाले विश्व आयोडिन अल्पता विकार दिवस पर आयोडीन के पर्याप्त उपयोग के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने और आयोडीन की कमी के परिणामों पर प्रकाश डालना उद्देश्य है। दिवस पर संडीगुड़ उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले कार्य क्षेत्र में एएनएम वैशाली तिवारी और आशा कार्यकर्ता क्षमारानी ने गृह भ्रमण करके गर्भवती और धात्री माताओं को आयोडीन युक्त नमक और आयोडीन युक्त खाद्य पदार्थों के बारे में जागरूक किया । एएनएम और आशा कार्यकर्ता ने भ्रमण गतिविधि के माध्यम से गर्भवती और धात्री माताओं को आयोडीन के महत्व और इसकी कमी से होने वाली समस्याओं के बारे में बताया। उन्हें आयोडीन युक्त खाद्य पदार्थों के बारे में जानकारी दी। साथ ही आयोडीन की कमी से होने वाले लाभ और हनिया के बारे में भी जानकारी दी के द्वारा गृह भ्रमण करके गर्भवती और धात्री को बताया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आयोडीन नमक गर्भवती महिला और बच्चों के लिए वरदान है। आयोडीन की कमी से गर्भस्थ शिशु के विकास में समस्याएं हो सकती हैं, जैसे कि मानसिक और शारीरिक विकास में देरी, जन्म के समय कम वजन और गर्भपात का खतरा। आयोडीन युक्त नमक के सेवन से गर्भवती महिला और बच्चों में आयोडीन की कमी को दूर किया जा सकता है।
एसीएमओ आरसीएच/ अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि आयोडीन एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है जो मानव वृद्धि और विकास के लिए आवश्यक है। इसकी कमी से कई गंभीर समस्याएं हो सकती हैं, जैसे मंदबुद्धि, मानसिक मंदता, बच्चों में संज्ञानात्मक विकास की गड़बड़ी और मस्तिष्क की क्षति, थायरॉयड ग्रंथि का बढ़ना, तंत्रिका-पेशी और स्तैमित्य, गर्भवती महिलाओं में समस्याएं, गर्भपात, नवज़ात शिशुओं का वज़न कम होना, शिशु का मृत पैदा होना और जन्म लेने के बाद शिशु की मृत्यु होना आदि। उन्होंने बताया कि आयोडीन युक्त नमक का सेवन करने से इन हानियों को रोका जा सकता है। आयोडीन युक्त नमक का सेवन करने से हमारे शरीर में आयोडीन की कमी नहीं होती है और हम स्वस्थ रहते हैं।
इस मौके पर अधीक्षक पीयूष अग्रवाल, विश्व स्वास्थ्य संगठन की एसएमओ डॉ. महिमा चतुर्वेदी, एचईओ पंकज जायसवाल, बीपीएम सतेंद्रपाल सिंह, डब्ल्यूएचओ के फील्ड मॉनिटर नरेश कुमार, एएनएम सहित आशा कार्यकर्ता मौजूद रही ।
आयोडीन युक्त नमक का सेवन न करने से हो सकती कई हानियां :
गर्भवती महिलाओं में:
गर्भपात का खतरा
नवज़ात शिशुओं का वज़न कम होना
शिशु का मृत पैदा होना
जन्म लेने के बाद शिशु की मृत्यु
बच्चों में:
मानसिक मंदता
संज्ञानात्मक विकास की गड़बड़ी
मस्तिष्क की क्षति
शारीरिक विकास में देरी