भारत विकास परिषद संकल्प : तीजोत्सव मेले में सजेगा भारतीय संस्कृति का रंग, नारी प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
Pragya News 24
Sun, Aug 9, 2026
आगरा। भारतीय संस्कृति की श्रेष्ठ परंपराओं, संस्कारों के संरक्षण एवं महिला स्वावलंबन के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से भारत विकास परिषद संकल्प, आगरा बृज प्रांत द्वारा हरियाली तीजोत्सव मेले का आयोजन 22 अगस्त को लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाले इस मेले में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और महिला प्रतिभाओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
आयोजन की औपचारिक घोषणा प्रताप नगर स्थित बुर्जी वाला मंदिर में की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम की जानकारी देने के साथ व्यंजन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने अपनी पाक-कला का प्रदर्शन किया।
महिलाओं को समर्पित होगा तीजोत्सव मेला
संरक्षक डॉ. तरुण शर्मा एवं कीर्ति शर्मा ने बताया कि तीजोत्सव मेला पूर्ण रूप से महिलाओं को समर्पित होगा। मेले में भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि भारत विकास परिषद के एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत महिलाओं की निशुल्क हीमोग्लोबिन जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाएगा। कुशल चिकित्सकों द्वारा महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया जाएगा।
लोकगीत और मल्हार से गूंजेगा तीजोत्सव
मेला प्रभारी रुक्मन अग्रवाल एवं मेला स्वागत अध्यक्ष रचना अग्रवाल ने बताया कि मेले में भारतीय संस्कृति की मूल परंपराओं को जीवंत करने के लिए लोकगीत एवं मल्हार गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का शुभारंभ शाम 4 बजे होगा। प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम में न्यूनतम 4 और अधिकतम 6 महिलाओं का होना अनिवार्य होगा। प्रतिभागी केवल मांगलिक अवसरों पर गाए जाने वाले ब्रज लोकगीत एवं मल्हार प्रस्तुत करेंगी। प्रस्तुतियों में ढोलक एवं मजीरे का प्रयोग किया जाएगा, जिससे मेले में ब्रज संस्कृति की पारंपरिक छटा देखने को मिलेगी।
मेहंदी से लेकर तीज प्रतियोगिता तक होंगे कई आकर्षण
मेला संयोजक वर्षा गर्ग एवं शकुन गर्ग ने बताया कि तीजोत्सव मेले में मेहंदी प्रतियोगिता, विविध वेशभूषा प्रतियोगिता, राखी थाल सज्जा प्रतियोगिता, आदर्श मां-बेटी प्रतियोगिता, सास-बहू प्रतियोगिता तथा संकल्प श्रीमती तीज प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण रहेंगी। विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को केवल पौराणिक पात्रों पर आधारित वेशभूषा धारण करनी होगी। इसमें रामायण, महाभारत, देवी-देवताओं, संतों एवं ऋषियों आदि के पात्रों को आधार बनाया जाएगा। वहीं संकल्प श्रीमती तीज प्रतियोगिता में केवल विवाहित महिलाएं ही भाग ले सकेंगी। इसमें प्रतिभागियों के लिए भारतीय परिधान में प्रस्तुति देना अनिवार्य होगा।
व्यंजन प्रतियोगिता में दिखी महिलाओं की पाक-कला
उद्घोषणा समारोह के अवसर पर आयोजित व्यंजन प्रतियोगिता में रेनू सिंह, दिव्या बंसल, निशि, मोनिका, नेहा जैन, रुना शर्मा एवं वत्सला ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागी महिलाओं ने विभिन्न पारंपरिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रस्तुति देकर अपनी पाक-कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर नीलम गोयल, किरण कपूर, रूबी मोदी, डॉ. अंशु अग्रवाल, अंबा प्रसाद गर्ग, शालू अग्रवाल, टीटू गोयल, आशीष अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, विजय जैन, संजय कपूर सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन