जनकपुरी महोत्सव 2026 : जनकपुरी महोत्सव की तैयारियां तेज, 1 से 10 अक्टूबर तक होंगे भव्य आयोजन
Pragya News 24
Sun, Sep 20, 2026
21 सितंबर को जारी होगी महोत्सव की पूरी रूपरेखा, 6 अक्टूबर को निकलेगा सीता मैया का डोला और 7 को होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह
आगरा। जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति-2026 की बैठक शनिवार को शास्त्रीपुरम स्थित दिव्या रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ सीता-राम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। जनकपुरी महोत्सव महिला समिति की मुख्य संरक्षक आरती शर्मा ने राम-जानकी वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। बैठक में क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों के साथ आगामी महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
भावना एस्टेट में चल रहे 12 करोड़ के विकास कार्य
जनकपुरी महोत्सव के मुख्य संरक्षक संतोष कटारा ने बताया कि नगर निगम की ओर से भावना एस्टेट क्षेत्र के लिए करीब 12 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों की शुरुआत भी हो चुकी है। क्षेत्र में सड़क, खरंजा, नाली सहित विभिन्न विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि नई पीढ़ी को सनातन परंपरा और संस्कृति से जोड़ने का माध्यम भी है। इसी उद्देश्य से भावना एस्टेट क्षेत्र को जनकपुर की तर्ज पर सजाने-संवारने में क्षेत्रवासी जुटे हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन अब पूरे क्षेत्र के सामूहिक प्रयास और सहभागिता का रूप ले चुका है।
21 सितंबर को सामने आएगी पूरी आयोजन रूपरेखा
अध्यक्ष राजीव कुमार (राजू यादव) ने कहा कि महोत्सव की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए लगातार बैठकें की जा रही हैं। 21 सितंबर को आयोजन की पूरी रूपरेखा सार्वजनिक की जाएगी। उन्होंने बताया कि 1 से 10 अक्टूबर तक जनकपुरी क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें पारंपरिक स्वरूप के साथ आधुनिक व्यवस्थाओं का समन्वय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन समिति की ओर से सहयोग या दान के लिए किसी पर कोई दबाव नहीं बनाया जा रहा है। श्रद्धालु अपनी इच्छा और श्रद्धानुसार सहयोग कर सकते हैं। उन्होंने आयोजन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या भ्रामक प्रचार से बचने की अपील की। साथ ही कहा कि अधिकृत अनुमति और हस्ताक्षर के बिना किसी वेंडर के कार्य को अंतिम रूप न दिया जाए, ताकि आयोजन की पारदर्शिता और गरिमा बनी रहे।
पार्षद का सम्मान, विकास कार्यों की जानकारी दी
बैठक में क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी का विशेष सम्मान किया गया। उन्होंने नगर निगम द्वारा स्वीकृत विकास कार्यों की रूपरेखा उपस्थित सदस्यों के समक्ष रखी।
मार्गदर्शक अजय गर्ग ने सभी सदस्यों से महोत्सव के कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता और पूर्ण सहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव किसी एक संस्था या कुछ लोगों का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सामूहिक आस्था और सहभागिता का उत्सव है।
राम जन्म से शुरू होगा दस दिवसीय आयोजन
मुख्य संयोजक मनोज बंसल ने बताया कि जनकपुरी महोत्सव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 1 अक्टूबर को रामलीला महोत्सव में भगवान श्रीराम के जन्म के साथ मुख्य कार्यक्रमों की शुरुआत होगी।
2 अक्टूबर – सीता जन्मोत्सव के अवसर पर जनकपुरीवासी बधाई लेकर जाएंगे और बधाई गीत गाए जाएंगे।
3 अक्टूबर – राजा जनक की ओर से आमंत्रण यात्रा निकाली जाएगी। इसका उद्देश्य जनकपुरी क्षेत्र की प्रत्येक कॉलोनी और अपार्टमेंट तक निमंत्रण पहुंचाना होगा। प्रयास रहेगा कि कोई भी क्षेत्र आमंत्रण से अछूता न रहे।
5 अक्टूबर – मेहंदी-संगीत कार्यक्रम का आयोजन जनकपुरी महोत्सव महिला समिति की ओर से किया जाएगा।
6 अक्टूबर – सीता मैया का डोला गौरा पूजन के लिए निकलेगा और पूरे जनकपुरी क्षेत्र का भ्रमण करेगा। डोला एवं आमंत्रण यात्रा का मार्ग एक ही रहेगा, जिससे पूरे क्षेत्र को आयोजन से जोड़ा जा सके।
7 अक्टूबर – सुबह राम बारात का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसी दिन दोपहर में भावना एस्टेट स्थित भावनेश्वर मंदिर में तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा। शाम को रामलीला के स्वरूप क्षेत्र भ्रमण के लिए निकलेंगे।
8 अक्टूबर – राजा जनक की ओर से दोपहर में दावत का आयोजन होगा। 8 और 9 अक्टूबर को भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम जारी रहेंगे।
9 अक्टूबर – स्वरूपों की विदाई की जाएगी।
आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां
बैठक में जनक परिवार की ओर से शोविक गोयल सहित आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव, मार्गदर्शक अशोक कुमार गुप्ता, नरेंद्र सिंह सेंगर, मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश गोयल ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, स्वागताध्यक्ष अरविंद शर्मा, क्षेत्रीय पार्षद वेदप्रकाश गोस्वामी, साहूकार उपाध्याय, सतीश ठाकुर, कपिल पोरवाल, राहुल पोरवाल, राजा चौहान, रजत प्रधान, भोले चौहान, हेमंत जादौन, एडवोकेट दीपक माहेश्वरी, नरेंद्र शर्मा, सुनील पाठक आदि उपस्थित रहे।
महिला मंडल की ओर से मुख्य संरक्षक आरती शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी शीतल अग्रवाल, अध्यक्ष अमृता पोरवाल, शुचि खंडेलवाल, वानी चौहान सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। संचालन दीपक जैन ने किया।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन