: फैशन का फिल्मी अंदाज़, बॉलीवुड बीट्स ने मचाई धूम
Sun, Sep 21, 2025
आगरा में हुआ भव्य कल्चरल फैशन शो
बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोरा के साथ शहर की हस्तियों ने की कदमताल
आगरा। ताज नगरी में रविवार को आयोजित कल्चरल फैशन शो ने फैशन और बॉलीवुड का अनोखा संगम प्रस्तुत किया। क्लार्क्स शिराज होटल में हुआ यह शानदार शो “फैशन का फिल्मी अंदाज़ – बॉलीवुड बीट्स” थीम पर आधारित था, जिसमें ग्लैमर, संस्कृति और परंपरा का रंगारंग मिलन देखने को मिला। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बीना लवानिया, साक्षी निझावन, डॉ. पंकज महेन्द्रु, डॉ. रेनुका डंग और डॉ. निखिल चतुर्वेदी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
शो का सबसे बड़ा आकर्षण रहीं बॉलीवुड अभिनेत्री रीवा अरोरा, जिन्होंने शो स्टॉपर के रूप में रैंप पर वॉक कर सबका दिल जीत लिया। उनकी मौजूदगी ने इस फैशन शो को सच्चे मायनों में फिल्मी अंदाज़ और बॉलीवुड बीट्स से भर दिया। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आगरा की सरज़मीं पर रैंप वॉक करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव रहा। इस फैशन शो में परंपरा और आधुनिकता का जो संगम देखने को मिला, वह वास्तव में अद्भुत है। भारतीय परिधानों की खूबसूरती और स्थानीय संस्कृति ने मुझे बहुत प्रभावित किया। मुझे खुशी है कि इस मंच से नए मॉडल्स को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिल रहा है।
फैशन शो में दिल्ली, मुंबई, नोएडा, चंडीगढ़ और बैंगलोर जैसे महानगरों से आई मॉडल्स ने जब पारंपरिक परिधानों में रैंप पर कैटवॉक किया, तो मंच पर भारतीय संस्कार, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
बॉलीवुड बीट्स प्राइड अवार्ड के निदेशक अमित श्री यादव ने बताया कि फैशन शो में प्रतिभा दिखाने वाले मॉडल्स को आने वाले समय में म्यूजिकल वीडियो एल्बम एवं अन्य शो में अपनी प्रतिभा को निखारने और प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही ब्रज भाषा में बॉलीवुड फिल्म का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय कलाकारों को मंच मिलेगा और ब्रज की संस्कृति को विश्व पटल पर प्रदर्शित किया जा सकेगा।
समिति के सदस्य अमित खत्री ने बताया कि इस कल्चरल फैशन शो का उद्देश्य केवल फैशन प्रस्तुत करना नहीं है, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना और उनकी कला को निखारने का अवसर प्रदान करना है। दिल्ली, मुंबई, नोएडा, चंडीगढ़, बैंगलोर जैसी महानगरों से आई मॉडल्स के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों का प्रदर्शन यह दिखाता है कि संस्कृति और ग्लैमर का संगम कैसे एक अनोखे अंदाज में प्रस्तुत किया जा सकता है।
आयोजन समिति में निदेशक अमित श्री यादव, नरैन बहरानी (मोना), रोहित जैन, राजीव कुमार गुप्ता, अर्पण सिंह, गौरव वर्मा, मनोज गुप्ता, आदित्य द्विवेदी, देव शरण आर्य, अमित खत्री, कीर्ति शर्मा आदि शामिल रहे।
: मेहंदी से रचे हाथ, महाराजा अग्रसेन जयन्ती महोत्सव की शुरुआत
Sun, Sep 21, 2025
आगरा। शुभता की प्रतीक मेहंदी से हाथों को रचाकर आज अग्रवाल संगठन रामबाग की सदस्याओं ने महाराजा अग्रसेन जयन्ती महोत्सव का उत्साह व उमंग के साथ शुभारम्भ किया। मंगल गीत गाए और उत्सवी गीतों पर नृत्य कर मेंहदी उत्सव मनाया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि गीता गर्ग ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर गया। समिति की अध्यक्ष निशा सिंघल ने सभी सदस्याओं का स्वागत किया।
सर्वप्रथम अग्र माता-पिता के स्वरूप राम स्वरूप अग्रवाल व लीलावती अग्रवाल के हाथों में मेहंदी रचाई गई। इसके बाद सभी सदस्याओं ने मेहंदी से अपने हाथों को रचाया। थाल सज्जा, मेहंदी व नृत्य प्रतियोगिता में संगठन की बहनों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। पायल बजनी लाडो, सासू जी ताना न मारो…, हमरा गुलाबी दुपट्टा…, मेहंदी राचन लागी, बन्ने के नाम की…, जैसे गीतों के साथ महिलाओं ने उत्साह व उमंग के साथ मेंहदी उत्सव मनाया।
अध्यक्ष निशा सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया कि 22 सितम्बर को सुबह 9 बजे से विनायक सेवा सदन, सब्जी मंडी रामबाग में हवन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें संगठन के समस्त सदस्य देश की सुरक्षा व पर्यावरण संरक्षण की कामना के साथ आहूति देंगे। 23 सितम्बर को शाम 5 बजे चीनी का रोजा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। संचालन जहान्वी सिंघल ने किया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से कार्यक्रम संयोजक राजेश अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, गोपाल गर्ग, डॉ. जय कुमार गोयल, अंजली, मोहिनी, रेनू, स्वाती, जूली, सुनीता ब्रजेश, श्वेता, बबली, रेखा, कीर्ति, आरती, करिश्मा, रेखा, श्रद्धा, पायल, गुंजन आदि उपस्थित थीं।
: संगीत उत्सव में बिखरे 70 के दशक के नगमें, ऑपरेशन सिंदूर के मंचन से आतंकियों को दिया संदेश
Sun, Sep 21, 2025
आगरा। हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, उप्र सहित विभिन्न प्रांतों की कला और संस्कृति को समेटे महिला उत्सव में ऑपरेशन सिंदूर के मंचन के साथ देश के बच्चों ने भारत पर टेढ़ी नजर रखने वाले आतंकियों को कड़ा संदेश दिया। अग्रवाल संगठन, बुन्दू कटरा सेवला की महिला इकाई द्वारा आज महाराजा अग्रसेन जयन्ती महोत्सव के उपलक्ष्य में संगीत उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें फैंसी ड्रेस, नृत्य व कुकिंग विदआउट फायर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 200 से अधिक महिलाओं व बच्चों ने उत्साह व उमंग के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ महाराज अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। भारत की कला और संस्कृति को संजोए कार्यक्रम में सभी सदस्याओं का स्वागत महिला इकाई की अध्यक्ष मीनू गोयल ने किया। संगठन के संरक्षक भगवान दास बंसल ने युवा पीढ़ी को नेक व सच्चे रास्ते पर चलने का संदेश दिया। दो वर्गों में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता ने भारत की कला व संस्कृति के परिचय कराया। विभिन्न प्रांतों की नृत्य प्रतियोगिता भारत के हर प्रदेश की संस्कृति को खुद में समेटे नजर आई। 70 के दशक के गीतों पर नृत्य ने जहां पुरानी यादों को ताजा कर दिया वहीं लोक गीत पर नृत्य ने देश की संस्कृति को जीवन्त कर किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में कोई राधा-कृष्ण तो कोई फौजी और डॉक्टर बनकर पहुंचा। पहलगांव के मंचन ने सबकी आंखों को नम करने के साथ आतंकियों को कड़ा संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से गायत्री मित्तल, सपना गोयल, सोनाली बंसल, सारिका सिंघल, सपना बंसल, प्रिया गर्ग, आशा गोयल, कल्पना गर्ग, रेखा अग्रवाल, शीतल बंसल, खुशबू, संध्या, कल्पना, निशा मुख्य रूप से उपस्थित थीं।