पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मोत्सव : दीनदयाल धाम में 7 से 10 अक्टूबर तक होगा जन्मोत्सव मेला, सीएम योगी ने किया पोस्टर विमोचन
Pragya News 24
Fri, Sep 25, 2026
लखनऊ/आगरा। पं. दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास, 5 कालिदास मार्ग, लखनऊ में आगामी पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्मोत्सव मेला एवं प्रदर्शनी-2026 के पोस्टर एवं आमंत्रण पत्र का विमोचन किया। पं. दीनदयाल उपाध्याय का जन्म 25 सितंबर 1916 को मथुरा जिले के नगला चंद्रभान में हुआ था, जिसे वर्तमान में दीनदयाल धाम के नाम से जाना जाता है।
इस अवसर पर पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल रावी एवं कोषाध्यक्ष नरेन्द्र कुमार पाठक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
चार दिवसीय यह आयोजन 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्मस्थली नगला चंद्रभान, दीनदयाल धाम, फरह, मथुरा में आयोजित किया जाएगा। उपलब्ध आयोजन संबंधी जानकारी के अनुसार महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ युवा सम्मेलन, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन, शोध संगोष्ठी, गोपूजन एवं कुश्ती दंगल सहित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।
स्वदेशी, स्वावलंबन और ग्राम विकास पर रहेगा जोर
आयोजन को स्वदेशी, स्वावलंबन एवं भारतीय संस्कृति को समर्पित महाकुंभ के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसके प्रमुख विषयों में ‘अंत्योदय से आत्मनिर्भरता तक’, एकात्म मानववाद, गाँव, गौ, गंगा एवं ग्राम विकास, लोक कला-लोक संस्कृति तथा भारतीय उद्योगों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना शामिल है।
आमंत्रण पत्र के विमोचन के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि “अंत्योदय के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी हम सभी के लिए आदर्श हैं।” मुख्यमंत्री ने 25 सितंबर को उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
विराट युवा एवं किसान सम्मेलन के लिए सीएम को आमंत्रण
समिति के मंत्री मनीष अग्रवाल रावी एवं कोषाध्यक्ष नरेन्द्र पाठक ने मुख्यमंत्री को चार दिवसीय आयोजन के दौरान होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान 8 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विराट युवा एवं किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया गया। समिति के अनुसार, मुख्यमंत्री ने आयोजन के प्रति सकारात्मक आश्वासन देते हुए इस संबंध में शीघ्र सूचना देने की बात कही।
दीनदयाल धाम में होने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव को लेकर तैयारियां जारी हैं। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रमों के माध्यम से पं. दीनदयाल उपाध्याय के विचारों, स्वदेशी, ग्राम विकास, लोक संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखा जाएगा।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन