कुशवाहा-शाक्य-सैनी समाज : एक मंच पर आए कुशवाहा समाज के प्रबुद्धजन, सामाजिक उत्थान और नेतृत्व विकास पर हुआ मंथन
Pragya News 24
Sun, Nov 1, 2026
सूरसदन में प्रबुद्ध भारत महासंसद-2026 का भव्य आयोजन, कुशवाहा-शाक्य-सैनी समाज की एकता और नेतृत्व विकास पर हुआ राष्ट्रीय मंथन; चार पुस्तकों का विमोचन और समाजसेवियों का सम्मान
आगरा। समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। कुशवाहा, शाक्य और सैनी समाज को अपनी साझा विरासत और सांस्कृतिक पहचान के आधार पर एक मंच पर आकर शिक्षा, संगठन एवं सामाजिक समरसता को मजबूत करना होगा। आपसी सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही समाज का प्रत्येक वर्ग प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। यह विचार रविवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में 'नमस्ते आगरा स्वर्णिम भविष्य सम्मेलन' के अंतर्गत आयोजित 'प्रबुद्ध भारत महासंसद-2026' में वक्ताओं ने व्यक्त किए।
राष्ट्रीय महाविमर्श, समालोचन एवं भावी दिशा के संकल्प के साथ आयोजित महासंसद में समाज के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिक्षा, नेतृत्व, सामाजिक एकता और समाज के समग्र विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष स्वामी चंदन सिंह प्रेमी, मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा, विशिष्ट अतिथि विधायक भगवान सिंह कुशवाह, पूर्व अध्यक्ष सहकारी बैंक लिमिटेड गंगाधर कुशवाहा, अवर अभियंता भगवान दास मौर्य, जीएसटी कमिश्नर पंकज मौर्य, अभियोजन अधिकारी बृजमोहन कुशवाह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजकुमार कुशवाह, अशोक कुशवाह, प्रताप सिंह कुशवाह एवं राजकुमार कुशवाह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। राष्ट्रीय संयोजक राम सजीवन मौर्य ने समाज वंदना प्रस्तुत की, जबकि रूबी शाक्य ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराया।
महासंसद का संचालन करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव रत्न मौर्य ने विषय प्रवर्तन किया। उन्होंने कहा कि कुशवाहा, शाक्य और सैनी समाज एक साझा सामाजिक विरासत के अंग हैं। समय की मांग है कि समाज जातीय एवं क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट हो। संगठन और सामाजिक समरसता के बल पर शिक्षा, व्यापार, राजनीति, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में समाज की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।
कार्यक्रम अध्यक्ष स्वामी चंदन सिंह प्रेमी ने कहा कि समाज का उत्थान केवल नारों से नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, चरित्र निर्माण और सेवा के संकल्प से संभव है। महापुरुषों के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात कर नई पीढ़ी को सही दिशा देना हम सभी का दायित्व है।
मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि समाज की प्रगति में महिलाओं और युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बेटियों को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने होंगे। संगठित समाज ही अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य के बल पर नई पहचान स्थापित कर सकता है।
विशिष्ट अतिथि विधायक भगवान सिंह कुशवाह ने कहा कि सामाजिक एकता, शिक्षा और राजनीतिक जागरूकता विकास के प्रमुख आधार हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगानी चाहिए और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए आगे आना चाहिए।
प्रसिद्ध यूट्यूबर एवं मोटिवेटर बाबा अंशु मौर्य ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल माध्यम केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि ज्ञान, विचार और सकारात्मक बदलाव का प्रभावी मंच भी है। युवाओं को सोशल मीडिया का उपयोग अपनी प्रतिभा निखारने, समाज को जागरूक करने और जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए करना चाहिए।
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. हीरा लाल ने शिक्षा, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच को सामाजिक विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। युवाओं को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करना चाहिए तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करना चाहिए।
चार पुस्तकों का हुआ विमोचन
महासंसद के दौरान गया प्रसाद मौर्य रजत, सदस्य उच्च सदन एवं मौर्य बंधुत्व क्लब की चार पुस्तकों 'सजल काव्यधारा', 'निठल्ला चिंतन', 'लोकदंड लहरी' और 'कवि बोलेगा खरी-खरी' का अतिथियों ने विमोचन किया। इस अवसर पर साहित्य और सामाजिक चेतना के परस्पर संबंधों पर भी चर्चा हुई। कवि धनंजय कुशवाह, दीपशिखा, रवि कुशवाह एवं विक्रांत कुशवाह ने काव्य पाठ कर अपनी रचनाओं से श्रोताओं को प्रभावित किया।
सामाजिक योगदान देने वाली विभूतियां सम्मानित
समाज के उत्थान और विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को महासंसद में सम्मानित किया गया। बाबूजी दौलत राम कुशवाह, मुन्नालाल कुशवाह एवं मेघ सिंह कुशवाह को मरणोपरांत सम्मान प्रदान किया गया, जिसे उनके परिजनों ने ग्रहण किया।
इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्यों एवं सामाजिक योगदान के लिए खुशहाल सिंह कुशवाह, स्वामी पंडित चंदन सिंह प्रेमी, रामकृष्ण शाक्य, संतोष कुशवाह, जतिन कुशवाह, रीना सिंह कुशवाह, कुशवाह युवा मंच, श्री मोहन कुशवाह, सेठ ताराचंद कुशवाह, डॉ. एलआर मौर्य 'पल्लव', सुरेंद्र पाल सिंह, रूबी कुशवाहा, साइकिल गर्ल अर्पण सिंह (बिहार), छोटेलाल सिंह कुशवाह (बिहार), प्रदीप सिंह (बिहार), डॉ. दिनेश पटेल एवं सनी को सम्मानित किया गया।
महासंसद में उपस्थित वक्ताओं एवं प्रतिभागियों ने समाज में शिक्षा के विस्तार, युवाओं को नेतृत्व के अवसर देने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा सामाजिक समरसता और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। आयोजन ने समाज के स्वर्णिम भविष्य के निर्माण के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
Tags :
Agra News
Pragya News
Uttar Pradesh News
UP News
विज्ञापन
विज्ञापन
जरूरी खबरें
विज्ञापन